बिहारः महिला शिक्षिकाओं को रात में फोन कर करता था परेशान, डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन बलबीर सिंह बेनीवाल बर्खास्त

By एस पी सिन्हा | Published: April 2, 2021 04:09 PM2021-04-02T16:09:04+5:302021-04-02T20:37:00+5:30

बिहार विधान परिषद में यह मामला उठा तो विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच कराई गई।

Bihar Dairy Engineering College Dean Balbir Singh Beniwal sacked Women teachers harassed calling at night | बिहारः महिला शिक्षिकाओं को रात में फोन कर करता था परेशान, डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन बलबीर सिंह बेनीवाल बर्खास्त

बेनीवाल के मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने आंतरिक कमेटी बनाई थी, जिसने महिलाओं से जुड़े मामले की जांच की। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Highlightsडीन डॉ. बलबीर सिंह बेनीवाल की दो साल पहले संजय गांधी डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज में नियुक्ति हुई थी। योग्यता पर कई शिक्षकों ने सवाल उठाया था।तब विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को दबाए रखा।

पटनाः बिहार में महिला शिक्षिकाओं को रात में फोन कर परेशान करना कॉलेज के डीन को महंगा पड़ गया। मामला जैसे ही बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामेश्वर सिंह के पास पहुंचा, उन्होंने संजय गांधी डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन डॉ. बलबीर सिंह बेनीवाल को बर्खास्त कर दिया।

उन पर महिला शिक्षिका को रात में फोन करने और अन्य शिक्षकों को परेशान करने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि डीन डॉ. बलबीर सिंह बेनीवाल की दो साल पहले संजय गांधी डेयरी इंजीनियरिंग कॉलेज में नियुक्ति हुई थी। उस समय से ही उनपर इस तरह के आरोप लगने शुरू हो गए थे, उनकी योग्यता पर कई शिक्षकों ने सवाल उठाया था, लेकिन तब विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को दबाए रखा।

महिला शिक्षिका के आरोपों और बिहार विधान परिषद में मामला उठाए जाने के बाद भी आरोपित डीन कॉलेज में आते रहे। इसके बाद कॉलेज के अन्‍य शिक्षकों ने हंगामा किया तो डीन को कॉलेज आने से मना करते हुए जांच शुरू की गई। डॉ. बेनीवाल के मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने आंतरिक कमेटी बनाई थी, जिसने महिलाओं से जुड़े मामले की जांच की।

जांच रिपोर्ट आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया। इसके पहले डॉ. बेनीवाल पर हरियाणा में भी छात्राओं ने छेड़खानी करने का आरोप लगाया था और उन्हें निलंबित किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर एक सप्ताह पहले शिक्षकों ने प्रदर्शन भी किया था।

शिक्षकों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। कई अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हैं। राजद के विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने इस विश्‍वविद्यालय के कुलपति पर भी 12 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है। यह मामला भी सदन में उठाया जा चुका है। पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी ने इस मामले में उचित कार्रवाई का आश्‍वासन दिया था, इस मामले की जांच भी राजभवन कर रहा है।

Web Title: Bihar Dairy Engineering College Dean Balbir Singh Beniwal sacked Women teachers harassed calling at night

क्राइम अलर्ट से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे