लाइव न्यूज़ :

Padma Awards 2026: 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री से गुमनाम नायक सम्मानित, सूची देख आप भी करेंगे सलाम?, 90 महिलाओं को सम्मान

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 25, 2026 22:27 IST

पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गई हस्तियों में 90 महिलाएं और अनिवासी भारतीय (एनआरआई), भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) तथा प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई) जैसी श्रेणियों के छह व्यक्ति शामिल हैं।

Open in App
ठळक मुद्देप्रख्यात मलयालम पत्रकार पी नारायणन को पद्म विभूषण से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।एई मुथुनायगम (जिनके नेतृत्व में क्रायोजेनिक प्रणोदन प्रणाली विकसित की गई) को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

नई दिल्लीः अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज वामपंथी नेता वीएस अच्युतानंदन को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया जाएगा। सरकार की ओर से रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी बयान में सरकार ने साल 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की, जिनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। इनमें दो ऐसे मामले भी शामिल हैं, जिनमें एक पुरस्कार के लिए दो व्यक्तियों को चुना गया है। बयान के मुताबिक, पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गई हस्तियों में 90 महिलाएं और अनिवासी भारतीय (एनआरआई), भारतीय मूल के लोग (पीआईओ) तथा प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई) जैसी श्रेणियों के छह व्यक्ति शामिल हैं।

इसमें कहा गया है कि धर्मेंद्र और अच्युतानंदन के अलावा सार्वजनिक मामलों के लिए उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस, कला के लिए हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतकार एवं मशहूर वायलिन वादक एन राजम और साहित्य एवं शिक्षा के लिए प्रख्यात मलयालम पत्रकार पी नारायणन को पद्म विभूषण से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।

बयान के अनुसार, पार्श्व गायिका अलका याज्ञनिक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, अभिनेता ममूटी, बैंकर उदय कोटक, मशहूर टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, तमिलनाडु के जाने-माने जठरांत्र रोग विशेषज्ञ कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी, अमेरिका में रहने वाले कैंसर विशेषज्ञ नोरी दत्तात्रेयुडु, सामाजिक कार्यकर्ता एसकेएम मैइलानंदन, अवधनम भजन कलाकार शतावधानी आर गणेश और एसएनडीपी योगम एवं एसएन ट्रस्ट के महासचिव वेल्लापल्ली नटेसन उन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें पद्म भूषण सम्मान के लिए चुना गया है।

बयान में कहा गया है कि ‘एड गुरु’ के रूप में विख्यात पीयूष पांडे, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वीके मल्होत्रा को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसमें कहा गया है कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला से जुड़े भारतीय एयरोस्पेस वैज्ञानिक चंद्रमौली गद्दामनुगु (जिन्होंने आकाश मिसाइल प्रणाली के विकास से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उसकी तैनाती तक मार्गदर्शन किया) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रख्यात वैज्ञानिक एई मुथुनायगम (जिनके नेतृत्व में क्रायोजेनिक प्रणोदन प्रणाली विकसित की गई) को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।

बयान के मुताबिक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पूर्व महानिदेशक (डीजी) राममूर्ति श्रीधर (जिन्होंने कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन को मार गिराने वाली एसटीएफ का नेतृत्व किया था और भारत में सामुदायिक रेडियो के संस्थापक के रूप में विख्यात हैं) और भारत की पहली लाइसेंस प्राप्त निजी रक्षा कंपनी के संस्थापक सत्यनारायण नुवाल (जिन्होंने स्वदेशी गोला-बारूद के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई थी) को भी पद्मश्री से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।

बयान में कहा गया है कि पिछले टी-20 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, भारत को महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में पहली बार जीत दिलाने वाली कप्तान हमरप्रीत कौर, हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया और बलदेव सिंह तथा पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

बयान के अनुसार, अभिनेता आर मधवन, प्रोसेनजीत चटर्जी, ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ फेम अरविंद वैद्य, अनिल कुमार रस्तोगी और गड्डे बाबू राजेंद्र प्रसाद को भी पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है। इसमें कहा गया है कि गृह मंत्रालय के पूर्व अवर सचिव आरवीएस मणि, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व कुलपति एम जगदीश कुमार, प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शशि शेखर वेम्पति और अयोध्या तथा सारनाथ में उत्खनन कार्य का नेतृत्व करने वाले पुरातत्वविद् बुध कृष्ण मणि को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि एक दलित मोची परिवार से आने वाले और अत्याधुनिक अपतटीय निर्माण कंपनी की स्थापना करने वाले उद्यमी अशोक खाडे, धान की 25 से अधिक किस्में विकसित करने वाले कृषि वैज्ञानिक अशोक कुमार सिंह और रेलवे गार्ड के रूप में काम करते हुए प्रेरणादायक साहित्य लिखने वाले दलित लेखक अशोक कुमार हलदर को भी पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।

