Sanjeev Mukhiya Arrested: 3 लाख इनाम, नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया, दानापुर के सगुना मोड़ में अपार्टमेंट में था...
By एस पी सिन्हा | Updated: April 25, 2025 14:20 IST2025-04-25T14:19:58+5:302025-04-25T14:20:51+5:30
Sanjeev Mukhiya Arrested: नीट पेपर लीक कांड में यह सबसे प्राइम टारगेट था। बहुत लंबे समय से यह फरार था और पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

file photo
पटनाः नीट पेपर लीक कांड मामले में 11 महीने से फरार चल रहे मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को आखिरकार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने पटना के दानापुर इलाके से धर दबोचा। ईओयू के एडीजी नैय्यर हसनैन खान ने बताया कि गुरुवार की रात ईओयू को संजीव मुखिया का इनपुट मिला और पुलिस ने दानापुर के सगुना मोड़ इलाके में एक अपार्टमेंट की घेराबंदी की और छापेमारी कर मास्टरमाइंड को धर दबोचा। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान दानापुर पुलिस का पूरा सहयोग रहा। फिलहाल, संजीव मुखिया से पूछताछ जारी है। नैयर हसनैन खान ने बताया कि आर्थिक अपराध इकाई की विशेष टीम काफी दिनों से संजीव मुखिया के पीछे लगी हुई थी। नीट पेपर लीक कांड में यह सबसे प्राइम टारगेट था। बहुत लंबे समय से यह फरार था और पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
देर रात हमारी टीम को इनपुट मिला कि संजीव मुखिया सगुना मोड इलाके में छिपा है। इसके बाद सगुना मोड़ इलाके में छापेमारी की गई और एक अपार्टमेंट से संजीव मुखिया को गिरफ्तार किया गया। अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संजीव मुखिया से प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और आगे जो भी एक्शन होगा उसकी जानकारी दी जाएगी।
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में पहले कई गिरफ्तारियां भी की जा चुकी हैं। कई परीक्षाओं के पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया की पुलिस को लंबे वक्त से तलाश रही थी। अब वह भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। संजीव मुखिया पर बिहार पुलिस मुख्यालय ने 3 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
उल्लेखनीय है कि 5 मई 2024 को हुए नीट पेपर लीक के बाद से मास्टरमाइंड संजीव मुखिया फरार चल रहा था। पटना सिविल कोर्ट ने बीते जनवरी महीने में नीट पेपर लीक मामले में आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट जारी करते वक्त कोर्ट ने था कि अगर 1 महीने में संजीव मुखिया को गिरफ्तार नहीं किया जाता या फिर खुद कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो आरोपी की संपत्ति कुर्क की जाएगी। तभी से संजीव मुखिया की पुलिस तलाश कर रही थी।पुलिस के लिए संजीव मुखिया की गिरफ्तारी एक अहम कड़ी मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार ईओयू की टीम संजीव मुखिया को किसी सीक्रेट स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही है। संजीव मुखिया से ईओयू की टीम पेपर लीक मामले में उससे अलग-अलग सवाल पूछ रही है। साथ ही उससे यह भी पूछा जा रहा है कि वह इतने दिनों तक कहां छिपा था? वहीं ईओयू की टीम संजीव मुखिया से कुछ ऐसी अहम जानकारी जुटाने में लगी है, जिससे नीट पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।