Holi-Namaz Clash: देश भर में होली त्योहार को लेकर खुशियां ही खुशियां है। कई साल के बाद होली का त्योहार 14 मार्च यानी शुक्रवार को मनाया जाएगा। आज होलिका दहन है। शुक्रवार को जुमे नमाज भी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश सहित कई राज्य में प्रशासन अलर्ट पर है। होली समारोहों के मद्देनजर 14 मार्च को संभल शाही जामा मस्जिद में शुक्रवार की नमाज अब दोपहर 2:30 बजे होगी, मस्जिद के अध्यक्ष जफर अली ने घोषणा की। त्योहार के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रार्थना समय में बदलाव किया गया है। अली ने दोनों समुदायों के सदस्यों से होली मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल में शुक्रवार की नमाज अदा करने का आग्रह किया। लोगों को उन क्षेत्रों से बचने की सलाह दी, जहां होली के रंग खेले जा रहे हैं।
Holi-Namaz Clash: त्योहार को परंपरा के अनुसार एकसाथ मनाएं
सत्तापक्ष और विपक्ष के कई संसद सदस्यों ने शुक्रवार को होली तथा जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के मद्देनजर लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया। पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि देश में कोई अप्रिय घटना न हो। त्योहार को परंपरा के अनुसार एकसाथ मनाएं, जैसे पहले मनाया जाता था। देश में शांति बनी रहेगी।
Holi-Namaz Clash: हरिद्वार के मुस्लिम समाज ने सौहार्द की मिसाल पेश की
होली और जुमे की नमाज को लेकर दोनों समुदायों के बीच चल रही बयानबाजी के बीच धर्मनगरी हरिद्वार के मुस्लिम समाज ने सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए अपनी नमाज पढ़ने का समय बदल दिया है। ज़मीयत उलेमा-ए-हिन्द के उत्तराखंड प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और ज्वालापुर के सबसे बड़े मदरसे के प्रबंधक मौलाना आरिफ कासमी ने कहा कि रमजान में जुमे की नमाज और होली एक ही दिन पड़ रहे हैं।
जिसे देखते हुए हमने बीच का रास्ता निकाला है। हमने जुमे की नमाज पढ़ने का समय बदल दिया है ताकि किसी को दिक्कत न हो और हिन्दू एवं मुसलमान दोनों में भाईचारा और अमन-चैन कायम रहे। अमूमन जुमे की नमाज दोपहर पौने एक बजे से सवा दो बजे तक होती है लेकिन होली को देखते हुए हरिद्वार के शहरी क्षेत्रों में नमाज अपने तयशुदा समय से एक से डेढ़ घंटे देरी से यानी दोपहर ढाई बजे पढ़ी जाएगी।
Holi-Namaz Clash: होली के जश्न में दो घंटे के विराम का आह्वान किया
बिहार के दरभंगा की महापौर ने जुमे की नमाज के दौरान होली के जश्न में दो घंटे के विराम का आह्वान किया है, जिसे लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया और दावा किया कि उनके बयान की ‘‘गलत व्याख्या’’ की गई है और वह ‘‘माफी मांगने के लिए तैयार हैं।’’ दरभंगा में हाल में प्रशासन की शांति समिति की बैठक में महापौर अंजुम आरा ने यह बात कही थी।
अंजुम आरा ने कहा, ‘‘मैंने सुझाव दिया था कि जुमे की नमाज का समय टाला नहीं जा सकता इसलिए अपराह्न 12 बजे से अपराह्न दो बजे तक दो घंटे के दौरान हिंदू समुदाय के लोग मस्जिदों के आसपास वाले इलाकों में जाने से बचें।’’ महापौर ने कहा, ‘‘इससे दोनों धर्मों के लोग बिना किसी परेशानी के अपनी-अपनी परंपराएं निभा सकेंगे। हम समझते हैं कि होली साल में एक बार ही आती है लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि मुसलमानों के लिए यह रमजान का पाक महीना है।’’ मधुबनी जिले से भाजपा विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल ने महापौर की इस टिप्पणी पर असंतोष प्रकट किया है।
Holi-Namaz Clash: अयोध्या की सभी मस्जिदों में नमाज दोपहर 2 बजे के बाद
होली के त्योहार के मद्देनजर अयोध्या की सभी मस्जिदों में शुक्रवार (जुमा) की नमाज दोपहर दो बजे के बाद अदा की जाएगी। अयोध्या के एक अहम मौलवी मोहम्मद हनीफ ने शुक्रवार की नमाज के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अयोध्या स्थित मस्जिद सराय की कमेटी के अध्यक्ष हनीफ ने कहा कि होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया जाएगा।
हनीफ ने कहा, "होली के त्योहार के समय को ध्यान में रखते हुए, हमने सभी मस्जिदों को दोपहर दो बजे के बाद जुमे की नमाज अदा करने का निर्देश दिया है, क्योंकि जुमे की नमाज शाम 4:30 बजे तक पढ़ी जा सकती है।" सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने के प्रयास के तहत अयोध्या में तब्लीगी जमात मरकज के 'अमीर' हनीफ ने लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
Holi-Namaz Clash: होलिका दहन केवल स्थापित स्थानों पर ही किया जाएगा
अयोध्या के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र विजय सिंह ने त्योहार के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर ही करने की अनुमति होगी। सिंह ने कहा, "सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, होलिका दहन केवल स्थापित स्थानों पर ही किया जाएगा। नए स्थानों पर इसे प्रतिबंधित किया गया है।"
