सुषमा स्वराज का निधन, दिल्ली के AIIMS में ली अंतिम सांस

By रोहित कुमार पोरवाल | Published: August 6, 2019 11:28 PM2019-08-06T23:28:58+5:302019-08-07T01:04:03+5:30

पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज मंगलवार (6 अगस्त ) को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में अंतिम सांस ली।

Sushma Swaraj passes away, BJP Leader rush to Delhi Aiims | सुषमा स्वराज का निधन, दिल्ली के AIIMS में ली अंतिम सांस

पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी नेता सुषमा स्वराज का निधन हो गया। (फाइल फोटो)

Highlightsपूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के निधन से राजनीतिक जगत स्तब्धराष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत राजनीतिक जगत से कई लोगों ने जताई शोक संवेदनाएं

पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार (6 अगस्त ) को निधन हो गया।  वह 67 वर्ष की थीं। उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में अंतिम सांस ली। एम्स के सूत्रों ने बताया कि स्वराज को रात साढ़े नौ बजे से 10 बजे के बीच अस्पताल लाया गया और उन्हें सीधे आपातकालीन वॉर्ड में ले जाया गया। एम्स के चिकित्सकों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर लगते ही नितिन गडकरी, हर्षवर्धन और एसएस अहलूवालिया समेत कई बीजेपी नेता एम्स पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृहमंत्री अमित शाह ने सुषमा स्वराज के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बीजेपी नेता के निधन पर शोक जताया। इसी के साथ राजनीतिक जगत से लोगों के शोक संदेश एक के बाद एक आने शुरू हो गए। देखते ही देखते अस्पताल के बाहर उनके चाहने वालों का जमघट लग गया। 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सुषमा स्वराज के निधन की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ''मैं निशब्द हूं स्तब्ध हूं... विलक्षण प्रतिभा की धनी कुशल संगठन कर्ता, ओजस्वी वक्ता लोकप्रिय जन नायिका, भाजपा की वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन से अत्यंत दुखी हूं। संसदीय कार्य के बाद मंत्रालय पहुंचने के उपरांत आवश्यक कार्य निपटा कर घर पहुंचा ही था कि उन्हें एम्स में भर्ती होने की सूचना मिली तत्क्षण में एम्स की ओर निकल पड़ा वहां यह दर्द विदारक समाचार सुनने को मिला। उनका हंसता मुस्कुराता चेहरा, चेहरे के सामने प्रतीत हो रहा है। मैं निशब्द हूं। उनका आशीर्वाद प्यार हमेशा मिलता रहा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ पूरे देश की जनता खड़ी है उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।''

निधन से कुछ ही घंटों पहले जम्मू कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त करने और राज्य को दो केन्द्रशासित प्रदेशों में बांटने के सरकार के कदम से बेहद प्रसन्न स्वराज सुषमा स्वराज ने आर्टिकल 370 को हटाए जाने को लेकर ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बंधाई दी थी। उन्होंने संदेश में लिखा था कि वह अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी। गौरतलब है कि भाजपा की वरिष्ठ नेता का 2016 में गुर्दा प्रतिरोपित किया गया था और स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था। उनके परिवार में पति स्वराज कौशल और बेटी बांसुरी हैं।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया। मोदी ने ट्वीट किया,‘‘भारतीय राजनीति में एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया। भारत एक असाधारण नेता के निधन से शोकसंतप्त है, जिन्होंने जनसेवा और निर्धनों के जीवन में सुधार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। सुषमा जी अपने आप में अलग थीं और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत थीं।’’


पीएम मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, ''सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनकर बेहद सदमे में हूं। देश ने एक बहुत ही प्रिय नेता को खो दिया है जो सार्वजनिक जीवन में गरिमा, साहस और अखंडता का प्रतीक रहा। वह कभी भी दूसरों की मदद करने के लिए तैयार रहती थीं, उन्हें भारतवासियों की सेवा करने के लिए हमेशा याद किया जाएगा।''



सुषमा स्वराज के निधन की खबर लगते ही बीजेपी के कई नेता एम्स पहुंचे। 

गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी की दिग्गज नेता रहीं सुषमा स्वराज के निधन पर ट्ववीट कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सुषमा स्वराज के निधन को भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।

राहुल गांधी ने सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सुषमा एक ऐसी अदभुत नेता थीं जिनके सभी पार्टियों के लोगों से मित्रवत रिश्ते थे। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''सुषमा स्वराज जी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूँ। वह एक अद्भुत नेता थीं जिनकी पार्टी लाइन से इतर मित्रता थी।'' उन्होंने कहा, ''दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ऊॅं शांति।''

योगी ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुषमा स्वराज एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वह उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की मंत्री के रूप में स्वराज की सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेशों में भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए सुषमा स्वराज के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

गोवा के मुख्यमंत्री, नेता विपक्ष ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वरिष्ठ भाजपा नेता को मंगलवार रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच दिल्ली स्थित एम्स के आपातकालीन वार्ड ले जाया गया। थोड़ी देर बाद उनका निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। सावंत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह गोवा से काफी करीब से जुड़ी थीं। वह बहुत मजबूत नेता थीं, जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया। यह भाजपा और राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है।’’ गोवा के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विदेश मंत्री के रूप में अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने विभिन्न देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए।’’ तटीय राज्य के नेता प्रतिपक्ष दिगंबर कामत ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘महान नेता को मेरी श्रद्धांजलि। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना।’’

(भाषा इनपुट के साथ)
 

Web Title: Sushma Swaraj passes away, BJP Leader rush to Delhi Aiims

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे