ITO से लेकर लाल किले तक, किसानों की ट्रैक्टर परेड के बीच दिल्ली में कहां-कहां मचा बवाल, तस्वीरों में देखिए

By विनीत कुमार | Published: January 26, 2021 03:34 PM2021-01-26T15:34:18+5:302021-01-26T15:34:55+5:30

Next

गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाली। कृषि आंदोलन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पहले ही इस परेड की बात कही थी। हालांकि, इस दौरान खूब हंगामा देखने को भी मिला।

किसानों के कुछ जत्थे तय समय से पहले ही ट्रैक्टर परेड के लिए निकल गए। इसके बाद कुछ जगहों पर पुलिस से उनकी भिड़ंत भी हुई।

किसानों की इस ट्रैक्टर परेड के दौरान पूरी दिल्ली में इसका असर दिखा। किसान ट्रैक्टर परेड के लिए निर्धारित रूट से अलग भी दिल्ली में कई स्थानों पर प्रवेश कर गए, जिसके बाद भारी बवाल हुआ।

किसानों की ट्रैक्टर परेड का असर दिल्ली के यातायात पर भी नजर आया। जीटीके रोड, आउटर रिंग रोड, बादली रोड, केएन काटजू मार्ग, मधुबन चौक, कंझावला रोड, पाला रोड, नरेला और डीएसआईडीसी नरेला रोड पर इसका खासा असर दिखा।

ट्रैक्टर परेड से हालात दिल्ली में एक समय कितने खराब हो गए थे। इसका एक नजारा लाल किला पर दिखा। यहां किसान संगठनों ने अपना झंडा फहरा दिया।

दिल्ली में अक्षरधाम के पास किसानों और पुलिस के बीच भिड़ंत हुई। इसमें किसानों को भी चोट आई। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। साथ ही लाठी चार्ज भी करनी पड़ी।

इस हिंसा में पुलिस के जवानों को भी चोटें आई। कई जगहों पर किसान पत्थरबाजी और लाठी डंडों से पुलिस को सड़क पर दौड़ाते दिखे।

इससे पहले सुबह सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर किसानों ने पुलिस का बैरिकेड तोड़ दिया। दिल्ली के आईटीओ भी किसान पहुंचे जहां भारी हंगामा हुआ।

ऐसे ही हालात दिल्ली के नांगलोई इलाके में भी देखने को मिले। प्रदर्शनकारी किसानों पर यहां भी पुलिस ने आंसू गैस के गोले इस्तेमाल किए।

दरअसल, दिल्ली पुलिस राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड समाप्त होने के बाद ही किसानों को निश्चित मार्गों पर ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दी थी। किसानों के मध्य दिल्ली की ओर जाने के हठ के बाद हालांकि अराजकता की स्थिति पैदा हो गई।