नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भाजपा के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी में शामिल हो गए। अनिल एंटनी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अब 'दो तीन व्यक्ति के हितों को प्राथमिकता देना' शुरू कर दिया है। अनिल एंटनी के भाजपा में शामिल होने के बाद, उनके पिता और कांग्रेस के दिग्गज एके एंटनी ने कहा कि उनके बेटे ने गलत कदम उठाया है और इस फैसले से उन्हें पीड़ा हुई है।
पिता की अपनी विचारधारा है, उनके लिए सम्मान और प्यार हैः अनिल एंटनी
भाजपा में शामिल होने के बाद पिता की नाराजगी पर अनिल एंटनी ने कहा कि मेरे पिता जी 65 सालों से कांग्रेस में काम कर रहे हैं। उनकी अपनी विचारधारा है। उनके लिए सम्मान और प्यार है। लेकिन आज की कांग्रेस पार्टी वो पुरानी कांग्रेस नहीं है जिसे बचपन में देखा था। यह वह पार्टी भी नहीं है जो पांच साल पहले अस्तित्व में थी। अब कांग्रेस ने सभी सरोकार को खो दिया है। अनिल एंटनी ने कहा कि पार्टी ने अब दो-तीन व्यक्तियों के हितों को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस पार्टी अब वह कांग्रेस नहीं है जिसे मैं बड़े होने पर जानता था।
अनिल एंटनी ने कहा कि यह मेरे जीवन का एक बहुत ही निर्णायक फैसला रहा है
एएनआई से बात करते हुए, अनिल एंटनी ने कहा कि यह मेरे जीवन का एक बहुत ही निर्णायक फैसला रहा है। कुछ महीने पहले, मैंने कांग्रेस छोड़ दी क्योंकि एक वृत्तचित्र (बीबीसी) के बारे में मतभेद था, जो मुझे लगता है कि हमारे संप्रभुता और अखंडता पर हमला था।
एके एंटनी ने अपने बेटे के फैसले को ‘‘गलत’’ करार दिया
एके एंटनी ने गुरुवार को अपने बेटे अनिल के भाजपा में शामिल होने के फैसले पर दुख जताते हुए कहा कि वह (एके एंटनी) आखिरी सांस तक कांग्रेस का कार्यकर्ता बने रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर देश को आपदा की ओर ले जाने का आरोप लगाया। केरल के मुख्यमंत्री रह चुके एंटनी ने विरोधी दल (भाजपा) में बेटे के शामिल होने के बाद ‘नेहरू परिवार’ के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा की घोषणा की।
अनिल दिल्ली में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वी मुरलीधरन की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इसके कुछ घंटे बाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एंटनी ने अपने बेटे के फैसले को ‘‘गलत’’ करार दिया। एंटनी ने यहां केरल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मैं भाजपा में शामिल होने के अनिल के फैसले से बेहद दुखी हूं। यह एक गलत फैसला है। मैं अब 82 साल का हो गया हूं । मैं अपने जीवन के अंतिम चरण में हूं । मुझे नहीं पता कि मैं कब तक जीवित रहूंगा और लंबे जीवन की कामना मुझे नहीं है। मैं जब तक जीवित रहूंगा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का कार्यकर्ता बन कर जीऊंगा ।’’
संघ की विनाशकारी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज हमेशा बुलंद करते रहेंगेः एके एंटनी
पूर्व रक्षा मंत्री एंटनी ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विनाशकारी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज हमेशा बुलंद करते रहेंगे। ‘नेहरू-गांधी परिवार’ के खिलाफ अनिल की ओर से लगाये गये आरोपों का जवाब देते हुये एंटनी ने कहा कि उनकी निष्ठा हमेशा नेहरू परिवार के प्रति बनी रहेगी, जो आज भी ‘‘भारत के मूल आदर्शों की सुरक्षा के लिए बिना डरे संघर्ष’’में सबसे आगे है।’’
अनिल एंटनी ने भाजपा में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। अनिल एंटनी ने ट्विटर पर कहा, "धन्यवाद! जीवन में एक नई यात्रा शुरू करने के लिए उत्साहित हूं। नरेंद्र मोदी जी, अमित शाह जी, जेपी नड्डा जी, बीएल संतोष जी और भाजपा नेतृत्व को मुझे पार्टी में शामिल होने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।" 2047 तक भारत को एक विकसित देश में बदलने के लिए पीएम के विजन में योगदान दें। पीयूष गोयल जी, वी मुरलीधरन जी और के सुरेंद्रन जी को आज शाम पार्टी में मेरा स्वागत करने के लिए धन्यवाद।"