'हमारी लड़ाई महाराष्ट्र के गद्दार के खिलाफ है', संजय राउत बोले- हिम्मत है तो महापालिका चुनाव की घोषणा करें
By शिवेन्द्र कुमार राय | Published: June 18, 2023 06:46 PM2023-06-18T18:46:43+5:302023-06-18T18:49:00+5:30
राउत ने कहा कि अमित शाह से हमारा व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है। हम एक युद्ध में उतरे हैं। 2024 में सिर्फ राज्य ही नहीं इस देश पर भी हमें काबिज करना है। संजय राउत ने जल्द ही शिंदे सरकार के गिरने की बात कही और कहा कि अगर केंद्र और राज्य सरकार में हिम्मत है तो महापालिका चुनाव की घोषणा करें।
मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) के फायर ब्रांड नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने रविवार, 18 जून को केंद्र सरकार, पीएम मोदी, महाराष्ट्र की शिंदे सरकार और देवेंद्र फड़नवीस पर जमकर हमला बोला। संजय राउत ने जल्द ही शिंदे सरकार के गिरने की बात कही और कहा कि अगर केंद्र और राज्य सरकार में हिम्मत है तो महापालिका चुनाव की घोषणा करें।
एकनाथ शिंदे और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए संजय राउत ने कहा, "आप (शिंदे गुट) क्यों कह रहे हैं कि मुंबई पर कब्जा हो जाएगा? मुंबई तुम्हारे बाप की है? हिम्मत है तो चुनाव में उतरो। पाकिस्तान में तीन-तीन 'अ' चलते हैं अल्लाह, अमेरिका और आर्मी और भारत में सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स।"
संजय राउत ने कहा कि हम कोई कायदा कानून नहीं मानते, कायदा कानून गया चूल्हे में। बालासाहब ठाकरे की तैयार की हुई पीढ़ी ऐसी ही थी। उन्होंने आगे कहा, "सरकार हमारी आने दो, अगले दिन मोदी, शाह और फडणवीस हमारी पार्टी में प्रवेश करेंगे, लेकिन उन्हें पार्टी में लेना है या नहीं इसका फैसला उद्धव ठाकरे लेंगे। हमारी शिवसेना को कोई नहीं चुरा सकता, हमारे बाप बालासाहेब ठाकरे हैं। शिंदे की शिवसेना के पास डुप्लीकेट माल का ढेर है।"
राउत ने कहा कि केंद्र के कई नेता अक्सर मुंबई आते हैं। इन लोगों को लगता है कि मुंबई पर कब्जा हो जाएगा। हमारी लड़ाई महाराष्ट्र के गद्दार के खिलाफ है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस सरकार को बर्खास्त कर दिया। कोर्ट केवल मौत की सजा देती है, लेकिन फांसी देने के लिए जल्लाद की जरूरत होती है। राउत ने कहा कि अब अगले 50 दिनों में सरकार को श्रद्धांजलि देने का काम करना है।
राउत ने कहा कि अमित शाह से हमारा व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है। हम एक युद्ध में उतरे हैं। 2024 में सिर्फ राज्य ही नहीं इस देश पर भी हमें काबिज करना है।