उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

By हर्ष वर्धन मिश्रा | Published: October 10, 2022 10:47 AM2022-10-10T10:47:54+5:302022-10-10T10:53:33+5:30

Next

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। वह 82 साल के थे।

मुलायम सिंह यादव को सांस लेने में तकलीफ और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज (10 अक्टूबर) सुबह 8:16 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।

समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है। अखिलेश ने ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।’’

मुलायम सिंह यादव को पिछली दो अक्टूबर को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।"