पटना:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम के सरंक्षक जीतनराम मांझी ने सामूहिक दुष्कर्म जैसी घटनाओं को लेकर बेहद ही शर्मनाक बयान दे दिया है। उन्होंने सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को छोटी-मोटी घटना करार दिया है।
पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने क्या कहा
दरअसल, उनसे वैशाली जिले में हाल में ही हुए एक युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर पत्रकारों ने प्रतिक्रिया मांगी तो पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार 12 करोड की जनसंख्या वाला प्रदेश है, ऐसी छोटी मोटी घटनाएं होती रहती हैं। जहां ज्यादा बर्तन रहेगा वहां आवाज करेगा ही। जीतन राम मांझी ने कहा यह कोई बडी घटना नहीं है।
पूर्व सीएम मांझी ने किया नीतीश कुमार की सरकार का बचाव
यही नही सामूहिक दुष्कर्म की घटना को सामान्य बताने में लगे जीतन राम मांझीनीतीश कुमार की सरकार का बचाव करने से भी नही चुके। उन्होंने कहा महत्वपूर्ण यह है कि इन घटनाओं पर सरकार और कानून क्या कार्रवाई कर रही है? दोषियों पर कार्रवाई हुई या नहीं?
किस घटना पर पूर्व सीएम जीतनराम मांझी ने दिया है बयान
दरअसल, रविवार को हुए 13 साल की नाबालिग युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को चार दिन से ज्यादा का वक्त गुजर चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बावजूद इसके राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अपनी सरकार और पुलिस की तारीफ में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को सामान्य बता रहे हैं।