बिहार: कटिहार में रेप आरोपी को गांव वालों ने दी मौत की सजा, पुलिस जुटी छानबीन में
By एस पी सिन्हा | Published: October 7, 2022 07:07 PM2022-10-07T19:07:49+5:302022-10-07T19:12:48+5:30
बिहार में कटिहार जिले में रेप आरोपी एक शख्स की गांव वालों ने इतनी पिटाई की कि इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।
पटना: बिहार में कटिहार जिले के हसनगंज थाना क्षेत्र में एक नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले मोहम्मद सगीर को भीड़ द्वारा मौत की सजा दी गई। आरोपी के इस गंदे काम से नाराज गांव वालों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि युवक एक नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद ग्रामीणों ने पकड़ा था।
गुरुवार को ग्रामीणों ने मोहम्मद लसगीर को पकड़ने के बाद उसे पेड़ से बांधा और अधमरा होने तक उसकी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के बाद युवक बुरी तरह से घायल हो गया। वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ से आरोपी को छुड़ाया और घायल अवस्था में अस्पताल ले गई। वहां इलाज के क्रम में गुरूवार की रात में उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि 30 साल के मोहम्मद सगीर ने रात के दो बजे मां के साथ सो रही नौ साल की बच्ची को उठाकर बहियार (गांव से बाहर) ले गया। जहां उसने उस छोटी सी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के द्वारा शोर करने पर आरोपी युवक ने उसे नदी में भी डुबाने का प्रयास किया।
इधर, सो रही मां की नींद खुली और बेटी को नहीं देखने पर उसकी खोजबीन करने लगी। घर से कुछ दूर गैस गोदाम के पास बच्ची और मोहम्मद सगीर बिना कपड़ों के मिले। बच्ची ने घर पहुंचते ही परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताई।
इसके बाद आक्रोशित परिजनों और गांव वालों ने आरोपी मोहम्मद सगीर को पकड़कर गांव के चौराहे पर एक खजूर के पेड़ से बांध दिया और उसे जमकर पीटा। इस दौरान वह अधमरा हो गया। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
वहीं इस संबंध में हसनगंज थाना प्रभारी रामचंद्र मंडल ने बताय़ा कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची गई और कथित आरोपी को मुश्किल से गांव वालों के चंगुल से छुड़ाया। उसके साथ ही उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में जो भी दोषी हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृत मोहम्मद सगीर के पर पहले से ही बलात्कार का केस चल रहा था।