विहिप ने देवस्थानम बोर्ड भंग करने के फैसले का स्वागत किया
By भाषा | Updated: November 30, 2021 19:28 IST2021-11-30T19:28:20+5:302021-11-30T19:28:20+5:30

विहिप ने देवस्थानम बोर्ड भंग करने के फैसले का स्वागत किया
नयी दिल्ली, 30 नवंबर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मंगलवार को उत्तराखंड सरकार के चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग करने के फैसले का स्वागत किया। साथ ही इस निर्णय को हिंदुओं और भारतीय संविधान की भावनाओं के अनुरूप करार दिया।
लंबे समय से आंदोलनरत तीर्थ पुरोहितों की मांग को मानते हुए उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को विवादास्पद चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग कर दिया। चारों हिमालयी धाम -बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहित इस बोर्ड को भंग करने की मांग कर रहे थे। विहिप भी पुरोहितों की मांग का समर्थन कर रही था।
विहिप ने एक बयान में कहा, '' विश्व हिंदू परिषद देवस्थानम बोर्ड भंग करने के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसले का स्वागत करता है।''
बयान के मुताबिक, विहिप अन्य राज्यों में भी मंदिरों को सरकार के नियंत्रण से ''मुक्त'' करने का अभियान जारी रखेगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।