Bihar Lok Sabha Election Result 2024: लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती की जीत और दूसरी पुत्री रोहिणी आचार्य की हार, जानें किसने दी मात
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 5, 2024 14:22 IST2024-06-05T13:46:33+5:302024-06-05T14:22:18+5:30
Bihar Lok Sabha Election Result 2024: मीसा भारती को 6,13,283 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव को 5,28,109 प्राप्त हुए।

file photo
Bihar Lok Sabha Election Result 2024: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार और पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राम कृपाल यादव को 85 हजार से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। वहीं लालू की दूसरी पुत्री रोहिणी आचार्य को सारण लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के राजीव प्रताप रूडी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। मीसा भारती को 6,13,283 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव को 5,28,109 प्राप्त हुए।
आरा लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता उम्मीदवार आर के सिंह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के प्रत्याशी सुदामा प्रसाद से 59,808 से अधिक वोटों से हार गए। आरा लोकसभा सीट के साथ हुए अगिआंव विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के उम्मीदवार शिव प्रकाश रंजन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रभुनाथ प्रसाद को 29,835 से अधिक मतों के अंतर हराया।
हत्या के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के विधायक मनोज मंजिल को अयोग्य ठहराए जाने के कारण यह उपचुनाव जरूरी हो गया था। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के राजा राम सिंह ने भोजपुरी अभिनेता और निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह को 1,05,858 से अधिक मतों के अंतर से हराकर काराकाट लोकसभा सीट पर जीत हासिल की।