Coronavirus: दुनिया भर में कोरोना वायरस के 11 लाख से ज्यादा मामले, 59000 मौतें, अमेरिका में कोविड-19 से मची तबाही
By निखिल वर्मा | Published: April 4, 2020 11:23 AM2020-04-04T11:23:16+5:302020-04-04T11:23:16+5:30
दुनिया भर में कोरोना वायरस का संकट और गहरा गया है और इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या शनिवार को 59,000 पार पहुंच गई,जबकि विश्वभर में संक्रमित लोगों की संख्या 11.17 लाख से अधिक हो चुकी है।
कोरोना वायरस ने इटली, अमेरिका, स्पेन, फ्रांस और ब्रिटेन में कहर मचाया है। पिछले 24 घंटों में दुनिया भर में रिकॉर्ड कोरोना वायरस के 83000 से ज्यादा मामले मिले हैं जबकि करीब 6000 लोगों की मौत हुई है। विशेषज्ञ आगाह कर रहे हैं कि दुनिया भर में कोविड-19 से 11 लाख लोगों के प्रभावित होने का आंकड़ा कुल संक्रमण का एक छोटा सा हिस्सा हो सकता है क्योंकि इसकी जांच प्रणाली अब भी बड़े पैमाने पर उपलब्ध नहीं है।
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1,480 लोगों की मौत
अमेरिका में कोविड-19 संक्रमण के कारण करीब 1500 लोगों की मौत हो गई जो यह महामारी फैलने के बाद दुनिया के किसी भी देश में 24 घंटों में मृतकों की सबसे अधिक संख्या है। ‘जॉन्स हॉप्किन्स’ विश्वविद्यालय के ट्रैकर ने यह आंकड़ें दिए हैं। अमेरिका में इस संक्रामक रोग से अब तक 7402 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना वायरस के अब तक 2.77 लाख केस सामने चुके हैं। जो दुनिया भर में मिले केसों की संख्या का 25 फीसदी है।
फ्रांस ने छोड़ा चीन को पीछे
कोविड-19 मरीजों की संख्या के मामले में अमेरिका, इटली, स्पेन, जर्मनी के बाद फ्रांस 5वें नंबर पर पहुंच गया है। फ्रांस में शुक्रवार को कोरोना वायरस से अस्पताल में 1120 लोगों की मौत हो गई। संक्रमण से रोजाना होने वाली मौतों का यह सर्वाधिक आंकड़ा है। इस महामारी से अब तक फ्रांस में कुल 6507 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां केसों की संख्या 82,165 हो गई है।
स्पेन का बुरा हाल
स्पेन में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 900 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। देश में ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ है जब इस संक्रमण ने 900 से अधिक लोगों की जान ले ली है। इटली के बाद स्पेन में इस वायरस से सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है। देश में अभी तक इस संक्रमण से 11198 लोगों की मौत हो चुकी है और 119199 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
कोरोना वायरस से प्रभावित टॉप 10 देश
देश | मामले | मौत |
अमेरिका | 277475 | 7402 |
इटली | 119827 | 14681 |
स्पेन | 119199 | 11198 |
जर्मनी | 91,159 | 1,275 |
फ्रांस | 82,165 | 6,507 |
चीन | 81,639 | 3,326 |
ईरान | 53,183 | 3,294 |
इंग्लैंड | 38,168 | 3,605 |
तुर्की | 20,921 | 425 |
तुर्की | 19,606 | 591 |
कोरोना वायरस से दुनिया भर में 59 हजार से ज्यादा मौतें
कोरोना वायरस का अब तक विश्व के 205 देशों में फैल चुका है। पूरी दुनिया में इस वायरस के अब तक 11.17 लाख मामले सामने आ चुके हैं जबकि इस वायरस के प्रकोप से 59203 मौतें हुई हैं। कोरोना वायरस से मौतों का सिलसिला दिसंबर 2019 में चीन के हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान शहर से हुई थी।
करीब 39 हजार लोगों की स्थिति नाजुक
दुनिया भर में अभी कोरोना वायरस के 8.29 लाख केस एक्टिव हैं। जबकि 2.28 लाख लोगों का इलाज सफलतापूर्वक किया जा चुका है। वहीं 39391 लोगों की स्थिति अभी क्रिटिकल है।
भारत में कोरोना वायरस के 2902 मामले
कोरोना वायरस के मामले भारत में बढ़ते जा रहे है। कोविड-19 मामलों की संख्या शनिवार को बढ़कर 2902 तक पहुंच गई, जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 के 2650 रोगियों का इलाज चल रहा है, जबकि 183 लोगों सफल इलाज किया जा चुका है। पिछले 12 घंटों में भारत में 355 नए मामलों की पुष्टि हुई है।
पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 2400 के पार
पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या शनिवार को 2686 पहुंच गई। अबतक कोरोना वायरस से 40 लोगों की मौत हुई है जबकि 126 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 10 लोगों की हालत नाजुक है।
ईरान में कोरोना वायरस से 134 और लोगों की मौत
ईरान ने शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 134 और लोगों की मौत होने की घोषणा की और इसके साथ ही देश में इस महामारी से मरने वालों की आधिकारिक संख्या 3,294 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता कियानोश जहांपोर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 2,715 नए मामले सामने आए हैं और देश में इनकी कुल संख्या बढ़कर 53,183 हो गई है। ईरान कोरोना वायरस महामारी से सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों में एक है और 19 फरवरी को देश में इस वायरस के संक्रमण से हुई पहली मौत के बाद से ही वह इस पर काबू पाने में जूझता नजर आ रहा है।