पटना: बिहार में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ हो चुके अपराधी एक के बाद एक अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पटना से सटे मनेर थाना इलाके सामने आया, जहां अपराधियों ने बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर हमला कर दिया। व्यापुर पूर्वी गली में शुक्रवार की देर रात हमलावरों ने फायरिंग के साथ-साथ तलवार, लाठी और रोड़ेबाजी भी जमकर की। इस हिंसक घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र राजेश कुमार उर्फ पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। मनीष और नितीश का इलाज एम्स पटना में चल रहा है, जबकि पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, मुकेश, दीपक (स्व. सतेंद्र के पुत्र) और प्रिंस समेत चार लोगों पर हमले का आरोप है।
आरोप है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की और उसके बाद तलवार व लाठी-डंडों से हमला किया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की आवाजें सुनी जा सकती हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की आवाजें सुनी जा सकती हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए।
पटना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश या सुनियोजित साजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।