16 मार्च... आज ही के दिन लगा'शतकों का शतक', 34 पारियों तक करना पड़ा था सचिन तेंदुलकर को इतंजार

भारत की ओर से 463 वनडे खेलने वाले तेंदुलकर ने इस फॉर्मेट में 86.23 की स्ट्राइक के साथ 18,426 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 49 शतक समेत 96 अर्धशतक भी जमाए।

By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Published: March 16, 2020 12:29 PM

Open in App
ठळक मुद्दे15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ की थी अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत।100 अंतर्राष्ट्रीय शतक जड़ने वाले विश्व के एकमात्र क्रिकेटर।भारत के लिए 14 नवंबर 2013 को खेला था आखिरी मुकाबला।

16 मार्च... आज का दिन शायद ही कोई क्रिकेट प्रेमी भूल सके... और वो भी भारतीय। इस दिन ही मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में विश्व के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपना 100वां अंतर्राष्ट्रीय शतक पूरा किया था।

ये वो शतकों का शतक था, जिसका इंतजार पूरे विश्व को था। इसके लिए सचिन तेंदुलकर को एक साल से ज्यादा का इंतजार करना पड़ा था। 12 मार्च 2011 को इस बल्लेबाज ने 99वीं सेंचुरी पूरी कर ली थी, लेकिन सिर्फ एक अदद सेंचुरी के लिए फैंस ने एक साल और इंतजार किया।

इस दौरान तेंदुलकर ने 34 अंतर्राष्ट्रीय पारियां खेलीं, लेकिन इंतजार मशरफे मुर्तजा की गेंद पर पूरा हुआ, जो बांग्लादेश के खिलाफ उनका पहला वनडे शतक भी था। इसी के साथ तेंदुलकर ने पूर्ण सदस्य के खिलाफ वनडे और टेस्ट में सेंचुरी जड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया था।

हालांकि इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया ने 50 ओवरों में 289 रन बनाए, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 4 गेंद शेष रहते ही रहते 5 विकेट से जीत दर्ज कर उलटफेर कर दिया था।

रिकॉर्ड पर एक नजर: भारत की ओर से 463 वनडे खेलने वाले तेंदुलकर ने इस फॉर्मेट में 86.23 की स्ट्राइक के साथ 18,426 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 49 शतक समेत 96 अर्धशतक भी जमाए। वहीं बात अगर टेस्ट की करें तो 200 मैचों में इस खिलाड़ी ने 51 शतक और 68 अर्धशतक की मदद से 15,921 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में सचिन 2 हजार से ज्यादा चौके लगाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में 2058 चौके जड़े हैं। सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ 15 नवंबर 1989 को अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी, जबकि भारत के लिए आखिरी मैच 14 नवंबर 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक-

100 - सचिन तेंदुलकर (भारत) - 664 मैच।

71 - रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 560 मैच।

70 - विराट कोहली (भारत) - 416 मैच।

63 - कुमार संगकारा (श्रीलंका) - 594 मैच।

62 - जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 519 मैच।

टॅग्स :सचिन तेंदुलकरभारतीय क्रिकेट टीमभारत vs बांग्लादेशबांग्लादेश क्रिकेट टीममशरफे मुर्तजा

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या