Ujiarpur Bihar LS polls 2024: अगर राजद उम्मीदवार हार गया तो लालू और परिवार राजनीति छोड़ देगा, नित्यानंद राय ने दी चुनौती, यदि हम हारे तो...
By एस पी सिन्हा | Updated: April 5, 2024 15:19 IST2024-04-05T15:18:20+5:302024-04-05T15:19:56+5:30
Ujiarpur Bihar LS polls 2024: लालू यादव अभी तक वे कोई उम्मीदवार नहीं लाए हैं। इस बार आलोक मेहता को लाने की अटकलें हैं।

Nityanand rai
Ujiarpur Bihar LS polls 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने अपने खिलाफ उजियारपुर से राजद के द्वारा उम्मीदवार उतारे जाने को लेकर लालू यादव परिवार को चुनौती दे दी है। उन्होंने शुक्रवार कहा कि ऐसी अटकलें हैं कि आलोक मेहता मेरे खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले मैंने लालू यादव को चुनौती दी थी कि वे अपना उम्मीदवार लेकर आएं। अगर वह (नित्यानंद) चुनाव हार गए तो राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि अगर लालू यादव के उम्मीदवार हार गए तो लालू और उनका पूरा परिवार राजनीति छोड़ देगा। लेकिन लालू यादव अभी तक वे कोई उम्मीदवार नहीं लाए हैं। इस बार आलोक मेहता को लाने की अटकलें हैं। अब देखते हैं आगे-आगे होता है क्या।
बता दें कि उजियारपुर में 13 मई को चुनाव है। पिछली बार उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के नित्यानंद राय ने दो लाख 77 हजार 278 मतों से रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को परास्त किया था। नित्यानंद राय को पांच लाख 43 हजार 908 वोट मिले थे, वहीं उपेंद्र कुशवाहा को दो लाख 66 हजार 628 वोट मिले थे।
वहीं 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नित्यानंद राय को 317352 वोट आए थे। उनके मुकाबले राजद के आलोक कुमार मेहता 2,56,883 वोट लाये थे, जबकि जदयू उम्मीदवार को 1,19,669 वोट आए थे। इसतरह पिछले दो चुनावों में नित्यानंद राय की बड़ी जीत हुई है।