सुबह जिसका किया था अंतिम संस्कार, वो शाम को जिंदा घर लौटा, जानें क्या है पूरा वाकया

By विनीत कुमार | Published: December 13, 2020 01:37 PM2020-12-13T13:37:01+5:302020-12-13T14:14:01+5:30

Next

मध्य प्रदेश के श्योपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक परिवार ने अपने घर के एक सदस्य का अंतिम संस्कार कर दिया था लेकिन शाम को वह शख्स जिंदा अपने घर लौट आया।

अंतिम संस्कार के बाद कोई शख्स जिंदा कैसे अपने घर लौट सकता है। ये सभी के लिए हैरानी करने वाली बात थी। शख्स के गांव में आते ही सभी उसे देख चौंक गए। घरवालों की भी हैरानी का ठिकाना नहीं है। आखिर पूरा मामला क्या है और कैसे ये सबकुछ हुआ, आईए हम आपको बताते हैं।

दरअसल, गुरुवार की शाम श्योपुर जिले के बड़ौदा क्षेत्र में पुलिस को एक अज्ञात शख्स का शव मिला। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर को सोशल मीडिया पर डाला।

तस्वीर देखने के बाद बड़ौदा के एक परिवार ने इसकी पहचान की और बताया कि वह उनके परिवार का है। बताया गया कि शख्स 4-5 दिन से गायब था। परिवार ने बताया कि उसका नाम दिलीप शुक्ला था और वह मानसिक रूप से कमजोर है।

बहरहाल, इसके बाद पुलिस ने शव के पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी को उसके परिजनों को सौंप दिया। परिवार वाले उसे दिलीप समझकर शव को घर ले आए और उसका विधिवत अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।

बहरहाल, कहानी में अभी ट्विस्ट बाकी था। दिलीप की मौत के बाद से घर में मातम पसरा हुआ था। इसी बीत उसी रात 8 बजे दिलीप घर पहुंच गया। ये देख परिवार समेत आस पड़ोस और गांव के लोग भी चौंक गए।

कहां तो अंतिम संस्कार के बाद आगे के विधि-विधान की तैयारी चल रही थी लेकिन इसी बीच दिलीप को जिंदा देख परिवार में पसरा मातम खुशी में बदल गया।

दिलीप के जिंदा मिलने से खुशी है लेकिन अब सवाल ये खड़ा हो गया है कि जिस अज्ञात शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह आखिर किसका था। पुलिस के लिए भी अब ये बड़ा रहस्य बन गया है।

अब दिलीप के परिजनों कह रहे हैं कि उन्हें फोटो और हुलिया के आधार पर शिनाख्त करने में गलती हुई है।

दूसरी ओर अज्ञात शव की तस्वीर के सहारे पुलिस एक बार फिर से उसकी शिनाख्त में जुट गई है। बहरहास, पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।