देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 28 सितंबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 60 लाख से ज्यादा हो गए हैं। भारत में अब तक 95 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। राहत की बात ये है कि 50 लाख लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 60,74,703 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 9,62,640 है। दूसरी ओर 5,01,6521 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 95,542 हो गई है। ये आंकड़े सोमवार (28 सितंबर) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो राजस्थान में आज से पंचायत चुनाव की शुरुआत हुई है। आज पहले चरण का मतदान है। दूसरा चरण तीन अक्टूबर को, तीसरा छह अक्टूबर को और चौथा चरण का मतदान 10 अक्टूबर को होगा। पहले चरण में सरपंच पद के लिए 5388 और पंच पदों के लिए 11890 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।
वहीं, कृषि विधेयकों पर विवाद जारी है। बीजेपी आज कृषि बिलों के समर्थन में चंडीगढ़ में एक बड़ी ट्रैक्ट्रर रैली करेगी। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस किसान विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेश में मार्च निकालेगी। इस बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को तीन कृषि विधेयकों को मंजूरी दे दी।
खेलों की बात करें तो आज आईपीएल 2020 के 10वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का इस सीजन में ये तीसरा मैच है। उसे एक में जीत और एक मैच में हार का अब तक सामना करना पड़ा है। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए भी ऐसी ही स्थिति है। उसका भी ये तीसरा मैच है।
28 Sep, 20 09:31 PM
वरिष्ठ नौकरशाह पी डी वाघेला को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई है। वाघेला गुजरात कैडर के 1986 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। फिलहाल वह फार्मास्युटिकल्स विभाग में सचिव हैं। आदेश में कहा गया है कि वाघेला की नियुक्ति तीन साल या 65 वर्ष की आयु तक के लिए की गई है। वाघेला बुधवार को सेवानिवृत्त होने वाले थे। वह आर एस शर्मा का स्थान लेंगे। शर्मा का ट्राई में कार्यकाल बुधवार को पूरा हो रहा है। शर्मा को 2015 में तीन साल के लिए ट्राई का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। अगस्त, 2018 में उनका कार्यकाल 30 सितंबर, 2020 तक बढ़ाया गया था।
28 Sep, 20 08:56 PM
वाराणसी के जैतपुरा थाना अंतर्गत चौकाघाट में 28 अगस्त को हुए दोहरे हत्याकांड में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । जैतपुरा थाना प्रभारी शशिभूषण राय ने बताया कि पिछले महीने असलहा तस्कर प्रिंस और एक ट्रॉली चालक की हत्या हुई थी। उन्होंने बताया कि इसी मामले में पुलिस और अपराधा शाखा को सूचना मिली कि चौकाघाट दोहरे हत्याकाण्ड का आरोपी एवं 25 हजार का इनामी बदमाश रवि प्रताप सिंह, अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 में एक मकान में मौजूद है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मकान को चारों तरफ से घेर कर प्रदेश के आजमगढ़ के रहने वाले प्रताप सिंह को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने बताया कि उसके साथ दो और लोगों की गिरफ्तार किया गया है ।
28 Sep, 20 08:24 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अपने मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की और विभिन्न ‘‘महत्वपूर्ण और प्रमुख’’ मुद्दों पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शाह एम्स अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पहली बार किसी बैठक की अध्यक्षता करने के लिए नॉर्थ ब्लॉक स्थित अपने कार्यालय आए। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें कई ‘‘महत्वपूर्ण और प्रमुख मुद्दों" पर चर्चा की गयी। हालांकि, यह अभी ज्ञात नहीं हो सका है कि बैठक में किन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गयी। बैठक में गृह सचिव अजय भल्ला और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
28 Sep, 20 07:44 PM
महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ गायिका उषा मंगेशकर को वर्ष 2020-21 का लता मंगेशकर पुरस्कार देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि सोमवार को ही उषा की बड़ी बहन लता मंगेशकर का जन्मदिन है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार उषा मंगेशकर का चयन राज्य के संस्कृति मंत्री अमित देशमुख की अध्यक्षता वाली समिति ने सर्वसम्मति से किया। विज्ञप्ति के अनुसार इस पुरस्कार में पांच लाख रुपये नकद और एक प्रशस्ति पत्र दिए जाते हैं। विज्ञप्ति के अनुसार 1992 से राज्य सरकार यह पुरस्कार प्रदान कर रही है और अब तक यह सम्मान लता मंगेशकर की बहन आशा भोसले, सुमन कल्याणपुर, संगीतकार राम-लक्ष्मण, उत्तम सिंह और उषा खन्ना को दिया गया है।
28 Sep, 20 07:16 PM
मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सोमवार को यहां टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। मुंबई ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। सौरभ तिवारी पूरी तरह से फिट नहीं है और उनकी जगह इशान किशन को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। बेंगलोर ने टीम में तीन परिवर्तन किये हैं। उसने जोश फिलिप, डेल स्टेन और उमेश यादव की जगह एडम जंपा, इसुरू उडाना और गुरकीरत सिंह मान को टीम में रखा है।
28 Sep, 20 05:42 PM
तालिबान के साथ बातचीत कर रहे अफगानिस्तान के शीर्ष वार्ताकार पाकिस्तान की तीन दिन की यात्रा पर सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचे। इस दौरान वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और अन्य सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारियों ने ‘राष्ट्रीय मेल-मिलाप के लिए अफगान महापरिषद’ के प्रमुख अब्दुल्ला अब्दुल्ला का इस्लामाबाद में स्वागत किया। अब्दुल्ला पाकिस्तानी प्रधानमंत्री से मुलाकात करने के अलावा राष्ट्रपति आरिफ अल्वी, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और अन्य अधिकारियों से भी मिलेंगे। महापरिषद तालिबान के साथ ऐतिहासिक शांति वार्ता में अफगान सरकार का प्रतिनिधित्व करता है। दोनों पक्षों के बीच यह वार्ता 12 सितंबर को कतर में शुरू हुई।
28 Sep, 20 04:46 PM
प्रसिद्ध आलोचक एवं लेखक डॉ. जी एस अमूर का सोमवार को यहां आयु संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया। वह 95 साल के थे। उनके पारवारिक सूत्रों ने बताया कि अमूर ने आज अपने आवास में अंतिम सांस ली। अमूर को कन्नड़ और अंग्रेजी साहित्य में दक्षता के लिए जाना जाता है। उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, राज्योत्सव पुरस्कार और भारतीय भाषा पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा, ‘‘अमूर ने ‘द कांसेप्ट ऑफ कॉमेडी: ए री-स्टेटमेंट’ पर अपनी थीसिस के लिए डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमूर अंग्रेजी और कन्नड़ में समान रूप से दक्ष थे। वह आधुनिक कन्नड़ साहित्य से जुड़े अग्रणी आलोचक थे।’’
28 Sep, 20 04:44 PM
झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता जगरनाथ महतो आज कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद यहां इलाज के लिए राजेन्द्र आयुर्विग्यान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हुए हैं। मंत्री ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी । मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘प्रिय साथियों, कोरोना जाँच की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है और इसके इलाज के लिये मैं रिम्स में भर्ती हुआ हूँ।’’ महतो ने आगे लिखा है, ‘‘पिछले दिनों जो भी साथी एवं परिचित मेरे संपर्क में आए थे, उनसे अपील है कि वे सब अपना कोरोना जाँच अवश्य करवा लें।’’ इससे पहले आज ही सुबह अपने पहले ट्वीट में जगरनाथ महतो ने कहा था, ‘‘प्रिय साथियों, विगत कुछ दिनों की व्यस्तता के कारण,थोड़ा अस्वस्थ हूँ। उपचार के लिये रिम्स जा रहा हूँ। इसके वजह से आज के सभी कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को हुई असुविधा के लिए खेद है।’’
28 Sep, 20 04:14 PM
घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के रुख के बावजूद डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को अस्थाायी तौर पर 18 पैसे टूटकर बंद हुआ। कारोबार की समाप्ति पर यह 73.79 रुपये प्रति डॉलर पर रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत में डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे टूटकर 73.64 पर खुला। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंत में यह 18 पैसे टूटकर 73.79 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 73.61 पर रहा था। कारोबार के दौरान रुपये ने 73.53 के उच्चतम और 73.86 के निम्नतम स्तर को छुआ। मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक निवेशकों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जोय बिडेन के बीच मंगलवार को होने वाली पहली चुनावी बहस से मिलेने वाले संकेतों का बाजार को इंतजार है।
28 Sep, 20 03:49 PM
पश्चिम बंगाल के समुद्र तट से रवाना हुए एक मालवाहक पोत पर रखे एक कंटेनर में सोमवार को आग के बाद सुलगने की जानकारी मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पोत पश्चिम बंगाल तट पर सैंडहेड्स पर लंगर डाले हुए था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक मालवाहक पोत पर चालक दल के 15 सदस्य सवार हैं। कोलकाता बंदरगाह अध्यक्ष विनीत कुमार ने कहा, “एक्सप्रेस गोदावरी पोत पर एक कंटेनर के सुलगने की जानकारी मिली है।” अधिकारियों ने कहा कि तटरक्षकों को तुरंत सहायता के लिए भेज दिया गया है। बंगाल की खाड़ी में स्थित सैंडहेड्स हल्दिया बंदरगाह से 130 किलोमीटर दूर है। बंदरगाह में प्रवेश की इजाजत मिलने से पहले खुले समुद्र के इस हिस्से में सामान्य तौर पर पोत लंगर डालते हैं।
28 Sep, 20 03:46 PM
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि उसने इस सप्ताह होने वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक को टालने का फैसला किया है और नई तारीखों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। केंद्रीय बैंक ने हालांकि बैठक को टालने का कोई कारण नहीं बताया। आरबीआई की द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा मंगलवार से शुरू होनी थी, जो तीन दिनों तक चलती। इस दौरान मुख्य रूप से ब्याज दरों पर फैसला किया जाना था। आरबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘29 सितंबर, 30 और एक अक्टूबर, 2020 के दौरान एमपीसी की बैठक होनी थी... उसे अब टाला जा रहा है। एमपीसी की बैठक की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।’’ आरबीआई समिति में नए बाहरी सदस्यों पर सरकार के फैसले का इंतजार कर रहा है। आरबीआई अधिनियम के अनुसार एमपीसी के बाहरी सदस्यों का कार्यकाल चार वर्ष का होता है।
28 Sep, 20 03:02 PM
महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि यदि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ‘‘मुंबई पुलिस का अपमान करने वाले’’ बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे को टिकट देती है तो यह बहुत तकलीफदेह होगा, खासकर तब जबकि राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने ट्विटर पर लिखा कि फडणवीस यदि पांडे की उम्मीदवारी का विरोध नहीं करेंगे तो महाराष्ट्र की जनता उनसे कई सवाल पूछेगी। बिहार में तीन चरणों, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवबंर को, मतदान होगा। बिहार चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी फड़नवीस हैं। बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन में भाजपा और जदयू सहयोगी हैं। गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच को लेकर महाराष्ट्र तथा बिहार के बीच चली रस्साकशी के दौरान पांडे सुर्खियों में आए थे।
28 Sep, 20 02:56 PM
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने साइप्रेस मनी इंवेस्टमेंट एडवाइजर के ग्राहकों से धन वापसी (रिफंड) के दावे आंमंत्रित करने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू कर दी। साइप्रेस मनी ने गैर-पंजीकृत निवेश परामर्श इकाई के जरिए शुल्क और शोध विश्लेषक सेवाओं से धन जुटाए हैं। बाजार नियामक सेबी ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा कि लोग रिफंड के अपने दावे 30 नवंबर तक जमा करा सकते हैं। सेबी के मुताबिक साइप्रेस मनी और उसके सहयोगी अनुभव कांडपाल, सौम्या काला और सुमन काला अक्टूबर 2015 से जून 2017 के बीच लोगों को निवेश परामर्श सेवाएं उपलब्ध करा रहे थे। साथ ही शोध विश्लेषक सेवाओं के तौर पर शेयरों में निवेश करने के सुझाव भी दे रहे थे। इस तरह की सेवाओं के लिए शुल्क रूप में इन्होंने 90 शहरों से 14.7 लाख रुपये जुटाए। ये सभी सेबी के साथ पंजीकरण कराए बिना निवेश परामर्शक और शोध विश्लेषक की सेवाएं उपलब्ध करा रहे थे।
