नमस्कार! आज सोमवार (1 फरवरी) है। देश और दुनिया की तमाम खबरों के ताजा अपडेट के लिए 1 फरवरी, 2021 के इस Live Blog के साथ आप बने रह सकते हैं। आज सबसे खास नजर आम बजट पर है। वहीं, दूसरी ओर किसानों का आंदोलन जारी है। इस पर भी नजर रहेगी। यहां जानें हर अपडेट...
01 Feb, 21 03:34 PM
बजट में आत्मनिर्भरता के साथ-साथ समावेशी विकास पर जोर: पीएम मोदी
बजट में आत्मनिर्भरता के साथ-साथ समावेशी विकास पर जोर है। यह बजट भाषण बिरले बजट भाषणों में था, विशेषज्ञों ने इसे सराहा है। यह सकारात्मक बजट है जिसमें संपत्ति बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य व सुख-सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। बजट आम लोगों, निवेशकों, उद्योगों और बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिये कई सकारात्मक बदलाव लाएगा: पीएम नरेंद्र मोदी
01 Feb, 21 02:42 PM
बजट-2021 पर कांग्रेस का रिएक्शन
कांग्रेस ने बजट-2020-21 पेश किए जाने के बाद सोमवार को दावा किया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 37 महीनों की रिकॉर्ड गिरावट का उल्लेख नहीं है।
पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने ट्वीट किया कि देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचने के अलावा बजट में कोई मुख्य ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य बात यह है कि अर्थव्यवस्था को आगे नहीं बढ़ाओ, सिर्फ देश की बहुमूल्य संपत्तियों को बेचो।
01 Feb, 21 01:56 PM
शेयर बाजार में उछाल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के बाद शेयर बजार में रौनक देखी जा रही है। सेंसेक्स 1600 अंक से ज्यादा ऊपर चढ़ गया। वहीं, निफ्टी भी वित्त मंत्री के भाषण के बीच 14,000 के पार हो गया था।
01 Feb, 21 12:42 PM
राजकोषीय घाटे पर वित्त मंत्री ने क्या कहा
राषकोषीय घाटा 2021-22 में जीडीपी का 6.8 रहने का अनुमान है। सरकार का लक्ष्य 2025-26 तक राषकोषीय घाटा जीडीपी का 4.5 तक लाने का है।
01 Feb, 21 12:39 PM
बजट-2021 में आत्मनिर्भर स्वास्थ्य योजना का ऐलान
बजट 2021: निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम आत्मनिर्भर स्वस्थ योजना शुरू होगी। इस पर 61 हजार करोड़ रुपए अगले छह साल में खर्च होंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- पीएम मोदी ने गरीब तबकों के लिए खजाना खोले रखा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आत्मनिर्भर योजना मिनी बजट की तरह ही है। आत्मनिर्भर पैकेज ने रिफॉर्म को आगे बढ़ाया। पूरी खबर पढ़ें
01 Feb, 21 12:34 PM
75 से ज्यादा के उम्र वालों को आईटीआर नहीं भरना पड़ेगा'
निवेश आकर्षित करने के लिए कॉरपोरेट टैक्स घटाया गया। साथ ही डिविडेंड टैक्स हटाया गया। जो 75 साल या इससे बड़े हैं। इन्हें इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने से छूट देने का प्रस्ताव करती हूंः निर्मला सीतारमण
01 Feb, 21 12:18 PM
बजट 2021: 100 नए सैनिक स्कूल
निर्मला सीतारमण ने बजट-2021 में ऐलान किया कि देश में करीब 100 नए सैनिक स्कूल बनाए जाएंगे। साथ ही लेह में सेंट्रल यूनिवर्सिटी बनाए जाने का भी ऐलान किया गया है। हायर एजुकेशन कमीशन बनेगा।
01 Feb, 21 12:02 PM
निर्मला सीतारमण ने बजट-2021 में ऐलान किया है कि अब इंश्योरेंस क्षेत्र में 74 फीसदी तक FDI हो सकेगी। इससे पहले ये सिर्फ 49 फीसदी ही थी। एलआईसी का आईपीओ भी इस साल लाने का ऐलान
01 Feb, 21 11:49 AM
उज्ज्वला स्कीम में जुड़ेंगे 1 करोड़ और परिवार
उज्ज्वला स्कीम से अबतक 8 करोड़ परिवारों को फायदा हुआ। अब एक करोड़ परिवार और जुड़ेंगे। 100 नए शहर सिटी गैस वितरण में जोड़े जाएंगे, जम्मू-कश्मीर में गैस पाइपलाइन की शुरुआत: निर्मला सीतारमण
01 Feb, 21 11:36 AM
देश में 7 टेक्स्टाइल पार्क बनाए जाएंगे
निर्मला सीतारमण ने ऐलान किया है कि देश में 7 टेक्स्टाइल पार्क बनाए जाएंगे, ताकि इस क्षेत्र में भारत एक्सपोर्ट करने वाला देश बने। ये पार्क तीन साल में तैयार किए जाएंगे। वित्त मंत्री के अनुसार रेलवे, NHAI, एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास अब कई प्रोजेक्ट को अपने लेवल पर पास करने की ताकत होगी।
