भाजपा विधायक ने महिला राजनीतिक कार्यकर्ता को दी जेल भेजने की धमकी, कर्नाटक कांग्रेस हुई हमलावर
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: September 3, 2022 16:00 IST2022-09-03T15:53:56+5:302022-09-03T16:00:46+5:30
कर्नाटक में भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली ने बेंगलुरु में कांग्रेस की एक महिला राजनीतिक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से जेल में बंद करवाने की धमकी दी है।

भाजपा विधायक ने महिला राजनीतिक कार्यकर्ता को दी जेल भेजने की धमकी, कर्नाटक कांग्रेस हुई हमलावर
बेंगलुरु:कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के विधायक और राज्य के वरिष्ठ नेता अरविंद लिंबावली ने बेंगलुरु में एक महिला राजनीतिक कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से जेल में बंद करवाने की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि विधायक लिंबावली द्वारा महिला के खिलाफ की गई अभ्रद और आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों में बेहद आक्रोश है और लोगों द्वारा इसकी कड़ी निंदा भी की जा रही है।
खबरों के मुताबिक विपक्षी दल कांग्रेस के लिए साथ जुड़ी हुए रूथ सागे मैरी ने शनिवार को बताया कि उन्होंने विधायक अरविंद लिंबावली से व्हाइटफील्ड में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा के दौरान मिलने की कोशिश की थी। मैरी का आरोप है कि विधायक लिंबावली ने मुलाकात के दौरान उनके अभद्रता की और उनके हाथों से बाढ़ प्रभावितों का राहत आवेदन छीनने का प्रयास किया। इतना ही रूथ सागे मैरी ने यह भी कहा कि विधायक अरविंद ने उन्हें बाकायदा फटकार लगाई और जेल में बंद करवाने की धमकी भी दी।
मैरी ने कहा, "विधायक लिंबावली वहां मौजूद पुलिस से बार-बार मुझे जेल भेजने को कह रहे थे। उन्होंने मुझे प्रताड़ित करते हुए कहा कि क्या आपके पास कोई सम्मान है? आप तो लोगों के जमीन पर कब्जा करती हैं। अब आप विधायक के सामने आ रही हैं। उन्होंने मौके पर मौजदू पुलिस से कहा कि वो मुझे जेल में बंद कर दें। इसके बाद पुलिसवाले मुझे खींचकर थाने ले गये और वहा बैठा दिया।"
कांग्रेस कार्यकर्ता मैरी ने कहा कि बीबीएमपी 1971 में बनी उनकी संपत्ति को ध्वस्त करने का प्रयास कर रही है, जिसे वो बचाने की कोशिश कर रही हैं। मौरी ने कहा, "उस मामले में चाहे जो भी समस्या हो, लेकिन एक विधायक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर किसी महिला के साथ ऐसा दुर्वयवहार करना कहीं से भी सही नहीं ठहराया जा सकता है।"
मैरी का आरोप है पुलिसवालों ने उन्हें रात में 10 बजे तक थाने में रखा गया और उस दौरान पुलिसवालों ने उन्हें न कोई कॉल करने की अनुमति दी और न ही किसी से संपर्क साधने की छूट दी। मैरी का आरोप है कि मुलाकात के दौरान विधायक लिंबावली ने उनका हाथ खींचा उन्हें मारने की कोशिश की।
कांग्रेसी कार्यकर्ता मैरी के आरोपों सफाई पेश करते हुए भाजपा विधायक लिंबावली ने कहा है कि जब रूथ सागे मैरी उनके पास आयी थीं तो उन्होंने उसने केवल अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। इस मामले में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक दिनेश गुंडू राव ने कहा कि भाजपा विधायक अरविंद का अपराध माफी के योग्य नहीं है। इस घटना के संदर्भ में राज्य महिला आयोग को संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
विधायक गुंडू राव ने कहा, "यह बेहद शर्मनाक है कि कोई विधायक किसी महिला से इस तरह बात करता हो। यह बहुत ही गलत और असभ्य व्यवहार है। विधायक अरविंद ने मैरी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी है कि वह उन्हें जेल में बंद करवा देंगे। आखिर किस अधिकार के तहत वो ऐसी बात कर रहे हैं, उनका व्यवहार प्रदर्शित कर रहा है कि कर्नाटक भाजपा के नेता कितने अहंकारी हैं।"
गुंडू राव के अलावा कांग्रेस के अन्य विधायक और कर्नाटक कांग्रेस के मीडिया प्रभारी प्रियांक खड़गे ने कहा, "विधायक अरविंद लिंबावली बेहद उपद्रवी हैं? उनके पास बाढ़ प्रभावितों का राहत आवेदन लेने और उनकी पीड़ा सुनने का धैर्य नहीं है।" (समाचार एजेंसी एआईएनएस के इनपुट के साथ)