28 Sep, 20 02:54 PM
अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 135 नए मामले सामने आए हैं जिनमें सुरक्षाबलों के 26 जवान शामिल हैं। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 9,004 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि राज्य में रविवार को विभिन्न अस्पतालों से 98 मरीजों को छुट्टी मिली जिसके बाद स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 6,495 हो गई। उन्होंने बताया कि 135 नए संक्रमितों में सुरक्षाबलों के 26 जवान भी शामिल हैं। इनमें 18 जवान राज्य पुलिस बल के जबकि आठ जवान इंडो तिब्बत पुलिस (आईटीबीपी) के हैं। उन्होंने बताया कि सीमा सड़क संगठन के दो कर्मचारी भी कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। निगरानी अधिकारी एल जाम्पा ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 72.13 फीसदी है। फिलहाल राज्य में 2,495 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि अब तक कुल 14 मरीज इस महामारी के कारण दम तोड़ चुके हैं।
28 Sep, 20 02:54 PM
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रहने वाली एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले होटल के कर्मचारी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस उपायुक्त, जोन तृतीय, विशाल पांडे ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रहने वाली 15 वर्षीय लड़की के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले साद ने 2 दिन पूर्व दुष्कर्म का प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक नामी होटल में काम करता है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
28 Sep, 20 02:53 PM
तेलंगाना में कोविड-19 के 1,378 नए मामले आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 1, 87,211 हो गए। वहीं सात और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,107 हो गई। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) क्षेत्र में सर्वाधिक 254, रंगारेड्डी में 110, करीमनगर में 78 और मेडचाल-मल्काजगिरि में 73 मामले सामने आए। उन्होंने बताया कि राज्य में अभी 29,673 मरीजों का इलाज जारी है और 1,56,431 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में संक्रमण से मृत्यु दर 0.59 प्रतिशत और मरीजों के ठीक होने की दर 83.55 प्रतिशत है।
28 Sep, 20 02:37 PM
कर्नाटक के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच के पाटिल ने सोमवार को खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने सोमवार सुबह ट्वीट किया, “ मैं कोविड-19 से संक्रमित पाया गया हूं। मुझमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन मैंने 10 दिनों के लिए खुद को पृथक कर लिया है।” जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होने की आशा करते हुए पाटिल ने अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से एहतियात बरतने और जांच कराने का अनुरोध किया है। पाटिल कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले तीसरे विधायक हैं जो हाल ही समाप्त हुए कर्नाटक विधानसभा के सत्र में शामिल हुए थे।
28 Sep, 20 02:27 PM
एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रविवार की रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो अन्य सड़क हादसों में दो और लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस आयुक्त के प्रवक्ता पंकज कुमार ने बताया कि थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रविवार की देर रात को एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी से तथा लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक अज्ञात व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे इस घटना में उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में वैभव यादव नामक युवक की मौत हो गयी । कुमार ने बताया कि एक अन्य सड़क हादसे में गंगा सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गयी। सिंह मूल रूप से जनपद बुलंदशहर के रहने वाले थे। उन्हें उपचार के लिए सेक्टर 71 स्थित नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने बताया कि थाना फेज -3 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