01 Feb, 21 11:35 AM
बजट 2021: विभिन्न राज्यों में हाईवे पर होने वाले खर्च
675 किमी हाइवे पश्चिम बंगाल में बनेगा, 1900 करोड़ की हाईवे योजना असम में, केरल में भी 65 हजार करोड़ रुपये के नेशनल हाइवे बनाए जाएंगे।
01 Feb, 21 11:22 AM
'पीएम आत्मनिर्भर स्वस्थ योजना की होगी शुरुआत'
टीकाकरण के लिए 35 हजार करोड़ का प्रस्ताव, और पैसों की जरूरत हुई तो और देंगे। पीएम आत्मनिर्भर स्वस्थ योजना शुरू होगी। इस पर 61 हजार करोड़ रुपए अगले छह साल में खर्च होंगे: निर्मला सीतारमण
01 Feb, 21 11:13 AM
बजट 2021: निर्मला सीतारमण का पेश कर रही हैं बजट
कोरोना काल में मोदी सरकार की ओर से आत्मनिर्भर भारत पैकेज लेकर आई। अर्थव्यवस्था की रफ्तार को बढ़ाने की कोशिश रही। आत्मनिर्भर भारत पैकेज में कुल 27.1 लाख करोड़ रुपये की मदद जारी की गई: निर्मला सीतारमण
01 Feb, 21 11:06 AM
निर्मला सीतारमण ने शुरू किया बजट भाषण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आम बजट पेश कर रही हैं। निर्मला सीतारमण ने कहा- 'पिछला साल देश के लिए काफी मुश्किलों भरा रहा, ऐसे में ये बजट ऐसे वक्त में आ रहा है जब काफी संकट है। पहली बार देश के सामने कोरोना जैसी महामारी आई। आरबीआई ने इस दौरान 27 लाख करोड़ पैकेज का ऐलान किया।'
01 Feb, 21 10:56 AM
दिल्ली: कांग्रेस सांसद जसबीर सिंह गिल और गुरजीत सिंह काला गाउन पहनकर आज संसद पहुंचे हैं। इन्होंने बताया है कि कृषि बिलों के विरोध में ये काले कपड़े पहनकर आज संसद पहुंचे हैं।
01 Feb, 21 10:50 AM
बजट को कैबिनेट से मंजूरी
मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट से बजट को औपचारिक मंजूरी मिल गई है। अब से थोड़ी देर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट-2021 पेश करेंगी। यहां पढ़ें हर अपडेट
01 Feb, 21 10:07 AM
बजट 2021: संसद भवन पहुंचीं निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद भवन पहुंच गई हैं। उनके साथ वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी हैं। कोरोना के कारण इस बार का बजट पेपरलेस है। ऐसे मेंवित्त मंत्री संसद में एक टैबलेट के जरिए बजट पढ़ेंगी। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ये बजट पेपरलेस होने जा रहा है।
01 Feb, 21 09:21 AM
वित्त मंत्रालय पहुंचीं निर्मला सीतारमण
दिल्ली: वित्ती मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त मंत्रालय पहुंच गई हैं। साथ में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी हैं। आज वित्त मंत्री को बजट (2021-22) पेश करना है। ये पहली बार है जब कोविड के कारण बजट पेपरलेस होगा। इसकी कॉपी ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
01 Feb, 21 09:23 AM
बजट से पहले शेयर बाजार में उछाल
आज बजट से पहले शेयर बाजार में उछाल देखा जा रहा है। सेंसेक्स 401.77 अंक की उछाल के साथ खुला है। अभी सेंसेक्स 46,687.54 पर है।
01 Feb, 21 08:26 AM
म्यांमार में तख्तापलट!
भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में तख्तापलट की खबरें आ रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार म्यामांर की सबसे बड़ी नेता आंग सान सू की, राष्ट्रपति और सत्तारूढ़ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया है। म्यामांर मिलिट्री टेलीविजन के अनुसार सेना ने एक साल के लिए देश को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
01 Feb, 21 07:42 AM
निर्मला सीतारमण पेश करेंगी आम बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी। ऐसे में लोगों को कोरोना काल में ठप पड़ी अर्थव्यवस्था को 'वैक्सीन' देने के लिए सरकार क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजर है। बढ़ी हुई बेरोजगारी से लेकर किसानों के मुद्दे, महंगाई, टैक्स स्लैब कम होने की उम्मीद जैसे विषय अभी चर्चा में छाए हुए हैं। हालांकि, तमाम मुद्दों को लेकर सरकार क्या-क्या कदम उठाती है, ये देखने वाली बात होगी।