आपात स्थिति से निपटने के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। डीएम ने कहा, “हम व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर रहे हैं। प्रशासन सतर्क है, खासकर रमजान के पवित्र महीने के चलते। शांतिपूर्ण त्योहार सुनिश्चित करने के लिए शहरों और गांवों में धार्मिक नेताओं और समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ शांति समिति की बैठकें की जा रही हैं।”
Holi-Namaz Clash: माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने होली, जुमे की नमाज और ईद समेत आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज करते हुए सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Holi-Namaz Clash: बरेली में सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था
बरेली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ राकेश सिंह ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। आईजी सिंह ने कहा कि यह निर्देश दिया गया है कि पुलिस के मीडिया प्रकोष्ठ में नियुक्त सभी कर्मी कुशल हों और सोशल मीडिया संचालन में सक्रिय रूप से रुचि रखते हों।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्रकोष्ठ में सतत निगरानी हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी 24 घंटे लगाई जाए। मीडिया प्रकोष्ठ में नियुक्त कर्मियों द्वारा न्यूज चैनलों,सोशल साइट्स एवं व्हाट्सएप ग्रुप पर सतत निगरानी की जाए। जनपदों में थानावार बने डिजिटल वालंटियर ग्रुप में जुड़े सदस्यों की उपस्थिति व सक्रियता की समीक्षा कर ली जाए व उनसे समन्वय स्थापित कर लाभप्रद सूचनाओं का आदान प्रदान करते रहें।
Holi-Namaz Clash: राष्ट्रीय राजधानी में 100 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई
राष्ट्रीय राजधानी में होली और रमजान के जुमे (शुक्रवार) की नमाज से पहले राष्ट्रीय राजधानी में 100 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। होली का त्योहार रमजान के महीने के दौरान शुक्रवार के दिन है जब जुमे की नमाज अदा की जाती है। अधिकारी ने कहा, ‘‘आगामी होली और शुक्रवार की नमाज के दौरान किसी को भी कानून-व्यवस्था को भंग करने नहीं दिया जायेगा।’’ उन्होंने कहा कि पुलिस ने 100 से अधिक संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली है जहां अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे।
Holi-Namaz Clash: निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व इस अवसर पर अशांति फैलाने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। एक सूत्र ने बताया कि हमने भजनपुरा, दिलशाद गार्डन, जगतपुरी, खजूरी खास, जाफराबाद, जहांगीरपुरी, आजादपुर, सीलमपुर, ओखला, चांद बाग, खजूरी, मुस्तफाबाद, शिव विहार, जाफराबाद, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, त्रिलोकपुरी और जामिया नगर को संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल किया है।’’ पुलिस ने कहा कि निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
Holi-Namaz Clash: लखनऊ ईदगाह स्थित जामा मस्जिद में नमाज का समय दोपहर 2 बजे
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया’ के प्रमुख मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने सभी मस्जिद कमेटियों से रमजान के दूसरे जुमे की नमाज का वक्त बढ़ाकर दो बजे करने की अपील की है। आगामी 14 मार्च को होली और रमजान महीने दूसरा जुमा है। ईदगाह स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज का समय दोपहर 12:45 बजे से बढ़ा कर दोपहर दो बजे करने की घोषणा की।
Holi-Namaz Clash: मुसलमान जुमे की नमाज पढ़ने दूर की मस्जिद में न जाएं
उधर, बरेली में ‘ऑल इंडिया मुस्लिम जमात’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने प्रदेश की मस्जिदों के इमामों से अपील की है कि होली वाले दिन जुमे की नमाज़ का वक्त 2:30 बजे रखा जाए। लखनऊ में फरंगी महली ने जुमे की नमाज का परामर्श जारी करते हुए कहा, ‘‘जुमे की नमाज मुसलमानों की अहम जमात है। दोपहर करीब एक बजे तक होली खेली जाती है। जिन मस्जिदों में जुमे की नमाज 12:30 से एक बजे के बीच होती है, वहां पर नमाज का वक्त दोपहर दो बजे का कर लें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुसलमान जुमे की नमाज पढ़ने दूर की मस्जिद में न जाएं।
अपने मोहल्ले की मस्जिद में ही नमाज अदा करें।’’ फरंगी महली ने उम्मीद जताई कि इस पहल से हमारी गंगा जमुनी सभ्यता, राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारा को बढ़ावा हासिल होगा। उन्होंने यह सुझाव भी दिया, ‘‘14 मार्च को छुट्टी का दिन होगा। इसलिए मुसलमानों को यह सलाह दी जाती है कि वे अपनी नजदीकी मस्जिदों में ही नमाज अदा कर लें। किसी भी प्रकार की यात्रा से बचें।