लाइव न्यूज़ :

यूपी उपचुनाव: सपा को फायदा, एक-एक सीट भाजपा और बसपा से छीनी, आजम का जलवा कायम

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 24, 2019 20:49 IST

कुल 11 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार शाम तक आ गये। सत्ताधारी भाजपा ने सात और उसके सहयोगी अपना दल :सोनेलाल: ने एक सीट जीती। सपा ने जैदपुर सीट भाजपा से छीनी तो जलालपुर सीट बसपा से छीनकर अपने खाते में डाली।

Open in App
ठळक मुद्देभाजपा ने बलहा, गंगोह, मानिकपुर, घोसी, इगलास, लखनऊ कैण्ट और गोविन्दनगर सीटों पर जीत हासिल की।पाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के बृजेश वर्मा को 29 हजार 714 मतों से हराया।

उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में सबसे बड़ा लाभ सपा को हुआ, जिसने एक-एक सीट भाजपा और बसपा से छीनी जबकि रामपुर सीट पर कब्जा बरकरार रखा।

कुल 11 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे गुरुवार शाम तक आ गये। सत्ताधारी भाजपा ने सात और उसके सहयोगी अपना दल :सोनेलाल: ने एक सीट जीती। सपा ने जैदपुर सीट भाजपा से छीनी तो जलालपुर सीट बसपा से छीनकर अपने खाते में डाली।

रामपुर सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रहा। भाजपा ने बलहा, गंगोह, मानिकपुर, घोसी, इगलास, लखनऊ कैण्ट और गोविन्दनगर सीटों पर जीत हासिल की जबकि अपना दल :एस: ने प्रतापगढ़ सीट जीती। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि उपचुनाव में 'मोदी फैक्टर' का अभाव रहा, जिसने भाजपा की संभावनाओं पर असर डाला हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमकर प्रचार किया और भाजपा सभी 11 सीटों पर जीत का दावा कर रही थी।

उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में सपा प्रत्याशियों की विजय पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने के लिए मिला जनादेश है। यह भाजपा की गलत एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की नाराजगी है। रामपुर सीट पर सपा सांसद आजम खां की पत्नी और सपा प्रत्याशी तंजीन फातिमा ने भाजपा के भारत भूषण को 7700 से अधिक वोट से हरा दिया।

इगलास सीट पर भाजपा के राजकुमार सहयोगी ने बसपा के अभय कुमार को लगभग 26 हजार मतों से पराजित किया। गोविन्दनगर में भाजपा के सुरेन्द्र मैथानी ने कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर को 21 हजार से अधिक मतों से हराया। सबसे पहला परिणाम जैदपुर का आया। इस सीट पर सपा के गौरव कुमार ने भाजपा के अंबरीश को 4165 मतों से हराया। यह सीट सपा ने भाजपा से छीनी है।

बलहा :सुरक्षित: सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार है। यहां भाजपा की सरोज सोनकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की किरण भारती को 46 हजार 487 मतों से हराया। घोसी विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल करते हुए इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा।

निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक भाजपा के विजय कुमार राजभर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा समर्थित निर्दल प्रत्याशी सुधाकर सिंह को 1773 मतों से हराया। जलालपुर विधानसभा सीट सपा ने बसपा से छीन ली है। सपा प्रत्याशी सुभाष राय ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा की छाया वर्मा को 790 मतों के नजदीकी अंतर से पराजित करके बसपा से यह सीट छीन ली।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यह सीट बसपा ने जीती थी। अपना दल प्रत्याशी राजकुमार पाल प्रतापगढ़ विधानसभा सीट पर चुनाव जीत गये हैं। पाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के बृजेश वर्मा को 29 हजार 714 मतों से हराया। भाजपा की सहयोगी अपना दल ने अपनी यह सीट बरकरार रखी है। भाजपा ने लखनऊ कैण्ट सीट बरकरार रखी है।

पार्टी प्रत्याशी सुरेश चंद्र तिवारी ने इस सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के मेजर आशीष चतुर्वेदी को पराजित किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तिवारी को 56 हजार 684 मत मिले जबकि सपा के चतुर्वेदी को 21 हजार 261 मत हासिल हुए। कांग्रेस के दिलप्रीत सिंह को 19 हजार 445 और बसपा के अरुण द्विवेदी को 10 हजार 709 मत मिले।

लखनऊ कैण्ट सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी चुनाव जीती थीं। रीता के इलाहाबाद से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद लखनऊ कैण्ट सीट रिक्त हो गयी थी। कांग्रेस गंगोह में पहले बढ़त बनाये हुए थी लेकिन अंतिम दौर की मतगणना में भाजपा आगे हो गयी।

गंगोह विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ने ज्यादातर राउंड तक पीछे रहने के बाद जोरदार वापसी करते हुए अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी को हरा दिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि गंगोह उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कीरत सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार नोमान मसूद को 5362 मतों से हरा दिया है।

भाजपा प्रत्याशी को 68 हजार 237 मत जबकि मसूद को 62 हजार 875 वोट मिले। सपा के चौधरी इन्द्रसेन को 57 हजार 352 तथा बसपा के चौधरी इरशाद को 32 हजार 269 मत हासिल हुए। कांग्रेस ने लगातार बढ़त बनाये रहे अपने प्रत्याशी के ऐन मौके पर हारने का विरोध किया है।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा इतने अहंकार में है कि गंगोह से हमारे जीतते हुए प्रत्याशी को मतगणना स्थल से निकालकर उसके मंत्री ने जनता का निर्णय बदलवा दिया।

जिलाधिकारी को पांच- पांच बार फोन करके गड़बड़ी करायी गयी। यह लोकतंत्र का सरासर अपमान है। उन्होंने 'ट्वीट' कर कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ सख्ती से लड़ेगी। निर्वाचन आयोग से मांग है कि वह इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराये।

उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले सभी प्रत्याशियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी । योगी ने कहा, ''इस जीत को सभी चुने गए जन प्रतिनिधि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' के माध्यम से सबका विश्वास में बदलेंगे ।''

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि जीते हुए सभी प्रत्याशी जन आकांक्षाओं को पूरा करने में अपना पूर्ण योगदान देंगे तथा प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे । जिन 11 सीटों पर सोमवार को उपचुनाव हुए, उनमें से आठ पर भाजपा का और एक पर उसकी सहयोगी अपना दल :सोनेलाल: का कब्जा था।

दो सीटों पर सपा और बसपा का कब्जा था। मई के लोकसभा चुनावों में विधायकों के जीतने के बाद अधिकांश सीटों पर उपचुनाव कराने पडे़ । घोसी विधायक फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाये जाने के बाद यह सीट रिक्त हो गयी थी। 

टॅग्स :चुनाव आयोगउपचुनावकांग्रेसबीएसपीसमाजवादी पार्टीभारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)योगी आदित्यनाथअखिलेश यादवमायावती
Open in App

संबंधित खबरें

भारतबाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव में दर्शन-पूजन, सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे मंदिर, वीडियो

भारतपश्चिम बंगाल चुनावः 4660 अतिरिक्त मतदान केंद्र?, कुल संख्या 85379 और 23 और 29 अप्रैल को 2 चरणों में पड़ेंगे वोट

कारोबारकेरलम विधानसभा चुनावः वृद्ध आबादी 16.5 प्रतिशत?, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा सबसे बड़े चुनावी मुद्दे?, देखिए किस दल ने क्या दिया तोहफा?

ज़रा हटकेबनारस में सीएम यादव श्री राम भंडार में रुके और कचौड़ी, पूरी राम भाजी और जलेबी का स्वाद लिया?, वीडियो

भारतवाराणसी का रोम-रोम हुआ रोमांचित, दर्शकों ने देखा कैसा था सम्राट विक्रमादित्य का सुशासन, देखें Photos

भारत अधिक खबरें

भारतअल्केमिस्ट एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड केस से अलग हुए सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन, आखिर कारण

भारतLPG Cylinder Update: सिलेंडर के लिए अब लंबी वेटिंग खत्म! दिल्ली में बस ID कार्ड दिखाओ और 5KG सिलेंडर पाओ

भारतTamil Nadu Election 2026: क्या CBSE का नया सिलेबस भाषा विवाद की जड़? सीएम स्टालिन ने कहा- "भाषा थोपने का सुनियोजित प्रयास"

भारतFire Accident: ONGC मुंबई हाई प्लेटफॉर्म पर भीषण आग, 10 लोग घायल; राहत और बचाव कार्य जारी

भारतElection 2026: केरल में चुनावी हिंसा! शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन को भी पीटा, 5 धरे गए