अफगानिस्तानः डटकर लड़ेंगे, 20 वर्षों की उपलब्धि को बेकार नहीं जाने देंगे, तालिबानी हमले के बीच राष्ट्रपति अशरफ गनी बोले
By सतीश कुमार सिंह | Updated: August 14, 2021 16:28 IST2021-08-14T16:27:42+5:302021-08-14T16:28:59+5:30
विद्रोहियों ने अधिकांश उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है और काबुल से लगभग 11 किलोमीटर (7 मील) दक्षिण में सरकारी बलों से जूझ रहे हैं।

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी टेलीविजन के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित किया।
काबुलः अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि वह 20 वर्षों की उपलब्धि को बेकार नहीं जाने देंगे और कहा कि तालिबान के हमले के बीच ‘परामर्श’ जारी है।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी टेलीविजन के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित किया। हाल के दिनों में तालिबान द्वारा प्रमुख क्षेत्रों पर कब्जा जमाए जाने के बाद से यह उनकी पहली सार्वजनिक टिप्पणी है। गनी की अंतिम सार्वजनिक उपस्थिति बुधवार को उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ में थी, जहां विद्रोहियों ने शनिवार तड़के चौतरफा हमला किया।
तालिबान ने उत्तरी, पश्चिमी और दक्षिणी अफगानिस्तान के अधिकांश हिस्से पर कब्जा कर लिया है, और अब वे राजधानी काबुल से सिर्फ 11 किलोमीटर दक्षिण में सरकारी बलों से जंग कर रहे हैं। तालिबान के आक्रमण में तेजी तब आई है जब तीन हफ्ते से भी कम समय में अमेरिका देश में चले 20 वर्षों के युद्ध के बाद अपनी अंतिम सैन्य टुकड़ी को वापस बुलाने वाला है। गनी और पश्चिमी देशों द्वारा समर्थित सरकार में अन्य शीर्ष अधिकारी चरमपंथियों द्वारा हाल में किए गए कब्जे पर चुप्पी साध रहे हैं।
तालिबान ने सभी लोगार पर कब्जा कर लिया और उसके प्रांतीय अधिकारियों को हिरासत में ले लिया। तालिबान राजधानी काबुल से सिर्फ 11 किलोमीटर (7 मील) दक्षिण में चार अयाब जिले में पहुंच गया है। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता मुनीर अहमद फरहाद के अनुसार, तालिबान ने उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ पर भी कई दिशाओं से हमला किया, इसके बाहरी इलाके में भारी लड़ाई शुरू कर दी।