दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 को लेकर भारतीय जनता पार्टी की दिवगंत नेता सुषमा स्वराज के पति स्वराज कौशल ने ट्वीट किया है। स्वराज कौशल ने ट्वीट कर सुषमा स्वराज का संदेश साझा किया है। ट्वीट कर स्वराज कौशल ने लिखा, एक बात सुषमा स्वराज हमेशा कहती थीं कि एकजुट बीजेपी को दिल्ली में कोई नहीं हरा सकता है। कौशल स्वराज ने दिल्ली चुनाव पर एक बाद एक किए कई ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, ''8 तारीख को दिल्ली में चुनाव होने वाला है। सुषमा स्वराज हमेशा कहा करती थीं दिल्ली में एकजुट बीजेपी को कोई नहीं हरा सकता। आज यही हालात हैं, हजारों बीजेपी के कार्यकर्ता आज सड़कों पर हैं। बीजेपी के पास आज मौका है, ऐसे ही आगे बढ़ते रहें।''
एक अन्य ट्वीट में स्वराज कौशल ने लिखा, 'कई मैराथन आखिरी राउंड में जीता जाता है। प्रचार और होर्डिंग बोर्ड से चुनाव नहीं जीते जाते हैं, इसके लिए एक पार्टी की जरूरत होती है। जमीन पर बीजेपी के संगठन का कोई मुकाबला नहीं है।' स्वराज कौशल ने यह ट्वीट एक यूजर के रिप्लाई में दिया है। दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग है और मतगणना 11 फरवरी को होगी। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को समाप्त हो रहा है।
बता दें कि 1998 में सुषमा स्वराज कुछ समय के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री बनी थीं। सुषमा स्वराज का निधन 6 अगस्त 2019 हुआ था।