Aaj Ki Taja Khabar: संयुक्त राष्ट्र में पीएम मोदी बोले- स्थायी सीट के लिए कब तक भारत करेगा इंतजार

LIVE

By रामदीप मिश्रा | Updated: September 26, 2020 19:50 IST2020-09-26T07:43:32+5:302020-09-26T19:50:00+5:30

मंत्रालय ने इस बात का जिक्र किया कि आज की तारीख में संक्रमण मुक्त हुए मरीजों की संख्या इलाजरत मरीजों (9,70,116) से करीब 38 लाख अधिक (37,86,048) हो गई है। हाल ही में सर्वाधिक संख्या में महाराष्ट्र में कोविड-19 के मरीज संक्रमण मुक्त हुए और उनकी संख्या 17,000 है। आंध्रप्रदेश में एक दिन में 8,000 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। 

aaj ki taja khabar 26 september parliament session live latest news in hindi samachar | Aaj Ki Taja Khabar: संयुक्त राष्ट्र में पीएम मोदी बोले- स्थायी सीट के लिए कब तक भारत करेगा इंतजार

प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्लीः भारत में कोविड-19 से उबरने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़ कर 47.5 लाख से अधिक हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 1,141 और लोगों की मौत के बाद महामारी से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 92,290 पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि 24 घंटे की अवधि में कुल 81,177 मरीज इस रोग से उबरे हैं। इसके साथ ही संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़ कर 47,56,164  हो गई और इसकी दर 81.74 प्रतिशत है। 

मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण मुक्त हुए 73 फीसदी मरीज महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहित 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। इन राज्यों में आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, केरल और असम भी शामिल हैं। 

मंत्रालय ने इस बात का जिक्र किया कि आज की तारीख में संक्रमण मुक्त हुए मरीजों की संख्या इलाजरत मरीजों (9,70,116) से करीब 38 लाख अधिक (37,86,048) हो गई है। हाल ही में सर्वाधिक संख्या में महाराष्ट्र में कोविड-19 के मरीज संक्रमण मुक्त हुए और उनकी संख्या 17,000 है। आंध्रप्रदेश में एक दिन में 8,000 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। 

देश में लगातार पांचवे दिन शुक्रवार को कोविड-19 के 90 हजार से कम नए मामले सामने आए हैं। हालांकि, कोरोना वायरस के कुल मामले शुक्रवार को 58 लाख के पार चले गए हैं। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोविड-19 के 86,052 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 58,18,570 हो गए। वहीं पिछले 24 घंटे में 1,141 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 92,290 हो गई। 

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मृतकों में सर्वाधिक 34,345 मरीज महाराष्ट्र से थे। वहीं, तमिलनाडु में 9,076, कर्नाटक में 8,331, आंध्र प्रदेश में 5,558, उत्तर प्रदेश में 5,366, दिल्ली में 5,123, पश्चिम बंगाल में 4,606, गुजरात में 3,381, पंजाब में 3,066 और मध्य प्रदेश में अब तक 2,122 मरीजों की मौत हुई है।

LIVE

Get Latest Updates

26 Sep, 20 : 05:06 PM

राजस्थान के भरतपुर जिले में 25 साल के एक युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात की है। लखनपुर के थानाधिकारी पुरुषोत्तम लाल ने शनिवार बताया कि मृतक की पहचान निरंजन के रूप में हुई है। आरोप है कि हंटड़ा गांव में निरंजन के बड़े भाई चरण जाटव (40), जाटव के बेटे राहुल व परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। उसे उपचार के लिए जिला अस्पतातल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार पैतृक जमीन बेचने से मिले पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद के चलते निरंजन से मारपीट की गयी थी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

26 Sep, 20 : 04:51 PM

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नयी टीम की घोषणा की। इसमें कुछ पुराने नामों को बरकरार रखते हुए नए चेहरों को भी शामिल किया गया है । राज्य और केंद्रीय नेतृत्व के बीच जुड़ाव के लिहाज से पार्टी में अहम सांगठनिक पद महासचिव का माना जाता है। नयी टीम में आठ महासचिवों की सूची में भूपेंद्र यादव, अरूण सिंह और कैलाश विजयवर्गीय को बरकरार रखते हुए पांच नए चेहरों को जगह दी गयी है । हालांकि राम माधव, पी मुरलीधर राव, सरोज पांडे और अनिल जैन के स्थान पर नए चेहरों को शामिल किया गया है । दुष्यंत कुमार गौतम, डी. पुरंदरेश्वरी, सी टी रवि, तरूण चुग और दिलीप सैकिया नए महासचिव होंगे । भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को पार्टी की युवा इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है । वह पूनम महाजन का स्थान लेंगे । पार्टी ने प्रवक्ताओं की अपनी सूची को भी विस्तारित किया है। अब इसमें 23 प्रवक्ताओं को स्थान दिया गया है। इसमें सांसद अनिल बलूनी को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है और बाकी प्रवक्ता ‘मीडिया हेड’ होंगे ।

