करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुद्वारा में मत्था टेका है। जिसकी तस्वीर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेरा बाबा नानक की ओर रवाना होने से पहले शनिवार सुबह सुल्तानपुर लोधी में ऐतिहासिक बेर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेका। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। करतारपुर कॉरिडोर भारत के गुरदासपुर जिले में स्थित डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे को पाक स्थित करतारपुर साहिब गुरुद्वारे से जोड़ेगा।
डेरा बाबा नानक में वह करतारपुर गलियारे के यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे जिसे एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) भी कहा जाएगा। यहां गुरुद्वारे में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की पूर्व प्रमुख जागीर कौर ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वह गुरू नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर आयोजित होने वाले समारोहों की प्रभारी हैं।
पीएम मोदी ने ट्विटर पर इसकी तस्वीरें और वीडियो शेयर की है। पीएम मोदी के तस्वीर शेयर करते ही ये ट्विटर पर कई हजार बार शेयर किया गया है। महज कुछ मिनटों में ही इसे दस हजार से ज्यादा लाइक्स भी मिले।
मोदी करीब 20 मिनट तक गुरुद्वारे में रहे और उन्होंने कीर्तन सुना। गुरुद्वारे में मोदी के साथ पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर, मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और केंद्रीय मंत्री तथा शिअद की सांसद हरसिमरत कौर बादल मौजूद थीं। मोदी के यहां पहुंचने पर अमरिंदर सिंह ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर बदनौर और हरसिमरत कौर भी मौजूद थे।