लाइव न्यूज़ :

इराक में अमेरिकी बलों की मौजूदगी वाले सैन्य हवाईअड्डे पर रॉकेट दागे गए: अमेरिकी बल

By भाषा | Updated: March 3, 2021 20:49 IST

Open in App

बगदाद, तीन मार्च (एपी) पश्चिमी इराक में अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन बलों की मौजूदगी वाले एक सैन्य हवाईअड्डे को निशाना बनाकर बुधवार को कम से कम 10 रॉकेट दागे गए।

गठबंधन और इराकी बलों ने यह जानकारी दी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं।

गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल वायने मारोट्टो ने बताया कि अनबार प्रांत के ऐन अल-असद सैन्य हवाईअड्डे पर सुबह सात बजकर 20 मिनट पर रॉकेट दागे गए। किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

मारोट्टो ने बताया कि इराकी सुरक्षा बल इस हमले की जांच का नेतृत्व कर रहे हैं।

बाद में, इराकी सेना ने एक बयान में कहा कि हमले में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सुरक्षा बलों ने मिसाइलों के लिए इस्तेमाल किए गए लॉन्च पैड का पता लगा लिया है।

इराकी सेना के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि अनबार के अल-बगदादी में एक जला हुआ ट्रक मिला है। वीडियो में एक सुनसान जगह पर जल रहा मध्यम आकार का ट्रक नजर आ रहा है। यह जगह ऐन अल-असद सैन्य हवाईअड्डे से करीब पांच मील (आठ किलोमीटर) दूर है।

अमेरिका ने पिछले सप्ताह सीरिया-इराक की सीमा के पास ईरान-समर्थित मिलिशिया संगठनों के ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए थे, जिसमें मिलिशिया के एक सदस्य की मौत हो गई थी। अमेरिका के उस हमले के बाद यह पहला हमला है। अमेरिकी हमले के बाद से जवाबी हमले की आशंका जताई जा रही थी ।

पिछले साल बगदाद हवाईअड्डे के बाहर अमेरिका के हमले में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी। बुधवार को उसी सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया, जिस पर सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए पिछले साल जनवरी में ईरान ने मिसाइलों से हमला किया था। उसमें कई अमेरिकी घायल हो गये थे।

इराक में ब्रिटिश राजदूत ने इस हमले की निंदा की और ट्वीट किया,‘‘ गठबंधन बल इराक में इराक सरकार के निमंत्रण पर दाएश का मुकाबला करने के लिए हैं। इन आतंकवादी हमलों से दाएश के खिलाफ संघर्ष कमजोर हेागा एवं इराक अस्थिर हेागा।’’

दाएश शब्द इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

इस सैन्य अड्डे पर डेनमार्क के भी सैनिक थे। डेनमार्क ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि ऐन अल असद पर गठबंधन बल इराकी सरकार के अनुरोध पर आए थे, ताकि देश में स्थिरता कायम हो सके और देश की सुरक्षा हो सके।

डेनमार्क के विदेश मंत्री जेप्पे कोफोद ने ट्वीट किया, ‘‘इराक में ऐन अल असद सैन्य अड्डे पर निंदनीय हमले पूर्णतय: अस्वीकार्य हैं।’’

यह रॉकेट हमला ऐसे समय में हुआ है, जब दो दिन बाद पोप फ्रांसिस इराक की यात्रा पर आने वाले हैं और इस दौरान उनका बगदाद, दक्षिणी इराक और इरबिल जाने का कार्यक्रम है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्व'अगर युद्ध छिड़ता है और पाकिस्तान शांति स्थापित करने में नाकाम रहता है, तो इज़रायल पर हमला करना हमारा फ़र्ज़ है': तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगान

भारतबिहार: 14 अप्रैल को होगी नीतीश सरकार कैबिनेट की आखिरी बैठक, भाजपा में मुख्यमंत्री के नामों को लेकर जारी है मंथन

क्रिकेटKKR के लिए एक बड़ी राहत! NOC मिलने के बाद पथिराना टीम में शामिल होने के लिए तैयार

बॉलीवुड चुस्की'दम मारो दम' से 'चुरा लिया' तक: आशा ताई के सुरों का जादू, जिसने बदल दिया संगीत का अंदाज

कारोबारAsha Bhosle net worth: संगीत ही नहीं, बिजनेस से भी कमाई?, जानिए आशा भोसले कितनी अमीर थीं?

विश्व अधिक खबरें

विश्वIslamabad Talks: ईरान के साथ वार्ता विफल, जेडी वेंस इस्लामाबाद से रवाना; पाकिस्तान ने दोनों देशों से की ये अपील

विश्वअमेरिका-ईरान वार्ता के तीन दौर बेनतीजा, जेडी वैंस बोले- हमने 'बेस्ट ऑफर' दिया लेकिन बात नहीं बनी

विश्वडोनाल्ड ट्रंप ने दी चीन को चेतावनी, कहा- 'ईरान की मदद करने पर भुगतना होगा अंजाम'

विश्वअमेरिका ईरान की जब्त संपत्तियां रिहा करने पर हुआ सहमत, इस्लामाबाद वार्ता के बीच रिपोर्ट का दावा

विश्वUS-Iran War: अमेरिका-ईरान वार्ता के लिए वैंस की टीम इस्लामाबाद पहुंची, ट्रंप बोले— 'गुड लक'