Vaishali Crime News: राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा के साथ 55 वर्षीय सुरक्षा गार्ड ने किया दुष्कर्म, चॉकलेट देने के बहाने कमरे में घुसकर...
By एस पी सिन्हा | Published: November 11, 2023 03:49 PM2023-11-11T15:49:59+5:302023-11-11T15:50:54+5:30
Vaishali Crime News: पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड 55 वर्षीय मोहम्मद हकीम को गिरफ्तार किया है।
Vaishali Crime News: बिहार में वैशाली जिले के बेलसर ओपी क्षेत्र में एक राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा के साथ एक सुरक्षा गार्ड के द्वारा दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना शुक्रवार की देर रात की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड 55 वर्षीय मोहम्मद हकीम को गिरफ्तार किया है।
आरोपित सुरक्षा गार्ड बेलसर ओपी के चिंतावन पुर का बताया गया है। बताया जाता है कि पॉलिटेक्निक के छात्रा के साथ 55 वर्षीय लॉज के गार्ड ने चॉकलेट देने के बहाने उसके कमरे में घुसकर दुष्कर्म किया। दरअसल, बेलसर पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं कॉलेज के पास ही स्थित एक लॉज में रहती हैं।
भागलपुर की रहने वाली छात्रा भी उसी लॉज में रह रही थी। इसी बीच दीपावली की छुट्टी में सभी छात्राएं घर चली गई, लेकिन पीड़ित छात्रा की ट्रेन छूट गई और वह अपने घर नहीं जा सकी। छात्रा लॉज में अकेली थी, जिसका फायदा उठाते हुए लॉज का गार्ड मोहम्मद हकीम देर रात छात्रा के कमरे में घुस गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़ित लड़की ने बताया कि आरोपी गार्ड लॉज में रहने वाली सभी लड़कियों पर गंदी नजर रखता था और उनके साथ छेड़खानी भी किया करता था और लॉज में अकेली पाकर उसने जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस संबंध में बेलसर ओपी अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि लॉज गार्ड ने पॉलिटेक्निक की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है। पॉलिटेक्निक की छात्रा को चॉकलेट देने के बहाने लॉज गार्ड ने दरवाजा खुलवाया था। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।