पूर्व बस परिचालक, बुजुर्ग वाद्ययंत्र वादक पद्म श्री सम्मान के लिए चुने गए

विश्व का सबसे बड़ा निःशुल्क पुस्तकालय स्थापित करने वाले एक पूर्व बस परिचालक, एशिया का पहला इंसानी दूध बैंक बनाने वाली एक बाल चिकित्सक और 90 वर्षीय आदिवासी वादक उन 113 गुमनाम नायकों में शामिल हैं, जिन्हें इस वर्ष पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए चुना गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कभी बस परिचालक रहे अंके गौड़ा ने दुनिया का सबसे बड़ा निःशुल्क पुस्तकालय ‘पुस्तक माने’ स्थापित किया, जहां 20 भाषाओं में 20 लाख से अधिक पुस्तकें और दुर्लभ पांडुलिपियां हैं। कर्नाटक में मैसूरु के नजदीक हरलाहल्ली गांव के निवासी 75 वर्षीय गौड़ा को देश भर के पाठकों को सशक्त बनाने के उनके अनूठे प्रयासों के लिए पद्म श्री से सम्मानित करने का फैसला किया गया है।

इस सूची में गौड़ा के साथ मुंबई की बाल रोग विशेषज्ञ आर्मिडा फर्नांडीज, ‘कालाजार’ या काला ज्वर का पता लगाने के लिए सस्ता परीक्षण विकसित करने वाले श्याम सुंदर और आनुवंशिक रक्त विकार ‘हीमोफीलिया’ के क्षेत्र में अपने कार्यों के लिए चर्चित अनुभवी रक्त रोग विशेषज्ञ सुरेश हंगावड़ी भी शामिल हैं।

आर्मिडा फर्नांडीज ने मां के दूध से वंचित बच्चों के लिए एशिया का ऐसा दुग्ध बैंक बनाया है, जहां पर स्तनपान कराने वाली महिलाएं दूध दान करती हैं। इस सूची में प्राचीन तिब्बती चिकित्सा को बढ़ावा देने वाली लद्दाख की पद्मा गुरमेट, जानवरों के इलाज के लिए आधुनिक विज्ञान के साथ पारंपरिक चिकित्सा का उपयोग करने वाले तमिलनाडु के पशु चिकित्सा वैज्ञानिक पुन्नियामूर्ति नटेसन, हैदराबाद के आनुवंशिकीविद् कुमारसामी थंगराज और अंगदान को प्रोत्साहित करने वाले गुजरात के ‘डोनेट लाइफ’ के संस्थापक नीलेश विनोदचंद्र मंडलेवाला भी शामिल हैं।

पुरस्कार के लिए चुने गये लोगों में मध्यप्रदेश के बुंदेली युद्ध कला प्रशिक्षक भगवानदास रायकवार और हथियार आधारित तमिल मार्शल आर्ट को आगे बढ़ाने वाले पुडुचेरी के के. पजानिवेल भी हैं। आदिवासी वाद्य यंत्र तारपा (लौकी और बांस से बना एक वाद्य यंत्र) के 90 वर्षीय वादक, भीकल्या लड़क्या ढिंडा, मणिपुर के नट संकीर्तन कलाकार युमनाम जातरा सिंह (100), बिहार के लोक नर्तक विश्व बंधु, पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘भापंग’ बजाने वाले राजस्थानी लोक कलाकार गफरूद्दीन मेवाती जोगी को भी इस सूची में जगह मिली है।

गुजराती मंचन कला शैली 'मानभट्ट' के विशेषज्ञ धार्मिकलाल चुनीलाल पांड्या और लुप्त हो रहे पारंपरिक वाद्य यंत्र अलगोजा के संरक्षण के लिए काम करने वाले संगीतकार तागा राम भील को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। ओडिशा के प्रसिद्ध सखी नट लोक रंगमंच अभिनेता सिमांचल पात्रो, नगा लोक रंगमंच गुरु संगयुसांग एस पोंगेनर और असम के मंच सज्जाकार नूरुद्दीन अहमद भी 2026 के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान के लिए चुनी गयी हस्तियों में शामिल हैं।

इस सूची में अन्य 'गुमनाम नायकों' में तमिलनाडु के भजन गायक ओथुवर थिरुथानी स्वामीनाथन, नीलगिरी की सदियों पुरानी कुरुम्बा आदिवासी कला परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले तमिलनाडु के आर कृष्णन , काबरी लोक और आधुनिक संगीत में योगदान देने वाली असम की पोकिला लेकथेपी, और ढोलक को एक प्रमुख एकल वाद्य यंत्र में बदल चुके मीर हाजीभाई कसमभाई ने अपना स्थान बनाया है।

जम्मू-कश्मीर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता बृज लाल भट, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल स्थापित करने वाले बुदरी थाटी, बस्तर ग्रामीण स्वास्थ्य परियोजना के माध्यम से आदिवासियों को सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने वाले रामचंद्र और सुनीता गोडबोले, स्वच्छता के पैरोकार और प्रवर्तक पूर्व आईपीएस अधिकारी इंदरजीत सिंह संधू; और निशी समुदाय की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए काम कर रहे अरुणाचल प्रदेश के तेची गुबिन को भी पद्म श्री के लिए चुना गया है।

