जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुश्किलें?, फर्जीवाड़ा कर रहे पीके, बिहार प्रदेश भाजपा का आरोप, साइबर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
By एस पी सिन्हा | Updated: June 18, 2025 15:24 IST2025-06-18T15:23:22+5:302025-06-18T15:24:34+5:30
भाजपा ने इसे नियमों के उल्लंघन और राजनीतिक अनुशासन के खिलाफ बताया है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में जारी सियासी हलचल के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। दरअसल, भाजपा ने प्रशांत किशोर के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में आवेदन दे कर प्राथमिकी दर्ज कराया है। भाजपा का आरोप है कि प्रशांत किशोर ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा का एक फर्जी फेसबुक पेज बनाया है, जिसका उपयोग वे अपने प्रचार-प्रसार के लिए कर रहे हैं। भाजपा ने इसे नियमों के उल्लंघन और राजनीतिक अनुशासन के खिलाफ बताया है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साइबर सेल ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, फर्जी अकाउंट्स की जांच में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से डाटा मांगा गया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल का दावा है कि प्रशांत किशोर के इशारे पर बिहार भाजपा की फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और प्रचार किया जा रहा है।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर घटिया राजनीति पर उतर आए हैं। वे बिहार भाजपा की छवि खराब करने के लिए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसी साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जायसवाल ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए साइबर सेल से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने साइबर थाने में शिकायत दे दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशांत किशोर या उनके समर्थक इस फर्जी पेज को तुरंत बंद नहीं करते हैं, तो भाजपा कानून के तहत सख्त कदम उठाएगी। जायसवाल ने बताया कि यह मामला केवल एक पेज तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग एक दर्जन से अधिक फर्जी पेज बनाए गए हैं।
जिनका इस्तेमाल भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने और पार्टी विरोधी बयान फैलाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इस तरह के फर्जीवाड़े को नैतिक और राजनीतिक तौर पर अस्वीकार्य करार देते हुए कहा कि यह न केवल चुनाव प्रक्रिया की शुद्धता के लिए खतरा है, बल्कि लोकतंत्र की भावना के भी खिलाफ है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पूरी तरह से तैयार है और आवश्यकतानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रशांत किशोर की रैली जबसे गांधी मैदान में फेल हुई तो उन्होंने और उनके लोगों ने एक नया हथकंडा अपनाया है।
उन्होंने कैमरे के सामने उस फेक फेसबुक पेज को दिखाते हुए कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करके नए प्रोपेगेंडा फैलाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनका (पीके) का पेज फेल हो गया जो भाजपा बिहार के पेज पर अपना प्रचार करने की जरुरत पड़ रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जहां ईमानदारी की बात राजनीति में कहते हैं वहां शुरू ही ये लोग फर्जीवाड़े से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का पेज केवल प्रदेश अध्यक्ष या पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ही आदेश पर बनाया जा सकता है। हालांकि प्रशांत किशोर की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषक इस घटना को आगामी चुनावी समीकरणों में भाजपा और प्रशांत किशोर के बीच बढ़ती टकराहट के रूप में देख रहे हैं। चुनावों के मद्देनजर दोनों पक्षों की रणनीतियों और उनके बीच विवादों पर नजर बनी हुई है।