26 Sep, 20 : 04:41 PM

भाजपा की गोवा इकाई ने शनिवार को अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 2022 के विधान सभा चुनावों में अधिक से अधिक सीटें जीतने की दिशा में काम करना शुरू कर दें। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उपस्थिति में मापुसा में आयोजित पार्टी की एक बैठक के दौरान, गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद तानावडे ने राज्य कार्यकारी समिति के सदस्यों से कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस महामारी के दौरान ऑनलाइन माध्यमों से लोगों के संपर्क में थे, लेकिन अब उन्हें बाहर आकर संपर्क स्थापित करना चाहिए। तानावडे ने कहा, ‘‘हमें 2022 में सभी विधानसभा क्षेत्रों में काम करके विधानसभा चुनावों में बहुमत हासिल करने का लक्ष्य रखना चाहिए। सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों में हमारे पास बूथ स्तर की समितियां हैं।’’

26 Sep, 20 : 04:29 PM

मुजफ्फरनगर जिले में एक किसान से 10,000 रुपये की कथित तौर पर रिश्वत लेने को लेकर यहां एक राजस्व अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों की एक टीम ने शुक्रवार शाम जमुना प्रसाद के कार्यालय पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। निरीक्षक अशोक शर्मा ने कहा कि प्रसाद ने राजेश नाम के किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। उसने किसान का नाम भूमि रिकार्ड में दर्ज करने के लिये यह रकम मांगी थी। राजस्व अधिकारी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

26 Sep, 20 : 04:17 PM

पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की और गोले दागे। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नौशेरा सेक्टर में सीमा पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की और गोले दागे, जिसका भारतीय सैनिकों ने माकूल जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान ने सुबह करीब सवा 11 बजे संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए नौशेरा में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागे।'' प्रवक्ता ने कहा अंतिम जानकारी मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। भारतीय पक्ष को नुकसान होने के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है।

26 Sep, 20 : 04:16 PM

हिमाचल प्रदेश के रोहरू के विधायक लाल ब्राक्टा कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले राज्य के आठवें विधायक बन गए हैं। कांग्रेस विधायक ने फेसबुक पर पोस्ट कर शनिवार को अपनी तबियत के बारे में जानकारी दी। राज्य में अब तक भाजपा के छह और कांग्रेस के दो विधायक संक्रमित पाए गए हैं। ब्राक्टा ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि पिछले 12 दिनों से उन्होंने किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है इसलिए क्षेत्र के लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है। हालांकि शिमला में उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों से उन्होंने जांच करवाने का अनुरोध किया है।

26 Sep, 20 : 03:08 PM

गौतमबुद्ध नगर में शनिवार को कोविड-19 के 151 नए मामले सामने आए हैं, जिससे संक्रमण के मामले बढ़कर 12,373 हो गए हैं। जिला निगरानी अधिकारी नीरज त्यागी ने बताया कि शनिवार सुबह तक जिले में संक्रमण के 151 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि आज 206 लोग उपचार के बाद ठीक होकर अस्पताल से घर चले गए हैं वहीं अब तक 10,685 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस लिहाज से 86.3 फीसदी मरीज ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जो लोग संक्रमित पाए गए हैं, उन्हें यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

26 Sep, 20 : 03:07 PM

माइंडट्री के सह-संस्थापक कृष्णकुमार नटराजन और उनके परिवार ने कंपनी के 4.66 लाख से अधिक शेयर बेच दिए हैं। इस तरह कंपनी में उनकी सामूहिक हिस्सेदारी घटकर 2.01 प्रतिशत रह गई है। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि कृष्णकुमार एन, उनकी पत्नी अकीला कृष्णकुमार तथा पुत्र सिद्धार्थ ने 15 से 23 सितंबर के दौरान कंपनी के शेयरों की बिक्री की। इससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 2.29 प्रतिशत से घटकर 2.01 प्रतिशत रह गई है। इससे पहले इसी महीने शेयर बाजारों को दी गई एक अन्य सूचना में कहा गया था कि नटराजन और उनके परिवार ने 30 अप्रैल से 14 सितंबर के दौरान 42 लाख शेयर बेचे हैं। उस समय उनकी हिस्सेदारी घटकर 2.29 प्रतिशत रह गई थी। सूचना में कहा गया है कि कृष्णकुमार नटराजन के पास कंपनी के 1.96 प्रतिशत शेयर थे। उन्होंने इसमें से 2.85 लाख शेयर बेचे हैं। अब कंपनी में उनकी हिस्सेदारी घटकर 1.79 प्रतिशत रह गई है। इसी तरह अकीला ने 1.32 लाख शेयर बेचे हैं। कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 0.19 प्रतिशत से घटकर 0.11 प्रतिशत रह गई है। सिद्धार्थ कृष्ण कुमार ने 49,405 शेयर बेचे और करीब 1,000 शेयर खरीदे। अब कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 0.10 प्रतिशत है।

