Nautan Assembly Constituency: बिहार के M-Y समीकरण वाले इस सीट पर नहीं चल पा रहा है लालू यादव का करिश्मा, भाजपा खिला रही है कमल
By एस पी सिन्हा | Updated: June 9, 2025 15:18 IST2025-06-09T15:16:26+5:302025-06-09T15:18:44+5:30
नौतन विधानसभा क्षेत्र में लालू प्रसाद यादव के माई ( मुस्लिम-यादव) मतदाताओं का दबदबा है। लेकिन, इसके बाद भी इस सीट पर उनका जादू नहीं चलता। कोइरी, रविदास और कुर्मी वोटर यहां अपना प्रतिनिधि चुनते हैं।

Nautan Assembly Constituency: बिहार के M-Y समीकरण वाले इस सीट पर नहीं चल पा रहा है लालू यादव का करिश्मा, भाजपा खिला रही है कमल
पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव का चुनावी बयार बहने लगी है। राजनीतिक दल भी अपने उम्मीदवारों के नामों लेकर विचार विमर्श शुरू कर दिया है। राज्य के 243 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से नौतन विधानसभा छठा सीट है। यह एक सामान्य श्रेणी की विधानसभा सीट है। यह पश्चिम चंपारण जिले में स्थित है और पश्चिम चंपारण संसदीय सीट के 6 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। नौतन विधानसभा क्षेत्र में लालू प्रसाद यादव के माई ( मुस्लिम-यादव) मतदाताओं का दबदबा है। लेकिन, इसके बाद भी इस सीट पर उनका जादू नहीं चलता। कोइरी, रविदास और कुर्मी वोटर यहां अपना प्रतिनिधि चुनते हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता केदार पांडेय की कर्मभूमि को लेकर भी नौतन विधानसभा सीट चर्चा में रहा है। 1951 में हुए पहले चुनाव से लेकर साल 1985 तक इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा रहा। लेकिन वर्ष 2015 में इस सीट पर पहली बार भाजपा ने अपना खाता खोला। इसके बाद वर्ष 2020 में भी भाजपा ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।
2015 के विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा के उम्मीदवार नारायण प्रसाद ने जदयू के बद्रीनाथ प्रसाद महतो को 14 हजार से ज्यादा वोट से हराया था। कांग्रेस के टिकट पर पहली बार यहां से परबती देवी विधायक बनी थीं। 1990 में पहली बार कांग्रेस को इस सीट पर हार झेलनी पड़ी और भाकपा के रवाकांत द्विवेदी नौतन से पहले गैर कांग्रेसी विधायक बने थे।
पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडेय यहां से 1967, 1969, 1972 और 1977 में यहां से जीते थे। साल 2000 से बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी की मजबूत पकड़ है। पिछले सात चुनावों में से चार बार यहां जदयू और उसकी मूल पार्टी समता पार्टी ने जीत का परचम लहराया था। 2009 और 2015 में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
नौतन से वर्तमान में भाजपा विधायक नारायण प्रसाद साल 2010 में लोजपा के टिकट पर यहां से चुनाव लड़े थे। तब उन्हें जदयू प्रत्याशी मनोरमा प्रसाद ने हरा दिया था। लेकिन पांच साल बाद नारायण प्रसाद भाजपा के टिकट पर यहां से चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल की।
इसके बाद उन्होंने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 2020 में भी इस सीट पर जीत दर्ज कर भाजपा का झंडा बुलंद किया। इस सीट पर सबसे ज्यादा 2015 में यहां 61.8 फीसदी वोटिंग हुई थी। नौतन विधानसभा में अनुसूचित जाति मतदाताओं की संख्या लगभग 34,577 है, जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 12.45 फीसदी है।
वहीं, अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या लगभग 1,833 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 0.66 फीसदी है। जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 48,046 है जो मतदाता सूची विश्लेषण के अनुसार लगभग 17.3 फीसदी है। यहां ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 273,419 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 98.45 फीसदी है।
वहीं, शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 4,332 है जो 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 1.56 फीसदी है। कुल 2.67 लाख मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.45 लाख (54.3 फीसदी) है। जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1.22 लाख (45.6 फीसदी) है। वहीं ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 20 (0.007 फीसदी) है।