Bihar RJD VS JDU: बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा बिहार में बेरोजगारी को लेकर लगातार नीतीश सरकार पर हमला बोले जाने के बाद सियासत गर्मा गई है। पक्ष और विपक्ष के बीच बयानों के तीर छोड़े जाने लगे हैं। इस बीच तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि कुछ लोग बोलते रहते हैं। उसे याद नहीं है कि उनके माता-पिता 15 साल तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहे। उन्होंने तेजस्वी यादव से पूछा कि क्या वह बता सकते हैं कि कितने लोगों को रोजगार मिला है? उन्हें बताना चाहिए कि उनके माता-पिता के शासनकाल में कितने युवाओं को नौकरियां मिलीं? ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 साल में नौकरियां और नौकरियां पैदा की हैं। आने वाले समय में 12 लाख और लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि जब भी तेजस्वी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिला, तब वह चुप रहे या प्रभावी ढंग से अपनी बात नहीं रख पाए। वहीं, ललन सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि तेजस्वी यादव हमेशा अपने विचार व्यक्त करने में सक्षम रहे हैं और उन्होंने कई बार महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखी है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने न केवल अपनी बात रखी है, बल्कि कई मामलों में सरकार को जवाबदेह ठहराने में भी सफल रहे हैं। एजाज अहमद ने कहा कि ललन सिंह गलत बोल रहे हैं। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गंभीरता से लेते थे। तेजस्वी यादव, मुख्यमंत्री से बात करते थे। मुख्यमंत्री, तेजस्वी के बातों को मानते भी थे।
बिहार में 5.50 लाख नौकरियां तेजस्वी यादव के कहने पर दी गई। तेजस्वी यादव ने तेजी से काम करवाया। बिहार में नौकरियों की शुरुआत की गई। तेजस्वी यादव जब-तक से कुर्सी पर रहें, तब-तक बिहार में नौकरियां खूब मिली। अब पूरा प्रोसेस धीरे हो गया है। उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव से पूछा कि जब वह उपमुख्यमंत्री थे तो कितनी नौकरियां पैदा हुईं?
बिहार में बेरोजगारों के लिए आपने क्या किया? अपने 15 साल के शासनकाल में तेजस्वी के परिवार ने बिहार को इस कदर लूटा कि पूरा उद्योग भाग गया। उस समय अपहरण और पलायन उद्योग था। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार सात निश्चय और रोजगार देने की बात कर रही है। उन्होंने तेजस्वी से कहा कि कृपया हमें अपने मंत्रित्व कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों के बारे में बताएं।