बीस लाख रुपये मूल्य के तंबाकू उत्पाद जब्त, दो गिरफ्तार
By भाषा | Published: February 27, 2021 10:52 AM2021-02-27T10:52:05+5:302021-02-27T10:52:05+5:30
ठाणे, 27 फरवरी जिले के मीरा भायंदर इलाके में पुलिस ने 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किया है।
एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की सुबह मीरा भायंदर - वसई विरार पुलिस ने मुंबई अहमदाबाद राजमार्ग के वर्सोवा नाके पर यह सामग्री जब्त की और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
मीरा भायंदर - वसई विरार पुलिस के प्रवक्ता तुकाराम तत्कार ने बताया ‘‘पुलिस को गुटखा और अन्य प्रतिबंधित उत्पाद मुंबई ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस आधार पर जाल बिछाया गया। जांच के दौरान एक वाहन से 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किया है।’’
उन्होंने बताया कि वाहन चालक मोहम्मद अमीन जब्बार खान और क्लीनर मोहम्मद जुनैद लियाकत खान को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।