मुंबई: फिल्ममेकर करण जौहर का सेलेब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण' लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बार करण के शो पर कंटेंट चोरी करने का आरोप लगा है। लेखिका-पत्रकार मान्या लोहित आहूजा ने शो के हालिया एपिसोड में एक सेगमेंट पर आपत्ति जताते हुए दावा किया है कि उन्होंने बिना अनुमति या किसी क्रेडिट के उनके कंटेंट का इस्तेमाल किया।
लेखिका ने 'कॉफी विद करण' के 7वें सीजन पर चोरी का आरोप लगाया है और उल्लेख किया है कि जान्हवी कपूर और सारा अली खान की वाले हालिया एपिसोड में ऐसा कंटेंट शामिल था जिसे उन्होंने बिना अनुमति के बनाया था। एक सेगमेंट को लेकर पूरा विवाद है। लेखिका के आरोपों पर निर्माताओं और करण जौहर ने अभी तक एक बयान जारी नहीं किया है। शो के नए सीजनका प्रीमियर हर गुरुवार को डिज्नी+हॉटस्टार पर होता है।
मान्या ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "तो 'कॉफी विद करण' ने मेरा आइडिया उठा लिया, जो मैंने iDiva पर शुरू किया था और इसे ज्यो का त्यो उठा लिया गया है। यह मेरा आइडिया था और इन्हें लिखने में बहुत मजा आता था, लेकिन इसका श्रेय नहीं दिया गया जो कि स्वीकार्य नहीं है। अगर आप कॉपी उठाते हैं तो उसका क्रेडिट भी दीजिए।"
मान्या ने साल 2020 में iDiva के लिए लिखे गए एक लेख का लिंक भी पोस्ट किया, जिसमें ठीक यही प्रश्न था। उन्होंने अपने पोस्ट में करण जौहर, स्टार वर्ल्ड, डिज्नी+हॉटस्टार और शो की क्रिएटिव टीम श्रीमी वर्मा को टैग किया और कहा कि वह इसे जाने नहीं दे सकती। मान्या ने कहा कि वह अपने काम का श्रेय चाहती हैं, "यह दुनिया बदलने वाला काम नहीं हो सकता है, लेकिन फिर भी यह उनका है।"