लाइव न्यूज़ :

पाक से आने वाली गर्म हवाओं के कारण ज्यादा तापमान

By भाषा | Updated: July 2, 2021 17:57 IST

Open in App

नयी दिल्ली, दो जुलाई विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश लाने वाले मौसमी तंत्र का अभाव और पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवा उत्तर भारत के कई हिमालयी और पहाड़ी क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को असामान्य रूप से ज्यादा तापमान का कारण हो सकती है।

देश के सबसे ठंडे स्थानों में से एक लद्दाख के द्रास में तापमान जहां शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला जाता है वहां तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक उत्तर भारत के कई इलाके लू और भीषण लू जैसे स्थितियों का सामना कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा है वहीं सोलन में पारा 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से छह डिग्री ऊपर था। लद्दाख भी लू का सामना कर रहा है।

इसमें कहा गया कि द्रास में तापमान 22.6 डिग्री तो नुब्रा के थोइसे में यह 31 डिग्री सेल्सियस रहा। बुलेटिन के मुताबिक स्ताकना में तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस,लेह में 25.7 डिग्री सेल्सियस, कारगिल में 28.5 डिग्री सेल्सियस और आधार शिविर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आम तौर पर मानसून पूर्व के दिनों में लू या भीषण लू जैसी स्थितियां देखी जाती हैं। कई बार पहाड़ी इलाकों में भी ऐसी स्थितियां देखने को मिलती हैं।

आम तौर पर ठंडे रहने वाले हिमालयी इलाकों में सामान्य से ज्यादा तापमान के बारे में पूछे जाने पर आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा कि इन इलाकों के लिये लू का सामना करना असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा, हालांकि इन इलाकों में दर्ज तापमान सामान्य नहीं हैं।

मोहपात्रा ने कहा कि इस क्षेत्र में मानसून पहले ही कमजोर है। इसने तापमान को सामान्य से ऊपर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, असम और अरुणाचल प्रदेश में जून-जुलाई में अधिकतम तापमान दर्ज किया जाता है।

लू पर काम कर रहे आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र में तापमान सामान्य से ऊपर जाने की संभावित वजह पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवाएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि अगर हवाएं ऊपरी स्तर पर पांच से छह किलोमीटर पर बह रही हों तब पहाड़ी क्षेत्रों में मौजूदा लू जैसे हालात की एक वजह यह हो सकती है। कुमार ने कहा कि यह हवा मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने की वजह है। आईएमडी ने बृहस्पतिवार को अगले दो दिनों के लिये लू की चेतावनी जारी की थी।

मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने वाली निजी एजेंसी स्काइमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने कहा कि लद्दाख में कम बारिश हुई और वहां फिलहाल कोई मौसमी तंत्र सक्रिय नहीं है जिससे उत्तर भारत में नमी आए।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टबिहार सिपाही भर्ती घोटालाः मुश्किल में पूर्व डीजीपी एसके सिंघल?, ईओयू ने किया जवाब तलब, गंभीर खामियां सामने

क्रिकेटDC VS MI: रोहित शर्मा ने कूपर कोनोली को पीछे छोड़ा, दिल्ली के खिलाफ छोटी मगर दमदार पारी के बाद ऑरेंज कैप की सूची में शीर्ष पर

क्रिकेटओ भाई बाल-बाल बचा अंपायर! PSL मैच के दौरान शान मसूद के ज़ोरदार शॉट से अंपायर क्रिस गैफ़नी ने गिरकर बचाई अपनी जान, Video

क्राइम अलर्टराजस्थान सड़क हादसाः पुलिस उपनिरीक्षक सहित 4 लोगों की मौत, भरतपुर में तेज रफ्तार कार ने 3 को कुचला

विश्वकर्ज़ में डूबे पाकिस्तान के लिए भारी मुसीबत, यूएई ने इसी महीने 3.5 अरब डॉलर का लोन चुकाने को कहा

भारत अधिक खबरें

भारतबारामती विधानसभा सीटः सुनेत्रा पवार के खिलाफ प्रत्याशी ना उतारें?, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- निर्विरोध जिताएं, सभी दलों से की अपील

भारत'एकनाथ शिंदे और बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के बीच 17 बार फोन पर बातचीत हुई', अंजलि दमानिया का आरोप

भारतमोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारी को किया अगवा और असली आरोपी फरार?, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- निर्दोष लोगों को परेशान कर रही एनआईए

भारतघायल हूं इसलिए घातक हूं?, राघव ने एक्स पर किया पोस्ट, मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता, वीडियो

भारत‘फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार’?, निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाओ, जदयू कार्यकर्ताओं ने पटना में लगाए पोस्टर