26 Sep, 20 : 02:50 PM

राजस्थान के भरतपुर जिले में बजरी माफिया को संरक्षण देने के आरोप में चार पुलिस कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। भरतपुर के पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह कपूर ने शनिवार को बताया कि विभागीय जांच में ये कांस्टेबल बजरी माफिया को संरक्षण देने के दोषी पाए गए। इसके बाद इन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कांस्टेबलों में से दो रूपवास व दो बयाना पुलिस थाने में तैनात थे। कपूर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को बजरी के अवैध खनन व परिवहन पर लगाम लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

26 Sep, 20 : 02:32 PM

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित मादक पदार्थ मामले में शनिवार को बयान दर्ज कराने के लिये अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के दक्षिण मुंबई में एनसीबी अतिथि गृह पहुंचने के कुछ देर बाद उनकी प्रबंधक करिश्मा प्रकाश भी पूछताछ के लिये वहां पहुंचीं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने शुक्रवार को प्रकाश से लगभग सात घंटे तक पूछताछ की थी। अधिकारी ने कहा, ''प्रकाश सुबह 11 बजे से कुछ देर पहले एनसीबी अतिथि गृह पहुंचीं। दीपिका सुबह करीब नौ बजकर 50 मिनट पर वहां पहुंची थीं।'' एनसीबी के सूत्रों ने इससे पहले कहा था कि प्रकाश ने वाट्सऐप पर जिन लोगों से बातचीत की, उनमें 'डी' नामक किसी व्यक्ति से मादक पदार्थों को लेकर की गई बातचीत भी शामिल है। केन्द्रीय एजेंसी यह पता लगा रही है कि वह व्यक्ति कौन था।

26 Sep, 20 : 02:01 PM

ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 4,356 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या शनिवार को 2,05,452 हो गई। इसके अलावा संक्रमण से 16 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल तादाद 783 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि 2,529 नए मामले पृथक-वास केन्द्रों से जबकि बाकी मामले संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश के दौरान सामने आए हैं। ओडिशा में अब भी 39,184 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं जबकि 1,65,432 लोग ठीक हो चुके हैं।

26 Sep, 20 : 02:01 PM

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को मध्यम तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया लेकिन किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 4.5 तीव्रता वाला भूकंप का झटका दोपहर 12 बजकर दो मिनट पर आया। इसका केंद्र 120 किलोमीटर गहराई में स्थित था। उन्होंने कहा कि भूकंप से किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं हैं।

26 Sep, 20 : 01:32 PM

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में प्लास्टिक का सामान बनाने वाली एक इकाई आग लगने से पूरी तरह जल गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि न्यू सिंध कंपाउंड इलाके में स्थित कारखाने में शुक्रवार रात आग लग गई। उन्होंने कहा, ‘‘आग रात करीब 11.30 बजे लगी और इसने पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। अंबरनाथ और उल्हासनगर नागरिक निकाय की पांच दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं और लगभग पांच घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक आग से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, कारखाना पूरी तरह से जल चुका है।’’

26 Sep, 20 : 01:12 PM

प्रशासन की अनुमति के बिना कृषि विधेयकों के खिलाफ प्रदर्शन करने पर रालोद के जिला अध्यक्ष सहित 70 कार्यकर्ताओं और नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी डी के त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष अजीत राठी, पार्टी प्रवक्ता अभिषेक चौधरी और पूर्व विधान परिषद सदस्य चौधरी मुश्ताक सहित 70 लोगों के खिलाफ भादंसं की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को उनके खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर कृषि विधेयकों के विरुद्ध प्रशासन की अनुमति के बिना धरना-प्रदर्शन करने का मामला दर्ज किया गया था।

