आज मंगलवार (2 फरवरी) है। देश और दुनिया की तमाम खबरों के ताजा अपडेट के लिए 2 फरवरी, 2021 के इस Live Blog के साथ आप बने रह सकते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कल आम बजट पेश कर दिया। संसद का बजट सत्र इस बार हंगामेदार रहने की आशंका है। किसानों के मुद्दे पर आज विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश में होगा।
दूसरी ओर दिल्ली के बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि 6 फरवरी को देश भर में चक्का जाम किया जाएगा। चक्का जाम दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक किया जाएगा। अन्य खबरों में आज CBSE 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर सकता है।।
02 Feb, 21 07:06 PM
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पिछले पांच साल में सीवर की सफाई करते हुए 340 लोगों की जान चली गयी। सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में पिछले पांच साल में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा मुहैया कराये गये ऐसे मामलों के आंकड़े साझा किये। आंकड़ों के अनुसार सीवर की सफाई करने वाले कर्मियों की मौत के सर्वाधिक मामले उत्तर प्रदेश से आये जिनकी संख्या 52 थी। इसके बाद तमिलनाडु में 43, दिल्ली में 36, महाराष्ट्र में 34 और गुजरात तथा हरियाणा में 31-31 मामले आये।
02 Feb, 21 06:03 PM
पाकिस्तान में बस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को क्वेटा-कराची राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार यात्री बस के पलट जाने से पांच महिलाओं और तीन बच्चों सहित 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई। अधिकारियों ने एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार को बताया कि बस बलूचिस्तान के पंजगुर इलाके से सिंध प्रांत की राजधानी कराची जा रही थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के उथल शहर के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और यह पलट गई। मृतकों को जिला मुख्यालय अस्पताल उथल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को कराची में भर्ती कराया गया है। मृतकों में पांच महिलाएं, तीन बच्चे और सात पुरुष शामिल हैं। सभी की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। इस बीच, समा टीवी ने एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा कि सुबह कोहरे के कारण खराब दृश्यता से यह हादसा हुआ।
02 Feb, 21 05:59 PM
देश में एक दिन में कोविड-19 के 8,635 नए मामले सामने आए जो पिछले आठ महीने में सबसे कम हैं। वहीं, करीब नौ महीने के बाद संक्रमण से मौत के रोजाना के मामलों की संख्या भी 100 से नीचे पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे तक के जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 1,07,66,245 हो गई है तथा संक्रमण से मौत के 94 नए मामलों के साथ कुल मृतक संख्या 1,54,486 हो गई है।
02 Feb, 21 05:33 PM
तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के अगले ही दिन मंगलवार को डायमंड हार्बर के विधायक दीपक हलदर भाजपा में शामिल हो गये। दो बार के विधायक हलदर पश्चिम बंगाल के दक्षिणी 24 परगना जिले में यहां एक जनसभा में कई अन्य तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गये। उनका निर्वाचन क्षेत्र, डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। हलदर ने तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व पर लोगों के लिए उन्हें काम नहीं करने देने का आरोप लगाते हुए सत्तारूढ़ पार्टी छोड़ी है। वह हाल ही में बनर्जी की एक जनसभा में नहीं पहुंचे थे। इससे उनके अगले राजनीतिक कदम के बारे में अटकलें लगने लगी थीं।
02 Feb, 21 04:34 PM
कांग्रेस ने केरल के लिए प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया
कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी और ओमन चांडी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सोनिया गांधी ने इस समिति के गठन को स्वीकृति प्रदान की।
केरल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इस समिति में एंटनी और चांडी के अलावा वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन, वरिष्ठ नेता वायलार रवि, के. मुरलीधरन, वीएम सुधीरन, के. सुधाकरन और कई अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस के शोध विभाग ने तीन राष्ट्रीय समन्वयकों और कुछ अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की है।
02 Feb, 21 04:33 PM
नए सीरो सर्वेक्षण में दिल्ली के 56.13 फीसदी लोगों में मिली कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडीः जैन
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को कहा कि जनवरी में किए गए ताजा सीरो सर्वेक्षण में शामिल 56.13 फीसदी लोगों में कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी (प्रतिरक्षी) मिली हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सामूहिक रोग प्रतिरोधक क्षमता की ओर बढ़ रही है लेकिन इस बारे में " सिर्फ विशेषज्ञ ही स्पष्ट बता पाएंगे।" उन्होंने कहा कि पांचवां सीरो सर्वेक्षण 15 से 23 जनवरी के बीच किया गया था। यह देश में अबतक का सबसे बड़ा सीरो सर्वेक्षण है। जैन ने कहा कि दक्षिण पश्चिम दिल्ली जिले में सबसे ज्यादा 62.18 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी पाई है जबकि उत्तरी दिल्ली में सबसे कम 49.09 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी दर्ज की गई हैं।