सूत्रों ने कहा कि असाधारण योगदान देने वाले आम भारतीयों को सम्मानित करने के सिद्धांत को जारी रखते हुए, इस वर्ष के पद्म पुरस्कार भारत के कोने-कोने के गुमनाम नायकों की एक विस्तृत शृंखला को पहचान प्रदान करते हैं। सूत्रों के अनुसार, इन सभी ने व्यक्तिगत स्तर पर भारी कठिनाइयों और त्रासदियों का सामना करते हुए न केवल अपने चुने हुए क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है,

बल्कि समाज की व्यापक सेवा में भी योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सम्मानित किये जाने वाले लोगों में हाशिए पर रहने वाले लोग और दलित समुदायों के लोग, आदिम जनजातियों के लोग और दूरस्थ एवं दुर्गम इलाकों के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी लोग वास्तव में उन आम भारतीयों का प्रतीक हैं जो चुपचाप अपनी दिनचर्या देश की सेवा में व्यतीत कर रहे हैं।

इस सूची में ओडिशा के संथाली लेखक-संगीतकार चरण हेमब्रम, 60 साल से अधिक समय से पूरे भारत में हिंदी के प्रचार प्रसार में जुटे वरिष्ठ पत्रकार कैलाश चंद्र पंत, कश्मीरी साहित्यकार शफी शौक़ और त्रिपुरा की कोकबोरोक भाषा को बढ़ावा देने में जुटे नरेश चंद्र देबबर्मा भी शामिल हैं। इस सम्मान के लिए चुने गये लोगों में पीतल पर जटिल नक्काशी के विशेषज्ञ मुरादाबाद के चिरंजी लाल यादव शामिल हैं,

तमिलनाडु के कांस्य कला मूर्तिकार राजस्तपति कालियाप्पा गौंडर, महिलाओं को कंथा कढ़ाई कला सिखाने वाली पश्चिम बंगाल की तृप्ति मुखर्जी, और हजारों कारीगरों को जामदानी बुनाई तकनीक सिखाने वाले हरियाणा के खेम राज सुंद्रियाल भी हैं।

केरल की 92 वर्षीय पर्यावरणविद् कोल्लाक्कयिल देवकी अम्मा जी; मेघालय में खासी लोगों की पारंपरिक वनरोपण तकनीकों को बढ़ावा देने वाले हैली वार; और मध्यप्रदेश में 75,000 से अधिक जल संरचनाएं बना चुके मोहन नागर को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।

टॅग्स :पद्म अवॉर्ड्सपद्म भूषणपद्म श्रीपद्म विभूषणधर्मेंद्र
Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटVIDEO: रोहित शर्मा ने पद्म श्री अवॉर्ड मिलने पर दी प्रतिक्रिया, कहा- अपने देश के लिए मैच और ट्रॉफी...

भारत10 ऐसे जिले, आजादी के बाद पहली बार पद्म पुरस्कार?, 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं में शामिल, देखिए जिलेवार सूची

भारतPadma Awards: बिहार के विश्व बंधु, गोपालजी त्रिवेदी और भरत सिंह भारती को सम्मान और पश्चिम बंगाल के 11 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को पुरस्कार

भारतकौन हैं 99 वर्षीय लोक कलाकार सिमांचल पात्रो और मूर्तिकार और कला निर्देशक नूरुद्दीन अहमद, पद्म सम्मान से सम्मानित?

क्रिकेटपद्म पुरस्कार 2026ः 5 खिलाड़ी और 2 कोच को पद्म सम्मान, जानिए कौन हैं ये 7 महान शख्सियत

भारत अधिक खबरें

भारतउत्तर प्रदेश उपचुनाव 2026ः घोसी, फरीदपुर और दुद्धी विधानसभा सीट पर पड़ेंगे वोट?, 2027 विस चुनाव से पहले सेमीफाइनल, सीएम योगी-अखिलेश यादव में टक्कर?

भारतTamil Nadu Polls: बीजेपी कैंडिडेट्स की लिस्ट में अन्नामलाई का नाम नहीं, 'सिंघम' किए गए साइडलाइन या नई जिम्मेदारी की तैयारी

भारतमुख्यमंत्री नीतीश को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा को लेकर सियासत, तेजस्वी ने कहा- ‘असम्‍मान जनक विदाई’, नीरज कुमार बोले- लालू जी की तरह परिवार को सीएम नहीं बनाएंगे?

भारतक्या राघव चड्ढा किसी अन्य दल से जुड़े हुए हैं, पंजाब सीएम मान ने कहा-हां, समोसा और जहाज किराया पर बोल रहे थे और पंजाब मुद्दे पर नहीं, वीडियो

भारतश्रीपेरंबुदूर से उम्मीदवार तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वापेरुन्थगई, 27 उम्मीदवार घोषित, देखिए