भोपाल हादसे का दर्दनाक वीडियो वायरल, देखें, कैसे कुछ सेकेंड के भीतर ही झील में पलट गई नाव
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 13, 2019 12:34 PM2019-09-13T12:34:31+5:302019-09-13T12:55:08+5:30
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे को दुखद बताते हुए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भगवान गणपति विसर्जन के दौरान शुक्रवार सुबह नाव पलटने से 11 लोगों की डूबकर मौत हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसको ट्विटर और फेसबुक पर शेयर किया जा रहा है। हादसा तड़के सुबह 04.30 बजे हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि नाव ने किस तरह अपना बैलेंस खोया और महज कुछ सेकेंड में नाव के लोग झील में समा गये।
भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने न्यूज एजेंसी ‘भाषा’ को बताया कि घटना शहर के छोटे तालाब के खटलापुरा पर हुआ। सभी लोग नाव से गणपति विसर्जन के लिए लेकर गए थे। इस हादसे में दो और लोगों के डूबने की आशंका है। उनकी तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे को दुखद बताते हुए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि दुःख की इस घड़ी में सरकार र पीड़ित परिवारों के साथ है। उनकी हर संभव मदद की जायेगी। मृतकों के परिजन को सरकार की तरफ से 4-4 लाख रुपये सहायता राशि देने के उन्होंने निर्देश जारी किये। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही आएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (पीटीआई इनपुट के साथ)