लाइव न्यूज़ :

राणे ने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई : शिवसेना

By भाषा | Updated: August 26, 2021 14:06 IST

Open in App

शिवसेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे ने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई है और राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ दिए विवादित बयान के मामले में उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की गई । शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के सम्पादकीय में दावा किया कि ‘‘केन्द्रीय मंत्रिमंडल में राणे के अब कुछ ही दिन बचे हैं।’’ गौरतलब है कि यह पूरा विवाद सोमवार को राणे की मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारने वाली कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। राणे ने रायगढ़ जिले में ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान दावा किया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में ठाकरे यह भूल गए कि देश की आजादी को कितने साल हुए हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने विवादित बयान दिया था। राणे को मामले में मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि महाड की एक अदालत ने मंगलवार देर रात उन्हें जमानत दे दी। उनके इस विवादित बयान के खिलाफ महाराष्ट्र में प्रदर्शन किए गए। मुंबई में राणे के आवास के बाहर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच मंगलवार को झड़प भी हो गई थी। मीडिया में उनकी ‘‘आसन्न गिरफ्तारी’’ की खबरों से नाराज राणे ने अपनी गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले यह भी कहा था कि वह कोई ‘‘आम’’ आदमी नहीं हैं और मीडिया को इस तरह की खबरें दिखाने को लेकर आगाह भी किया था। मराठी दैनिक पत्र ‘सामना’ के सम्पादकीय में कहा गया, ‘‘ क्योंकि राणे कोई आम आदमी नहीं हैं, इसलिए उन्होंने महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा एवं गौरव को ठेस पहुंचाई। भाजपा को कम से कम अब यह समझ में आ जाना चाहिए। महाराष्ट्र के दुश्मन भी राज्य का इस तरह अपमान नहीं करते जैसे राणे ने किया।’’ सम्पादकीय में कहा गया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ राणे की टिप्पणी के मामले में मंत्री के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की गई। शिवसेना ने सम्पादकीय में कहा, ‘‘कानून सभी के लिए समान है....चाहे वह सामान्य व्यक्ति हो या असामान्य। कम से कम अब भाजपा को यह नहीं पूछना चाहिए कि क्या राज्य में कानून का शासन है।’’ ‘सामना’ में कहा गया कि राणे के खिलाफ उसी तरह मामला दर्ज किया गया, जैसे अन्य किसी मामले में किया जाता है। सम्पादकीय में कहा गया, ‘‘ कोई किसी व्यक्ति को धमकी देता है, फिर वह व्यक्ति भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कराता है और फिर पुलिस प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है...राणे के मामले में इससे कुछ भी अलग नहीं हुआ। इसलिए, विपक्षी दल भाजपा का राज्य में तालिबानी शासन होने का दावा निराधार है।’’ राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा राणे के बयान का समर्थन नहीं करती, लेकिन जिस तरह उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, ‘‘ पार्टी 100 फीसदी उनके साथ खड़ी है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया था कि राज्य पुलिस का इस्तेमाल ‘‘बदले की राजनीति’’ के लिए किया जा रहा है। राज्य में कानून का शासन होना चाहिए, ‘‘ तालिबान जैसा शासन’’ नहीं। सम्पादकीय में कहा गया, ‘‘ अगर राणे खुद को महान समझना बंद कर दें, तो उनकी जिंदगी की कई परेशानियां दवा के बिना दूर हो जाएंगी।’’ दैनिक पत्र में कहा गया कि मोदी खुद को ‘‘फकीर’’ कहते हैं जबकि राणे को लगता है कि वह महान हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतसोचें सोचने वाले, हम भी बड़े दिलवाले!, सुनने वालों के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं?

भारतभाजपा में ‘लॉटरी’ बार-बार नहीं खुलती

भारतराजनीति में विचारों का अचार डालने की कला

भारत12 जिला पंचायत चुनाव में 12 जगह महायुती सत्ता, मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा-पंचायत समिति में 125 में से 105 जगह पर महायुती सभापति बनेंगे?

भारतMaharashtra ZP & Panchayat Samiti Results 2026: महायुति को 454 सीटें और एमवीए खाते में 103 सीट, देखिए जिलेवार आंकड़े

भारत अधिक खबरें

भारतअल्केमिस्ट एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड केस से अलग हुए सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन, आखिर कारण

भारतLPG Cylinder Update: सिलेंडर के लिए अब लंबी वेटिंग खत्म! दिल्ली में बस ID कार्ड दिखाओ और 5KG सिलेंडर पाओ

भारतबाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव में दर्शन-पूजन, सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे मंदिर, वीडियो

भारतपश्चिम बंगाल चुनावः 4660 अतिरिक्त मतदान केंद्र?, कुल संख्या 85379 और 23 और 29 अप्रैल को 2 चरणों में पड़ेंगे वोट

भारतTamil Nadu Election 2026: क्या CBSE का नया सिलेबस भाषा विवाद की जड़? सीएम स्टालिन ने कहा- "भाषा थोपने का सुनियोजित प्रयास"