फिल्म अंतिम: फाइनल ट्रुथ का पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, पोस्टर में सलमान खान और आयुष शर्मा को भिड़ते हुए दिखाया गया है। फिल्म के पहले पोस्टर में सलमान पगड़ी बांधे हुए पुलिस ऑफिसर के रूप में दिखाई दे रहे हैं जबकि आयुष शर्मा खूंखार गैंग्स्टर के रूप में दिख रहे हैं। दोनो के बीच संघर्ष को दर्शाया गया है, जो अलग-अलग विचारधाराओं वाले एक पुलिस और गैंगस्टर के इर्द-गिर्द घूमती साजिश को दिखाता है। दो-नायकों वाली इस फिल्म के टाइटल 'अंतिम' में दो अलग अलग ताकतवर शख्सियतों को भिड़ते हुए दिखाया गया है जिसमें एक पुलिस ऑफिसर होता है तो दूसरा गैंग्स्टर।
आयुष शर्मा असल जिंदगी में सलमान के जीजा लगते हैं, इसके पहले आयुष शर्मा फिल्म लव यात्री में दिखे थे जिसमे उन्होने एक गुजराती लड़के का रोल निभाया था। वहीं फिल्म अंतिम में आयुष एक खतरनाक और मजबूत गैंगस्टर के रूप में नज़र आएंगे।
आयुष शर्मा, सलमान खान जैसे सुपरस्टार के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करने के बावजूद, पोस्टर में अपने दमदार लुक के लिए तारीफें बटोर रहे हैं। फिल्म अंतिम सलमान खान द्वारा निर्मित और महेश मांजरेकर द्वारा निर्देशित है।
सुपरस्टार सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर करना कोई आम बात नहीं। ऐसे में यह आयुष के लिए काफी चैलेंजिंग होने वाला है कि वह सलमान के अलावा अपने लिए भी तारीफें बटोरें। सलमान खान को भी इस फिल्म से काफी उम्मीदें है। आयुष शर्मा की यह दूसरी फिल्म है जिसमें देखना ये होगा कि वह दर्शकों को प्रभावित कर पाते हैं।