नई दिल्ली: त्योहारों के बीच अमूल ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर के दर पर इजाफा किया है। ऐसे में अमूल के फुल क्रीम दूध और भैंस के दूध पर अब आपको 2 रूपए ज्यादा देकर खरीदना होगा।
आपको बता दें कि इन बढ़ी हुई कीमतों को गुजरात को छोड़कर देश के सभी राज्यों में लागू किया जाएगा। इसकी जानकारी अमूल के एमडी ने दी है।
क्या कहा अमूल के एमडी ने
इस पर बोलते हुए गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड के एमडी आरएस सोढ़ी ने कहा कि अमूल के फुल क्रीम और भैंस के दूध पर 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ाया गया है। ऐसे में जहां फुल क्रीम दूध की कीमत 61 रुपये प्रति लीटर मिलता था, इसके लिए अब आपको 63 रुपए प्रति लीटर देना होगा।
नई कीमत आज से है लागू
आपको बता दें कि अमूल द्वारा फुल क्रीम दूध और भैंस के दूध की बढ़ाई कीमत आज से ही पूरे देश में लागू है। यह पहली बार नहीं है कि अमूल ने दूध की कीमत को बढ़ाया है, हाल में ही कंपनी द्वारा इसके दाम बढ़ाए गए थे।
पंजाब में वेरका ने भी बढ़ाए दाम
ऐसा अकसर देखा गया है कि जब कभी भी अमूल अपने दूध के दाम को बढ़ाया है, दूध व्यापार से जुड़े देश की बाकी कंपनियों ने भी अपने दाम बढ़ाए है। अमूल द्वारा दूध के दाम बढ़ाने की खबर सामने आने के बाद पंजाब के वेरका ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए है।
अमूल की तरह वेरका ने भी प्रति लीटर 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। ऐसे में वेरका का यह नया रेट 16 अक्टूबर से लागू होगा। वेरका के आधे लीटर वाले दूध के लिए अब आपको एक रुपया ज्यादा देना होगा। इस तरीके से बाकी दूध के पैकेट को भी आपको बढ़े हुए दाम में लेना होगा।