28 Sep, 20 02:27 PM
अलपन बंदोपाध्याय पश्चिम बंगाल के नए मुख्य सचिव होंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि बंदोपाध्याय अभी राज्य के गृह सचिव हैं। वह एक अक्टूबर से नया पदभार संभालेंगे। वह राजीव सिन्हा की जगह लेंगे, जो 30 सितम्बर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बंदोपाध्याय पश्चिम बंगाल कैडर के 1987-बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वित्त सचिव एच. के. द्विवेदी अब गृह सचिव का कार्यभार संभालेंगे। मनोज पंत नए वित्त सचिव होंगे। वह अभी भूमि एवं भूमि सुधार तथा शरणार्थी राहत और पुनर्वास विभाग के प्रमुख सचिव हैं। बनर्जी ने कहा कि सिन्हा को पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें तीन साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है। बनर्जी ने ट्वीट कहा, ‘‘ मैं पश्चिम बंगाल सरकार की अथक सेवा के लिए उनका धन्यवाद करती हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ पूरी टीम को शुभकामनाएं।’’
28 Sep, 20 02:14 PM
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कलकत्ता को ‘फाइनेंशियल टाइम्स मास्टर्स इन मैनेजमेंट रैकिंग्स 2020’ सूची में एशिया का दूसरा सर्वश्रेष्ठ संस्थान चुना गया है। आईआईएम-सी को उसके दो साल के एमबीए (प्रबंधन में परास्नातक) पाठ्यक्रम के लिए यह स्थान मिला है। आईआईएम-सी के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि संस्थान के इस पाठ्यक्रम को दुनियाभर में 21वां स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘ संस्थान एशिया में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं देश के पांच शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में भी इसकी रैंकिंग दूसरी रही।’’ आईआईएम-सी के निदेशक अनुज सेठ ने कहा कि फाइनेंशियल टाइम्स की रैकिंग ने फिर एक बार साबित किया है कि संस्थान का एमबीए पाठ्यक्रम उसके स्नातकों के लिए कितना अहम धरातल उपलब्ध कराता है, जहां से वह समाज और कारोबार जगत में नयी ऊंचाइयां छू सकते हैं और अपना योगदान दे सकते हैं।
28 Sep, 20 01:48 PM
झारखंड के पलामू जिले में माओवादियों के पोस्टर चिपकाये जाने से आस पास के गांवों में दहशत फैल गयी, हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें जब्त कर लिया । पुलिस ने इसकी जानकारी दी । इस घटना के बारे में विश्रामपुर अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह मामला हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से जुड़ा है और पोस्टर में एक कथित पुलिस मुखबिर के नाम का उल्लेख करते हुए उसे सबक सिखाने की चेतावनी दी गयी है । कुमार ने बताया कि यह पोस्टर हस्तलिखित है एवं इसकी लिखावट बड़ी—बड़ी है और इन्हें पेड़ों में चिपकाया गया था। उन्होंने बताया कि पोस्टर में माओवादी संगठन के नाम- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) — अंकित है, जो एक भूमिगत एवं प्रतिबंधित नक्सल संगठन है । कुमार ने बताया कि इस घटना के मद्देनजर पूरे थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले इसी तरह के पोस्टर राजधानी रांची के ग्रामीण इलाकों, खूंटी, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह एवं चतरा आदि जिलों में चिपकाये गये थे ।
28 Sep, 20 01:41 PM
नोएडा में सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अधीन आने वाले सेक्टर 47 में सुबह सैर पर निकले नोएडा प्राधिकरण के एक सेवानिवृत्त अधिकारी की पार्क में करंट लगने से मौत हो गई। सेक्टर 49 के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर 47 के रहने वाले नोएडा प्राधिकरण के सेवानिवृत्त अधिकारी फिरेराम (62) रविवार सुबह सेक्टर के एक पार्क में सैर कर रहे थे, तभी पार्क में लगे एक ट्रांसफार्मर से उन्हें करंट लग गया। गंभीर हालत में उन्हें नोएडा के ‘प्रयाग अस्पताल’ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
28 Sep, 20 01:35 PM