26 Sep, 20 : 01:03 PM

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उच्चतम न्यायालय के लिए न्यायाधीश एमी कोनेय बारेट के नाम की शनिवार को अनुशंसा कर सकते हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि उन्होंने नाम तय कर लिया है और यह ‘‘ बहुत उत्साहित’’ करने वाला है। इस दौरान उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया और इस प्रकार नाम की घोषणा होने तक इसे एक तरह से रहस्य बना दिया था। अब व्हाइट हाउस ने रिपब्लिकन सांसदों और अन्य सहयोगियों को इस बात के संकेत दिए हैं कि बारेट को चुना गया है। ट्रंप ने इंडियाना की संघीय न्यायाधीश के बारे में कहा,‘‘ मैंने ये कभी नहीं कहा कि वे होंगी, लेकिन वह बेमिसाल हैं।’’ गौरतलब है कि न्यायाधीश रुथ बाडेर गिन्सबर्ग का हाल ही में कैंसर से निधन हो गया था और उसके बाद खाली हुए पद को भरा जाना है। राष्ट्रपति आज शाम को किसी न्यायाधीश को नामित करेंगे।

26 Sep, 20 : 01:02 PM

संघ शासित प्रदेश पुडुचेरी में शनिवार को 89 साल की एक बुजुर्ग महिला सहित छह और मरीजों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर 500 हो गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक एस मोहन कुमार ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 5,032 नमूनों की जांच के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के 555 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 26,032 हो गई जिनमें से 12 मरीजों को तमिलनाडु स्थानांतरित किया जा चुका है। संघ शासित प्रदेश में अभी कोविड-19 के 5,327 मरीज उपचाराधीन हैं और अब तक 20,205 मरीज ठीक हो चुके हैं।

26 Sep, 20 : 01:02 PM

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को प्रसिद्ध समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी ईश्वरचंद्र विद्यासागर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि वह बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने, विधवा पुनर्विवाह जैसे सामाजिक पुनर्जागरण के सूत्रधार रहे। बिरला ने ट्वीट किया, ‘‘प्रसिद्ध समाज सुधारक, शिक्षा शास्त्री एवं स्वतंत्रता सेनानी #ईश्वरचंद्र_विद्यासागर की जयंती पर नमन।’’ लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘उनके (ईश्वरचंद्र विद्यासागर) प्रयासों से बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिला व विधवा पुनर्विवाह कानून पारित हुआ, जिसने महिला सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त किया। वह सामाजिक पुनर्जागरण के सूत्रधार रहे।’’

26 Sep, 20 : 12:36 PM

लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के 56 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,025 हो गई। संक्रमण से दो और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद बढ़कर 56 तक पहुंच गई है। अधिकारियों ने लद्दाख के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन के हवाले से शनिवार को बताया कि 78 और रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है, जिसके बाद उपचाराधीन रोगियों की कुल संख्या 998 रह गई है। कोविड-19 से संबंधित मौत के दो नए मामले करगिल से सामने आए हैं, जिसके बाद मृतकों की तादाद बढ़कर 33 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लेह जिले में 601 जबकि करगिल जिले में 397 लोग अब भी वायरस से संक्रमित हैं। केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख में अब तक कुल 2,971 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं।

26 Sep, 20 : 12:11 PM

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से ओडिसी संगीत को शास्त्रीय संगीत का दर्जा देने का आग्रह करते हुए कहा है कि इसकी परंपरा लगभग 2,000 वर्ष पुरानी है और यह शास्त्रों पर आधारित है जिसका अपना राग है। पटनायक ने शुक्रवार को केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘यह (ओडिसी संगीत) विशिष्ट व्याकरण, शास्त्रीय ग्रंथों की गीति प्रणाली और अपने स्वयं के ताल पर आधारित एक विशिष्ट शैली है जो हिंदुस्तानी और कर्नाटक संगीत से अलग है।” पत्र के अनुसार, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि ओडिसी संगीत में शास्त्रीय संगीत की सभी विशिष्ट विशेषताएं मौजूद हैं।’’ राज्य के विरासत मंत्रिमंडल ने पिछले दिनों ओडिसी संगीत (गायन और वाद्य) को शास्त्रीय संगीत का दर्जा देने के लिए केंद्र को भेजे जाने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। उसके बाद पटनायक ने केंद्र को पत्र लिखा है।

