MP: कमलनाथ सरकार के खिलाफ बीजेपी के किसान आक्रोश आंदोलन में कैलाश विजयवर्गीय सहित 247 गिरफ्तार, रिहा
By राजेंद्र पाराशर | Updated: November 5, 2019 05:54 IST2019-11-05T05:54:37+5:302019-11-05T05:54:37+5:30
एसडीएम राकेश त्रिपाठी के अनुसार गिरफतार किए गए सभी भाजपा नेताओं को 50-50 हजार के मुचलका जमानत पर रिहा किया गया है।

MP: कमलनाथ सरकार के खिलाफ बीजेपी के किसान आक्रोश आंदोलन में कैलाश विजयवर्गीय सहित 247 गिरफ्तार, रिहा
प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ सोमवार को किसान आंदोलन किया गया। तरणताल चौराहे से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने जाते समय भाजपाईयों को गिरफतार किया गया।बाद में दशहरा मैदान में अस्थाई जेल से प्रशासन और पुलिस ने 247 गिरफतार भाजपाईयों को रिहा किया।आंदोलन भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं सांसद अनिल फिरोजिया के नेतृत्व में किया गया।
भाजपाईयों का आरोप था कि जबसे कांग्रेस की सरकार आई, तभी से प्रदेश के किसानों पर उपेक्षा के बादल मंडराने लगे । कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, वह सभी वादों से मुकर गई है। इतना ही नहीं अतिवृष्टि के कारण अपनी फसलों को पूरी तरह बर्बाद होते देखने के बाद किसान खुद को असहाय और ठगा सा महसूस कर रहा है।
इस विषम परिस्थिति में भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार कुम्भकर्णी नींद में सो रही है। सरकार ने मुआवजा देना तो छोड़िए, ठीक से सर्वे कराना भी आवश्यक नहीं समझा। किसान भाइयों के हितों के लिए किसान विरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ किसान आक्रोश आंदोलन किया गया है।
आंदोलन के कुछ देर बाद जैसे ही भाजपाईयों ने कलेक्टोरेट के घेराव का रूख किया पुलिस ने पूर्व से लगाए बेरिकेट्स के आगे उन्हे जाने से रोक दिया।यहां काफी देर तक पुलिस से भाजपाईयों की जद्दोजहद होती रही ।बाद में पुलिस ने 247 भाजपाईयों की गिरफतारी ली।सभी को दशहरा मैदान अस्थाई घोषित जेल से मुचलका जमानत पर रिहा किया गया।
एसडीएम राकेश त्रिपाठी के अनुसार गिरफतार किए गए सभी भाजपा नेताओं को 50-50 हजार के मुचलका जमानत पर रिहा किया गया है।इनमें सांसद फिरोजिया एवं उज्जैन उत्तर- दक्षिण के विधायक शामिल हैं।एएसपी शहर रूपेश द्विवेदी के अनुसार मुचलका जमानत के आधार पर तत्काल ही प्रशासनिक आदेश आधार पर भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित 247 भाजपा नेताओं को रिहा किया गया।