सेना की पूर्वी कमान के मुख्यालय फोर्ट विलियम के तलघर में स्थित एक कार्यालय में सोमवार सुबह आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग के बारे में सुबह 7.35 बजे पता चला, जिस पर पूर्वाह्न 11.15 बजे काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि किसी के घायल होने या फंसने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि चार दमकल वाहनों ने कोलकाता के बीचोंबीच स्थित फोर्ट विलियम में लगी आग को बुझाया। अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है।
28 Sep, 20 01:35 PM
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,235 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को यहां संक्रमितों की कुल संख्या 2,12,609 हो गई। इसके अलावा संक्रमण से 16 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 813 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि 1,915 नए मामले पृथक-वास केन्द्रों से जबकि बाकी 1,320 मामले संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश के दौरान सामने आए हैं। ओडिशा में अब भी 38,172 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जबकि 1,73,571 लोग ठीक हो चुके हैं।
28 Sep, 20 12:49 PM
ठाणे में कोविड-19 के मामले 1.70 लाख के पार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोविड-19 के 1,523 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1,70,157 पर पहुंच गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को वायरस संक्रमण के कारण 30 लोगों की मौत के बाद जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,365 हो गई। उन्होंने बताया कि नए कोविड-19 मामलों में, ठाणे शहर से 418, नवी मुंबई से 347, कल्याण शहर से 340 और बाकी जिले के अन्य हिस्सों से आए हैं। अधिकारी ने बताया कि कल्याण में अब तक सबसे अधिक 41,466 मामले सामने आए हैं, इसके बाद ठाणे शहर में 35,653 और नवी मुंबई में कुल 35,552 मामले हैं। ठाणे शहर में 977 मौतें हुई हैं, जबकि कल्याण में 812 और नवी मुंबई में 736 मौतें हुई हैं। अब जिले में कोविड-19 के 17,736 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1,48,056 मरीज ठीक हो चुके हैं। पड़ोसी पालघर जिले में अब तक कोविड-19 के 34,167 मामले आ चुके हैं, जबकि 662 मौतें हो चुकी हैं।
28 Sep, 20 12:48 PM
ओडिशा कोरोना अपडेट
ओडिशा में कोविड-19 के 3,235 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा 2,12,609 पर पहुंचा, 16 और मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 813 हुई।
28 Sep, 20 12:47 PM
गोवा के डीजीपी कोरोना वायरस से संक्रमित
गोवा के पुलिस महानिदेशक मुकेश कुमार मीणा सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीणा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने कहा,“उनकी जांच रिपोर्ट सोमवार सुबह आई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। उनमें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं।” रविवार तक, गोवा में कोविड-19 के 31,958 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 401 लोगों की मौत हो चुकी है।
28 Sep, 20 12:34 PM
पंजाब के सीएम धरने पर
कृषि विधेयकों के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह शहीद भगत सिंह नगर पहुंचे हैं और धरने पर बैठ गए। इससे पहले उन्होंने भगत सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि भी दी।
28 Sep, 20 09:38 AM
भारत में कोरोना से अब तक 95 हजार की मौत
भारत में अब तक कुल 60,74,703 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें हालांकि, एक्टिव केस 9,62,640 है। अब तक देश में कोरोना से 95,542 लोगों की मौत हुई है जबकि 50 लाख से अधिक (5,01,6521) लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें
28 Sep, 20 08:45 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन के साथ डिजिटल शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर वार्ता करेंगे।
28 Sep, 20 08:44 AM
कर्नाटक: बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती
किसानों की ओर से बुलाए गए कर्नाटक बंद के बाद बड़ी संख्या में जगह-जगह पर पुलिस को तैनात किया गया है।
28 Sep, 20 08:43 AM
कर्नाटक बंद
कर्नाटक: किसानों के बंद के बावजूद मेंगलुरु में KSRTC बस अड्डे पर यात्री पहुंचे हैं। किसानों की ओर से ये बंद श्रम कानून, एपीएमसी, भूमि सुधार कानून में संशोधन के खिलाफ बुलाया गया है।