26 Sep, 20 : 11:40 AM

मध्य प्रदेश में उज्जैन से 10 किलोमीटर दूर उज्जैन-देवास मार्ग पर दताना गांव के पास शनिवार तड़के एक ट्रक और जीप की टक्कर में पांच श्रमिकों की मौत हो गयी और सात मजदूर घायल हो गये। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रुपेश द्विवेदी ने बताया कि नरवर पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह को हुए इस हादसे में जीप में सवार पांच मजदूरों की मौत हो गयी और सात अन्य घायल हो गये। ये लोग जीप में सवार होकर कटनी से नीमच मजदूरी करने के लिये जा रहे थे। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।

26 Sep, 20 : 11:20 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को उसकी सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवोन्मेष को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा है। मोदी ने ट्वीट किया कि यह संगठन कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में भी अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘सीएसआईआर से जुड़े सभी लोगों को उसके स्थापना दिवस की बधाई। सीएसआईआर भारत में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवोन्मेष को बढ़ावा देने में अग्रणी संगठन है। वे कोविड-19 संक्रमण को रोकने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। सीएसआईआर को उसके भावी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’’

26 Sep, 20 : 09:27 AM

दिल्ली: नरेला के एक फैक्ट्री में  रात आग लग गई। मौके पर 26 फायर टेंडर मौजूद। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

26 Sep, 20 : 07:45 AM

गुजरात के अहमदाबाद जिले में शुक्रवार को कोविड-19 के 182 नए मामले सामने आये। इसके बाद कुल मामले बढ़कर 35,853 हो गए। गुजरात स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में तीन और संक्रमितों के दम तोड़ने से मृतक संख्या बढ़कर 1813 हो गई। विभाग ने बताया कि 125 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है। इसके बाद जिले में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 29,742 हो गई। अहमदाबाद शहर में शुक्रवार को 160 नए मामले सामने आए जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 22 मामले सामने आये। शहर में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 3741 है।

26 Sep, 20 : 07:44 AM

उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 84 नये मामले सामने आये जिससे जिले में सं​क्रमितों की संख्या बढ़ कर 5410 हो गयी है। जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी। जिलाधिकारी पी एन सिंह ने बताया कि 123 मरीजों को आज ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है, अब तक 4301 लोग अबतक जिले में संक्रमण मुक्त हो चुके हैं । अधिकारी ने बताया कि जिले में फिलहाल 986 मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि मरने वालों की संख्या 122 है।

26 Sep, 20 : 07:44 AM

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 2,942 और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई । राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 98,565 हो गई है। राज्य में शुक्रवार को 710 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। वहीं 5125 लोगों ने घर में पृथक-वास पूर्ण किया है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 11 लोगों की मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को संक्रमण के 2942 मामले आए हैं। इनमें रायपुर जिले से 580, दुर्ग से 396, राजनांदगांव से 167, बालोद से 62, बेमेतरा से 82, कबीरधाम से 52, धमतरी से 81, बलौदाबाजार से 64, महासमुंद से 52, गरियाबंद से 70, बिलासपुर से 218, रायगढ़ से 213 मामले आए हैं।

26 Sep, 20 : 07:44 AM

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से संक्रमित 84 और लोगों की मौत हो गई तथा 4,519 नए मरीजों की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शाम को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान 84 और मौतों के साथ राज्य में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 5450 हो गई। सबसे ज्यादा नौ मौतें लखनऊ में हुई हैं। इसके अलावा कानपुर नगर और बाराबंकी में आठ-आठ, प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी में चार-चार, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, जौनपुर और पीलीभीत में तीन-तीन, गाजियाबाद, मेरठ, झांसी, प्रतापगढ़, सीतापुर, रायबरेली, कन्नौज और शामली में दो-दो मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर, बरेली, अलीगढ़, सहारनपुर, बलिया, आगरा, लखीमपुर खीरी, महराजगंज, हरदोई, मथुरा, इटावा, सुल्तानपुर, बिजनौर, अमरोहा, हापुड़, औरैया, कानपुर देहात, बलरामपुर और चित्रकूट में कोविड-19 से संक्रमित एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।

26 Sep, 20 : 07:43 AM

झारखंड में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण से नौ और मरीजों की मौत हो गयी जिससे राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 661 हो गयी। वहीं शुक्रवार को कोविड-19 के 1271 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 77709 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग की आज रात्रि जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में पिछले चौबीस घंटे में नौ और संक्रमितों की मौत हो गयी जिन्हें मिलाकर राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 661 हो गयी। इसके अलावा राज्य में कोविड-19 के पिछले चौबीस घंटे में 1271 नये मामले सामने आये जिन्हें मिलाकर अब राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 77709 हो गयी है। राज्य के 77709 संक्रमितों में से 64515 अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं।

Web Title: aaj ki taja khabar 26 september parliament session live latest news in hindi samachar

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे