Super Infinity: देश के मशहूर शिक्षक और “सुपर 30” के संस्थापक आनंद कुमार ने आज अपने बहुप्रतीक्षित डिजिटल शिक्षा अभियान “सुपर इन्फिनिटी” का आधिकारिक लॉन्च कर दिया है. जारी किए गए भावनात्मक और सिनेमाई एनीमेशन वीडियो ने सोशल मीडिया पर आते ही लोगों का ध्यान आकर्षित किया. छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे शिक्षा की दुनिया में एक नई शुरुआत बताया.
दरअसल, “सुपर इन्फिनिटी” केवल एक ऑनलाइन क्लास प्लेटफ़ॉर्म नहीं है, बल्कि मैथमेटिक्स को कहानी, एनीमेशन और संगीत वास्तविक जीवन के अनुभवों के माध्यम से रोचक बनाने का एक वैश्विक प्रयास है. इस पहल का उद्देश्य उन लाखों बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है जो संसाधनों की कमी या अवसरों के अभाव में अपने सपनों से दूर रह जाते हैं. लॉन्च के दौरान आनंद कुमार ने कहा कि “हर साल सुपर 30 में केवल 30 बच्चों का चयन हो पाता था, लेकिन दिल में हमेशा एक सवाल रहता था, बाकी लाखों सपनों का क्या? “सुपर इन्फिनिटी” उसी सवाल का जवाब है.” यह प्रयास सिर्फ एक ऑनलाइन क्लासेज नहीं है बल्कि एक आंदोलन है.
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट को उनकी छोटी सी टीम ने सालों की कड़ी मेहनत से तैयार किया है. “सुपर इन्फिनिटी” के माध्यम से छात्र केवल फार्मूले नहीं सीखेंगे, बल्कि सब्जेक्ट को महसूस करते हुए यह समझेंगे कि गणित हमारे जीवन, संगीत, प्रकृति और ब्रह्मांड से कैसे जुड़ा हुआ है. धीरे-धीरे “सुपर इन्फिनिटी” पर आनंद कुमार का लेक्चर दुनिया के कई विदेशी भाषाओं में भी उपलब्ध होगा. यह मंच बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों, अभिभावकों और गणित प्रेमियों को भी एक नया अनुभव देने का प्रयास करेगा. खास बात यह है कि आनंद कुमार सुपर इन्फिनिटी डॉट कॉम के साथ-साथ यूट्यूब चैनल पर भी सक्रिय होंगे. जून से इन्फिनिटी डॉट कॉम पर शुरू होना ऑनलाइन क्लासेज.
“सुपर इन्फिनिटी” सिर्फ़ पढ़ाई का ही प्लेटफार्म नहीं होगा बल्कि ऐसी प्रेरणादायक फिल्में भी बनाएगा जो सपनों को हौसला देंगी. बता दें कि आनंद कुमार पिछले लगभग 30 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनके "सुपर 30” अभियान ने आर्थिक रूप से कमजोर सैकड़ों छात्रों को आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंचाया है. उनके इस प्रयास की तारीफ पूरी दुनिया के मीडिया में हुई है. उनके जीवन पर बनी फिल्म सुपर 30 को भी देश-विदेश में व्यापक सराहना मिली है. 2023 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया है.