लाइव न्यूज़ :

नड्डा ने एआईयूडीएफ से गठबंधन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा

By भाषा | Updated: March 15, 2021 20:54 IST

Open in App

सुतिया/ढाकुआखाना (असम), 15 मार्च भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि वह जहां भी सत्ता में आती है वहां सिर्फ भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकती है। साथ ही उन्होंने असम में एआईयूडीएफ से गठबंधन को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कभी इस पार्टी को तरुण गोगोई ने खारिज किया था।

सुतिया के चुनावी रैली में नड्डा ने कहा कि 2006 के विधानसभा में जब गठबंधन की बात चली थी तो गोगोई ने बड़े तंज भरे लहजे में पूछा था कि ‘अजमल कौन है?’ (यहां अजमल से तात्पर्य एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से है) और अब कांग्रेस उन्हें ही ‘‘भाई-बंधु’’ बता रही है।

उससे पहले तक राज्य में रहने वाले मुसलमान आव्रजकों को कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक समझा।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘राजनीति और सत्ता वाकई अजीब हैं और इसे हासिल करने के लिए कुछ पार्टियां किसी भी हद को पार कर सकती हैं।’’

असम में 2001 से लगातार 15 साल सत्ता में रही कांग्रेस ने एआईयूडीएफ और छह अन्य दलों के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया है जो 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा नीत राजग के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेगा।

एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन के बारे में बारचाला में अपनी रैली में नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिए कुछ भी करने को तैयार है लेकिन ‘‘मुझे यकीन है कि पार्टी के इस कदम के बाद दिवंगत मुख्यमंत्री (तरुण गोगोई) की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘मैं सोच रहा हूं कि इस बारे में उनके बेटे (कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई) का क्या कहना है। क्या यही उनके पिता की विरासत को आगे ले जाने का तरीका है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि देश ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी भी कुछ राज्य बाकी हैं, लेकिन जल्दी ही सभी राजग का हिस्सा होंगे।’’

ढाकुआखाना में एक अन्य रैली में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने असम में सत्ता मिलने पर पांच बातों की गारंटी का वादा किया है, लेकिन वह सिर्फ ‘भ्रष्टाचार की गारंटी’ दे सकती है।

नड्डा ने यहां एक चुनावी रैली में कहा कि आजकल कांग्रेस के कई नेता असम आ रहे हैं और पांच गारंटी की बात कर रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने हाल ही में असम में चुनाव प्रचार के दौरान पांच-गारंटी वाला अभियान शुरू किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘60 साल तक कांग्रेस के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त रहे, इस कारण पिछले पांच साल से हम सिर्फ गड्ढे भर रहे हैं, सड़कों की मरम्मत कर रहे हैं, दो लेन की सड़कों को चार और छह लेन की बना रहे हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ भाजपा के पास मिशन है, जबकि ‘‘कांग्रेस को तो सिर्फ कमीशन में दिलचस्पी है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ ‘लटकाने’, ‘अटकाने’, ‘भटकाने’ में यकीन रखती है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जोड़ने’ में विश्वास करते हैं। नड्डा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने अपने प्रयासों से असम और पूर्वोत्तर राज्यों को भारत की मुख्यधारा से जोड़ा है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों को राज्य में सर्बानंद सोनोवाल नीत भाजपा सरकार ने मूर्त रूप दिया जिससे असम विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है।

नड्डा ने कहा, ‘‘इस सीट से 27 मार्च को भाजपा के उम्मीदवार नबकुमार डोले को जीत दिलाने की जिम्मेदारी राज्य के लोगों की है और हम आपको आश्वासन देते हैं कि सरकार सभी लंबित कामों को अगले पांच साल में पूरा करेगी।’’

नड्डा चुनाव प्रचार के सिलसिले में आज असम आए हैं।

असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए तीन चरणों में 27 मार्च, एक अप्रैल और छह अप्रैल को चुनाव होने हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतअल्पसंख्यकों पर हमला करने वाले लोगों के साथ सीएम विजयन?, राहुल गांधी ने कहा- 140 में से 100 सीट जीतकर बनाएंगे सरकार?, भाजपा 0 पर आउट?

भारतआप इधर-उधर क्यों घूम रहे हैं?, स्कूल क्यों नहीं जाते?, तो जवाब देते कि बहुत दूर, सीएम योगी ने कहा- अब भैंस के साथ नहीं खेलते बच्चे?, वीडियो

ज़रा हटकेVIDEO: 30 सेकंड में 36 कोड़े से वार; यूपी के मदरसे में 10 साल के मासूम की पिटाई, फुटेज देख कांप जाएंगे आप

कारोबारपश्चिम एशिया संघर्षः भारत मजबूती से उभरा और हालात का डटकर मुकाबला किया?, विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा- युद्ध से करोड़ों लोग परेशान, वीडियो

भारतअल्केमिस्ट एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड केस से अलग हुए सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन, आखिर कारण

भारत अधिक खबरें

भारतLPG Cylinder Update: सिलेंडर के लिए अब लंबी वेटिंग खत्म! दिल्ली में बस ID कार्ड दिखाओ और 5KG सिलेंडर पाओ

भारतबाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव में दर्शन-पूजन, सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे मंदिर, वीडियो

भारतपश्चिम बंगाल चुनावः 4660 अतिरिक्त मतदान केंद्र?, कुल संख्या 85379 और 23 और 29 अप्रैल को 2 चरणों में पड़ेंगे वोट

भारतTamil Nadu Election 2026: क्या CBSE का नया सिलेबस भाषा विवाद की जड़? सीएम स्टालिन ने कहा- "भाषा थोपने का सुनियोजित प्रयास"

भारतFire Accident: ONGC मुंबई हाई प्लेटफॉर्म पर भीषण आग, 10 लोग घायल; राहत और बचाव कार्य जारी