क्या नीतीश कुमार बनेंगे उपराष्ट्रपति? बिहार में अटकलों का बाजार हुआ गर्म, भाजपा ने की बड़ी मांग

By एस पी सिन्हा | Updated: July 22, 2025 14:52 IST2025-07-22T14:51:31+5:302025-07-22T14:52:41+5:30

बिहार में विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को दावा किया कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा भाजपा द्वारा रची गई एक साजिश है, जिसका उद्देश्य विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘हटाना’ है।

bihar polls chunav Vice President Jagdeep Dhankhar Nitish Kumar become Vice President Speculations rife BJP big demand | क्या नीतीश कुमार बनेंगे उपराष्ट्रपति? बिहार में अटकलों का बाजार हुआ गर्म, भाजपा ने की बड़ी मांग

file photo

Highlightsनीतीश कुमार के करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।नीतीश को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए ‘राजग का चेहरा’ घोषित किया गया है।भाजपा नीतीश कुमार से छुटकारा पाकर अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है। 

पटनाः उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद बिहार में भी सियासत गर्मा गई है। यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जगह लेने जा रहे हैं? दरअसल, इस प्रकरण को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव के ट्वीट ने बिहार की सियासत में सरगर्मी बढ़ा दी है। तेजस्वी यादव के ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उपराष्ट्रपति बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। इसबीच भाजपा की ओर से भी नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाने की उठाई गई है। बिहार में भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाने की मांग की है।

बचौल ने कहा कि अगर नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है तो इससे अच्छी बात क्या हो सकती है। यह बिहार के लिए गौरव की बात होगी। हालांकि, इस मामले में जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि कौन होगा उपराष्ट्रपति यह तय करना एनडीए की बैठक में तय होगा। वैसे हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की काबिलियत पर कोई सवाल नही उठा सकता।

केन्द्र में मंत्री पद से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री पद तक उनकी काबिलियत पर किसी ने सवाल नही उठाया है। लेकिन यह बैठक में तय होना है कि किसे उपराष्ट्रपति बनाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर ऐसा नहीं लगता है कि भाजपा आलाकमान किसी सहयोगी दल के नेता को यह कुर्सी सौंप सकता है। 2014 के बाद से अभी तक भाजपा ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद पर कोई समझौता नहीं किया है।

उधर, तेजस्वी यादव के नाम से सोशल मीडिया में जो पोस्ट वायरल हो रहा है उसमें लिखा है कि क्या उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और चुनाव आयोग द्वारा बिहार में चल रही एसआईआर प्रक्रिया से बहस को टालने का प्रयास है? क्या भाजपा अगले उपराष्ट्रपति के रूप में नीतीश कुमार को आगे करने जा रही है?

हालांकि, यह अकाउंट तेजस्वी यादव के ऑफिशियल अकाउंट पर ऐसा कोई ट्वीट नहीं है, लेकिन उन्हीं के नाम से एक पैरोडी अकाउंट है जो तेजस्वी यादव के नाम से शेयर हो रहा है। इसी पोस्ट ने न केवल नीतीश कुमार के उपराष्ट्रपति बनने की अटकलों को हवा दी, बल्कि बिहार की राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी।

इसी बीच बिहार से उपराष्ट्रपति पद की दौड़ में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। वैसे भी उपराष्ट्रपति पद खाली होने के बाद नियमानुसार हरिवंश बाबू ने कार्यवाहक सभापति की जिम्मेदारी संभाल ली है। जब तक नया उपराष्ट्रपति नहीं चुना जाता, तब तक वे इस जिम्मेदारी को निभाएंगे।

चर्चा है कि हरिवंश नारायण सिंह उपराष्ट्रपति पद के लिए एक मजबूत चेहरा हो सकते हैं। उनके लंबे संसदीय अनुभव, नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी दोनों से मधुर संबंध और जदयू की पृष्ठभूमि को देखते हुए कई लोग मान रहे हैं कि एनडीए उन्हें उम्मीदवार बना सकता है। इसके साथ ही जदयू से रामनाथ ठाकुर के नाम की चर्चा खूब हो रही है।

रामनाथ ठाकुर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं और फिलहाल केंद्र सरकार में कृषि राज्य मंत्री हैं। वे अति पिछड़ा तबके से आते हैं और अपने पिता कर्पूरी ठाकुर की तरह वे अति पिछड़ी जातियों में अपनी पैठ बनाए हुए हैं। रामनाथ ठाकुर, बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रहे और लालू प्रसाद की सरकार में चीनी उद्योग मंत्री रह चुके हैं। नवंबर 2005 से नवंबर 2010 तक वे नीतीश कुमार की कैबिनेट में राजस्व एवं भूमि सुधार, कानून और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री रहे हैं।

समय के साथ वे नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद नेताओं में से एक बनकर उभरे हैं। जानकारों की मानें तो बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा बिहार से किसी को उपराष्ट्रपति पद सौंप सकती है। भाजपा अगर नीतीश कुमार पर दाव चलती है तो पिछड़ा और अति पिछड़ा वोट पूरी तरह एनडीए की ओर गोलबंद हो जा सकता है।

Web Title: bihar polls chunav Vice President Jagdeep Dhankhar Nitish Kumar become Vice President Speculations rife BJP big demand

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे