पटनाः बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए महागठबंधन की तरफ से राजद के वरिष्ठ नेता अवध बिहार चौधरी ने आज विधानसभा सचिव के पास जाकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के सभी दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अपना नामांकन दाखिल करने के बाद अवध बिहारी चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कक्ष में पहुंचे और उनसे मुलाकात की। विधानसभा के अध्यक्ष का चुनाव 26 अगस्त को होगा। उसके बाद वे सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे। अवध बिहारी चौधरी राजद के सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। उनके पास लंबा विधायक अनुभव है।
लालू यादव और उनके परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले अवध बिहारी चौधरी सीवान जिले से आते हैं। अवध बिहारी चौधरी 6 बार विधायक चुने जा चुके हैं। 76 साल के अवध बिहारी चौधरी कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। लालू यादव ने उन्हें अपनी पार्टी का संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बना रखा था और अब उनके ऊपर यह बड़ी जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नई महागठबंधन सरकार ने बुधवार को सदन में बहुमत साबित किया। इससे पहले विजय सिन्हा ने विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। विजय सिन्हा पूर्ववर्ती एनडीए सरकार में विधानसभा अध्यक्ष बने थे।
नई सरकार के गठन के बाद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। हालांकि बुधवार को सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले ही विजय सिन्हा ने विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफे की घोषणा कर ।दी। भाजपा ने सिन्हा को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बना दिया है।