स्थानीय निकाय चुनावः 286 में से 212 सीट पर जीत?, अशोक चव्हाण बोले- भाजपा के 3,300 पार्षद निर्वाचित, जनवरी 2026 में 29 नगर निगमों चुनावों पर असर दिखेगा?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 21, 2025 21:34 IST2025-12-21T21:34:03+5:302025-12-21T21:34:49+5:30
maharashtra Local body elections: 48 प्रतिशत सदस्य भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं। कुल 129 भाजपा उम्मीदवार नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं और 75 प्रतिशत स्थानीय निकायों में महायुति के उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं।

file photo
छत्रपति संभाजीनगरः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अशोक चव्हाण ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों से पता चलता है कि लोग केवल विकास का समर्थन करते हैं और आलोचना को नकारते हैं। चव्हाण ने पत्रकारों से कहा, “जनता ने दिखा दिया कि वे रचनात्मक कार्य चाहते हैं, केवल आलोचना से काम नहीं चलेगा। उन्होंने हमारे (भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को) पक्ष में मतदान किया क्योंकि राज्य और केंद्र सरकारें विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी लगन से काम कर रही हैं।”
पूर्व मुख्यमंत्री और नांदेड़ जिले के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चव्हाण इस साल की शुरुआत में भाजपा में शामिल हो गए थे। चव्हाण 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की शानदार जीत के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “नांदेड़ में भाजपा ने जिले की तीन नगर परिषदों के साथ-साथ अन्य दो परिषदों पर भी जीत हासिल की।
हम देखेंगे कि अन्य स्थानों पर क्या हुआ , जहां संबंधित विधायक (चुनाव रणनीति के लिए) जिम्मेदार हैं। हम एक समीक्षा बैठक बुलाएंगे।” भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव परिणाम अगले महीने होने वाले 29 नगर निगमों के आगामी चुनावों पर असर डालेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों में रिकॉर्ड बनाया है, जिसमें 48 प्रतिशत पार्षद पार्टी के चिह्न पर जीते हैं।
पार्टी के उम्मीदवार 129 नगर परिषदों के अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महायुति गठबंधन की सफलता का श्रेय भाजपा के संगठन और सरकार के विकास एजेंडे को दिया। फडणवीस ने कहा, “48 प्रतिशत पार्षद भाजपा के चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। भाजपा ने 3,300 पार्षदों के निर्वाचित होने के साथ एक और रिकॉर्ड बनाया है।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में ‘महायुति’ की सफलता भाजपा संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी नगर निगम चुनावों में गठबंधन और भी बेहतर प्रदर्शन करेगा। फडणवीस ने कहा, “यह संगठन और सरकार दोनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान का नेतृत्व किया और मैंने कभी किसी राजनीतिक नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की।” मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विकास एजेंडा, अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर वोट मांगे।
उन्होंने कहा, "पहली बार मैंने शत-प्रतिशत सकारात्मक वोट मांगे थे, और लोगों ने हमें शत-प्रतिशत सकारात्मक वोट दिए।" महाराष्ट्र की 286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए हुए चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में भाजपा, अजित पवार की राकांपा और शिंदे की शिवसेना के ‘महायुति’ गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक बार फिर चुनाव में "सबसे बड़ी" पार्टी बनकर उभरी है। फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा और ‘महायुति’ पर भरोसा जताया है।’’ उन्होंने कहा, “48 प्रतिशत सदस्य भाजपा के चुनाव चिह्न पर निर्वाचित हुए हैं। कुल 129 भाजपा उम्मीदवार नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं और 75 प्रतिशत स्थानीय निकायों में महायुति के उम्मीदवार अध्यक्ष चुने गए हैं।”
फडणवीस ने कहा कि भाजपा के लगभग 3,300 पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जो पार्टी के लिए एक "रिकॉर्ड" है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासोन्मुखी शासन ने पूरे देश में सकारात्मक माहौल बनाया है, जिससे पार्टी को लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और नितिन नवीन जैसे वरिष्ठ नेताओं द्वारा महाराष्ट्र नेतृत्व पर जताए गए भरोसे के कारण ही यह जीत संभव हो पाई। फडणवीस ने कहा कि इस सफलता का श्रेय विशेष रूप से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और साथ मिलकर काम करने वाली पूरी टीम को जाता है।
उन्होंने कहा कि ‘महायुति’ के सहयोगी दलों ने इस चुनाव में जहां संभव हुआ वहां गठबंधन करते हुए सौहार्दपूर्ण ढंग से चुनाव लड़ा और जहां गठबंधन संभव नहीं हो सका वहां भी सौहार्दपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा, “मैं महाराष्ट्र की जनता को विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने एक साल पहले विधानसभा चुनावों में हमें जो जनादेश दिया था, उसे दोहराया है।”
उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा को और बड़ी सफलता मिलेगी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत राज्य के 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन होगी।