Nayab Singh Saini Haryana CM: हरियाणा के पंचकूला में भाजपा विधायकों की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। हरियाणा भाजपा नेताओं ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद जलेबी खिलाई। वह 17 अक्टूबर को लगातार दूसरी बार हरियाणा के सीएम पद की शपथ लेंगे। यानी फिर से हरियाणा में सैनी राज चलेगा। भाजपा की हरियाणा इकाई के नवनिर्वाचित विधायकों ने एक बैठक में सैनी को अपना नेता चुना।
विधायक कृष्ण कुमार बेदी और अनिल विज ने सैनी के नाम का प्रस्ताव दिया था। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने इस संबंध में घोषणा की। मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा के मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे। हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए गए।
राज्य में भाजपा ने तीसरी बार जीत हासिल की है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें प्राप्त की हैं। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता नायब सिंह सैनी ने बुधवार को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से राजभवन में मुलाकात की और राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे कुछ घंटे पहले ही पंचकूला में हुई बैठक में सैनी को सर्वसम्मति से हरियाणा में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।