गांधीनगर: गुजरात के नवसारी जिले में शनिवार तड़के एक लग्जरी बस और एसयूवी की टक्कर में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
ऐसे में हादसे की खबर मिलते ही राहत बचाव टीम मौके पर पहुंची थी और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया था। हालांकि यह हादसा किस कारण हुआ है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा
नवसारी के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के वेस्मा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त बस वलसाड जा रही थी, जबकि एसयूवी सामने से आ रही थी।
उपाध्याय के मुताबिक, हादसे में बस चालक के साथ-साथ एसयूवी में सवार नौ लोगों में से आठ की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि एसयूवी में यात्रा कर रहे लोग गुजरात के अंकलेश्वर के रहने वाले थे और वलसाड से अपने गृहनगर लौट रहे थे।
ड्राइवर को आया हार्ट अटैक- दावा
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद बस ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा था जिस कारण उसे पास के अस्पताल में एडमिट कराया गया है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था जिसे काफी मुश्किल से साफ कराया गया था।
ऐसे में किस कारण यह हादसा हुआ है, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने मृतकों के लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
भाषा इनपुट के साथ