लखीमपुर खीरी घटना के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
By भाषा | Updated: October 4, 2021 16:03 IST2021-10-04T16:03:17+5:302021-10-04T16:03:17+5:30

लखीमपुर खीरी घटना के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
प्रयागराज, चार अक्टूबर लखीमपुर खीरी में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां सुभाष चौराहे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका।
पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई बर्बरता के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन कर रहे पार्टी के करीब 25 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पत्थर गिरिजाघर के पास स्थित धरना स्थल पर शांतिपूर्ण तरीके से लखीमपुर खीरी घटना के खिलाफ धरना दिया।
कांग्रेस राज्य कार्य समिति के सदस्य किशोर वार्ष्णेय ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसीएम-1 को सौंपा जिसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को तत्काल छोड़ने और केंद्रीय राज्यमंत्री अजय मिश्रा को मंत्रिपद से हटाए जाने की मांग की गई है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पत्थर गिरिजाघर के पास लखीमपुर खीरी की घटना का विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लखीमपुर खीरी दौरे से पहले किसानों के आंदोलन स्थल पर हिंसा भड़क गयी जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।