02 Feb, 21 03:56 PM
भारत की रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रह सकते : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रह सकता। सिंह ने यहां हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की दूसरी एलसीए-तेजस निर्माण सुविधा का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि भारत ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के तहत अपनी रक्षा उत्पादन क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में तत्पर है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रह सकता।’’ सिंह ने कहा कि हल्का लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस न केवल स्वदेशी है बल्कि अनेक मानकों पर अपने विदेशी समकक्षों से बेहतर भी है और अपेक्षाकृत सस्ता है। उन्होंने कहा, ‘‘अनेक देशों ने तेजस में रुचि दिखाई है। भारत कुछ साल में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में 1.75 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य को हासिल करेगा।’’
02 Feb, 21 02:17 PM
गाजीपुर बॉर्डर: राकेश टिकैत से मिले संजय राउत
शिवसेवा नेता संजय राउत दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे जहां किसान पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर पहुंचकर संजय राउत ने किसान नेता राकेश टिकैत से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस आंदोलन में किसानों के साथ है। संजय राउत ने कहा, 'हम समर्थन देने यहां आए हैं। उद्धव ठाकरे किसानों का समर्थन करते हैं। महाराष्ट्र सरकार इस आंदोलन के साथ है।।'
02 Feb, 21 12:48 PM
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
किसानों के मुद्दे पर विपक्ष के लगातार हंगामे को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 9 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
02 Feb, 21 11:51 AM
राज्य सभा: तीसरी बार कार्यवाही स्थगित
राज्यसभा में आज लगातार हंगामा जारी है। आलम ये है कि सुबह से तीसरी बार सदन की कार्यवाही को स्थगित किया गया है। विपक्षी दल किसानों के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। राज्यसभा चेयरमैन ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का हवाला देते हुए कल इस मसले पर चर्चा की बात कही गई है। हालांकि विपक्षी सांसद मानने को तैयार नहीं हैं। सदन में सुबह से नारेबाजी भी होती रही है। दिन में आज सदन की कार्यवाही तीसरी बार दोपहर 12.30 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
02 Feb, 21 10:16 AM
भारत में 24 घंटे में कोरोना के 8,635 नए मामले, 94 की मौत
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8,635 नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इसी के साथ कुल मामलों की संख्या 1,07,66,245 हो चुकी है। 94 नई मौतों के साथ, मरने वालों का आंकड़ा 1,54,486 पहुंचा है। देश में अभी एक्टिव केस 1,63,353 हैं। वहीं, 39,50,156 लोगों को देश में कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। 14 मई के बाद पहली बार देश में 24 घंटे में कोरोना से मरने वालों की संख्या 100 से कम हुई है।
02 Feb, 21 09:45 AM
राज्य सभा में हंगामा
किसानों के आंदोलन के मुद्दे पर राज्य सभा हंगामा, विपक्ष ने वॉक आउट किया।
02 Feb, 21 09:32 AM
शेयर बाजार में उछाल
शेयर बाजार में आज भी उछाल दर्ज की जा रही है। बाजार खुलते ही सेंसेक्स ने 900 से अधिक अंकों की छलांग लगाई है और 49,580.48 अंकों पर पहुंच गया है। वहीं, निफ्टी में भी 356 अंकों की उछाल है। निफ्ट 14,634 अंकों पर है। इससे पहले कल भी बजट पेश होने के बाद बाजार में रौनक दिखी थी। सोमवार को सेंसेक्स 2,314.84 अंक यानी पांच प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,600.61 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 646.60 अंक यानी 4.74 प्रतिशत बढ़कर 14,281.20 अंक पर बंद हुआ।
02 Feb, 21 08:07 AM
मुंबई: NCB ने ड्रग के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सोवार रात मुंबई के माहिम में छापेमारी की। तीन लोगों के पास से मेफेड्रोन (MD) ड्रग कॉमर्शियल क्वांटिटी में सीज किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बीच महाराष्ट्र से ये खबर भी है कि ड्रग पेडलर चिंकू पठान को बीमार पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे 20 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।
02 Feb, 21 07:24 AM
किसान करेंगे चक्का जाम
किसान यूनियनों ने छह फरवरी को ‘चक्का जाम’ करने की घोषणा की है। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान अपने आंदोलन स्थलों के निकट क्षेत्रों में इंटरनेट प्रतिबंध, अधिकारियों द्वारा कथित रूप से उत्पीड़न करने और अन्य मुद्दों के खिलाफ तीन घंटे तक राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों को अवरुद्ध कर अपना विरोध दर्ज करायेंगे। चक्का जाम छह फरवरी की दोपहर 12 बजे से अपराह्र तीन बजे तक किया जाएगा।