बेंगलुरु/हुब्बली, 29 जुलाई मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ और समय लगने का संकेत देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा करने के बाद निर्णय लेंगे।
बोम्मई ने कहा, “मैं कल सुबह दिल्ली जा रहा हूं, वहां मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात करूंगा। (मुख्यमंत्री के तौर पर) यह मेरी पहली यात्रा होगी। मैं उनका आशीर्वाद लेने जाऊंगा।”
बाढ़ प्रभावित उत्तर कन्नड़ जिले की यात्रा के दौरान हुब्बली पहुंचने पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि दो तीन दिन में उनकी यात्रा के बाद वह मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का समय मांगेंगे।
इस बीच मंत्रिमडंल में पद चाहने वाले नेताओं ने लॉबिंग शुरू कर दी है। मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने वाले नेताओं के बाबत सवाल पूछे जाने पर बोम्मई ने आज बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा, “यह आम बात है। एक बार कोई मुख्यमंत्री बनता है तो उसे मंत्रिमंडल विस्तार करना होता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने बुधवार को उनसे फोन पर बात की और शुभकामनाएं दी। बोम्मई ने कहा, “जब मैं केंद्रीय नेतृत्व से मिलने दिल्ली जाऊंगा, तब मैं राज्य से संबंधित लंबित परियोजनाओं और मुद्दों के बारे में कर्नाटक के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करने का प्रयास करूंगा।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार से बात की है। शेट्टार ने नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है।
बोम्मई ने कहा कि वह शेट्टार से व्यक्तिगत रूप से बात करेंगे और पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे। इस बीच कुछ कुरुबा संतों ने भाजपा से आग्रह किया है कि समुदाय से आने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेता के एस ईश्वरप्पा को उप मुख्यमंत्री बनाया जाए।
संतों ने कहा, “पार्टी के निर्माण में ईश्वरप्पा ने योगदान दिया है और उन पर कोई दाग नहीं है, इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए था। लेकिन अभी बोम्मई उस पद पर हैं इसलिए, ईश्वरप्पा को उप मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। हमें विश्वास है कि भाजपा का नेतृत्व इस संबंध में उचित निर्णय लेगा।”
ईश्वरप्पा कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री और मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी का निर्णय मान्य होगा। उन्होंने कहा, “मैं एक भाजपा कार्यकर्ता हूं। विभिन्न समुदायों के संतों और नेताओं ने कहा है कि मुझे उप मुख्यमंत्री बनाया जाए। मैं बन भी सकता हूं, मैं यह नहीं कह रहा कि बन ही जाऊंगा, इसका निर्णय पार्टी करेगी। मैं पार्टी के निर्णय का पालन करूंगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।