नोएडाः किशोरियों को अगवा कर बेच रहे थे पति और पत्नी, पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे दंपति को किया अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 30, 2021 07:01 PM2021-06-30T19:01:27+5:302021-06-30T19:04:34+5:30
सूरजपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को एक सूचना के आधार पर पवन और उसकी पत्नी गीता उर्फ आरती को गिरफ्तार किया गया, दोनों वर्ष 2017 से फरार चल रहे थे।
नोएडाः गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने किशोरियों को अगवा कर बेचने वाले गिरोह के कथित सरगना तथा उसकी पत्नी को बुधवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दंपति चार साल से फरार चल रहा था और उसके पांच साथी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। सूरजपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को एक सूचना के आधार पर पवन और उसकी पत्नी गीता उर्फ आरती को गिरफ्तार किया गया, दोनों वर्ष 2017 से फरार चल रहे थे।
उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ 25 जनवरी वर्ष 2017 में सूरजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने उस समय कार्रवाई करते हुए अरविंद, योगेश, पवन, गणेश, मनोज को गिरफ्तार किया था। इस गिरोह का सरगना पवन और उसकी पत्नी गीता फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस ने आज गिरफ्तार किया।
सिंह के मुताबिक पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जनवरी 2017 में चार किशोरियों को अपने जाल में फंसा कर अगवा किया था और बाद में उन्हें बेच दिया था। आरोपियों ने अपहृत किशोरियों के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म भी किया था।